चंडीगढ़। सेक्टर-20 में रहने वाले दो नाबालिग स्कूली दोस्तों का मन घूमने के लिए किया और घर में रखे गुल्लक से पैसे लेकर ट्रेन में बैठकर जम्मू पहुंच गए। इधर, मंगलवार से लापता दोनों बच्चों को परिजनों के अलावा पुलिस भी तलाश कर रही थी लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पा रहा था। ऐसे में जम्मू पहुंचने के बाद जब उन्हें खाना-पीना और रहने की जगह नहीं मिली तो परिजनों को फोन किया। इसके बाद सेक्टर-19 थाना पुलिस जम्मू पहुंची और बच्चों को वापस लाकर परिजनों को सौंप दिया। दरअसल, सेक्टर-20बी निवासी नागालिग दोस्त हैं और रोजाना शाम को एक साथ खेलते हैं। बीते मंगलवार की शाम को भी दोनों मिले और कही घूमने जाने की प्लानिंग की। इसके बाद दोनाें अपने-अपने घर गए और गुल्लक तोड़कर उसमें से निकले पैसे लेकर किसी तरह से चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंच गए। यहां से दोनों किसी ट्रेन में बैठकर जम्मू रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए। इधर, देर रात तक बच्चों के घर नहीं आने के कारण परिजन परेशान हो गए और पुलिस को शिकायत दे दी। सोशल मीडिया में बच्चों की फोटो लापता होने संबंधित वायरल की गई, लेकिन 24 घंटे तक भी इनका कोई पता नहीं चल सका। उधर, ट्रेन में बैठकर जम्मू पहुंचे दोनों बच्चों को रहने व खाने-पीने में दिक्कत हुई क्योंकि जो पैसे वह घर से गुल्लक तोड़कर लाए थे, वह उन्होंने यहां पहुंचते ही खाने-पीने में खर्च कर दिए और वापस आने के लिए भी उनके पास कोई पैसा नहीं बचा था। इसके बाद दोनों दोस्त परेशान हो गए और चंडीगढ़ अपने परिजनों को बताया कि वह जम्मू में हैं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और सेक्टर-19 पुलिस ने जम्मू में जीआरपी से संपर्क कर बच्चों को अपने कब्जे में लेने के लिए कहा। इधर, बुधवार को ही सेक्टर-19 पुलिस के जवान जम्मू रवाना हुए जहां पहुंचने के बाद जीआरपी ने उन्हें उनके सुपुर्द कर दिया। इसके बाद पुलिस दोनों बच्चों को लेकर चंडीगढ़ पहुंची और उनके बयान दर्ज कर परिजनों के हवाले कर दिया।