कोरोना: चंडीगढ़ में छह समेत ट्राइसिटी में नौ की मौत, 835 नए पॉजिटिव मिलने से हड़कंप
ट्राइसिटी में शनिवार को जहां कोरोना से 9 और मरीजों ने दम तोड़ दिया, वहीं 835 नए संक्रमितों के मिलने से हड़कंप मच गया। इनमें चंडीगढ़ के 250, मोहाली के 297 और पंचकूला के 288 मरीज शामिल हैं। वहीं, मृतकों में छह चंडीगढ़, दो मोहाली और एक पंचकूला का रहने वाला था। कोरोना के लगातार बढ़ते मामले प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का सबब बने हुए हैं।
250 मरीजों के मिलने के बाद चंडीगढ़ में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 7542 पर पहुंच गया है जबकि मृतकों की संख्या 89 पर पहुंच गई है। वहीं, कोरोन संक्रमित 264 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। चंडीगढ़ में जिन मरीजों की मौत हुई उनमें मलोया के दो, सेक्टर-56 का एक, सेक्टर-39 का एक, बहलाना का एक और एक मरीज धनास का रहने वाला था।
मलोया निवासी 59 साल के पुरुष की 11 सितंबर को जीएमएसएच-16 में जबकि 40 वर्षीय पुरुष की शनिवार को जीएमसीएच-32 में इलाज के दौरान मौत हो गई।
वहीं, सेक्टर-56 निवासी 66 साल के वृद्ध की शनिवार को पीजीआई में, सेक्टर-39 के 54 साल के पुरुष की 11 सितंबर को सेक्टर-48 के हॉस्पिटल में, बहलाना की 48 साल की महिला की शनिवार को जीएमसीएच-32 में, मलोया निवासी 43 साल के पुरुष की शनिवार को जीएमसीएच-32 में जबकि धनास की 17 साल की युवती की 2 सितंबर को जीएमएसएच-16 में मौत हुई थी। कोरोना के कारण जिन 6 मरीजों की मौत हुई है, वह सभी गंभीर बीमारियों से ग्रस्त थे। उन्हें डायबिटीज, किडनी, हाइपरटेंशन, फेफड़े से जुड़ी समस्याएं थीं। कोरोना के साथ ही उनका इन बीमारियों का भी इलाज चल रहा था।
मौत के 10 दिन बाद मिली रिपोर्ट
धनास निवासी 17 साल की जिस किशोरी की मौत 2 सितंबर को जीएमएसएच-16 में पहुंचने पर हुई थी, उसकी कोरोना जांच रिपोर्ट 10 दिन बाद मिली है। उसे एनीमिया, टायफाइड, विटामिन बी12 डिफिशिएंसी थी। चौंकाने वाली बात यह है कि स्वास्थ्य विभाग यह दावा कर रहा है कि कोरोना की जांच रिपोर्ट 15 मिनट में रैपिड टेस्ट से जबकि 48 घंटे में आरटीपीसीआर के जरिए उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, मौत वाले मामले में रिपोर्ट का 10 दिन बाद आना उनके दावे की सच्चाई बयां कर रहा है।
मोहाली में मिले 297 हुए संक्रमित
मोहाली में शनिवार को कोरोना की वजह से दो लोगों की मौत हो गई जबकि 297 नए संक्रमित सामने आए। वहीं, 257 संक्रमितों ने कोविड को मात देकर जिंदगी की जंग जीती है। सिविल सर्जन मोहाली डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि कोरोना से जिन दो लोगों की मौत हुई है। उनमें एक मरीज जीरकपुर के रहने वाले 67 साल के बुजुर्ग थे, जिनका पीजीआई चंडीगढ़ से इलाज चल रहा था।
वहीं दूसरी मौत डेराबस्सी निवासी एक 53 वर्षीय महिला की हुई है। वह ग्रेशियन अस्पताल में भर्ती थीं। वहीं, उन्होंने बताया कि इस दौरान मोहाली एरिया में 114 केस, खरड़ में 50, ब्लॉक घडुआं में 57, ढकौली में 53, डेराबस्सी में 7, बूथगढ़ में 10, लालड़ू में 1, कुराली में 4 और बनूड़ में 1 कोरोना संक्रमित सामने आया है। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 6357 कोरोना संक्रमित केस सामने आ चुके हैं और अभी 2105 लोग सक्रिय हैं। वहीं 4124 लोग ठीक हो चुके हैं और अब तक कोरोना से 128 लोगों की मौत हो चुकी है।
पंचकूला में मिले 288 नए संक्रमित
पंचकूला में शनिवार को 288 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें पंचकूला के 178 लोग संक्रमित हैं जबकि 100 लोग अन्य जिलों और प्रदेशों से संबंधित हैं। जिले में सर्वाधिक संक्रमित क्षेत्र पिंजौर और कालका हैं। पिंजौर में 20 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है जबकि कालका में यह आंकड़ा 14 है।
इसके अलावा पिंजौर के धरमपुर कॉलोनी निवासी 74 वर्षीय बुजुर्ग ने कोरोना की वजह से दम तोड़ दिया। जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 41 पहुंच गई है। सीएमओ पंचकूला डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की पहचान कर उनके सैंपल लिए जा रहे हैं।
सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि अमरावती एनक्लेव, भगवानपुर, कुंडी, माजरी चौक, एमडीसी सेक्टर-4, नाडा साहिब, सकेतड़ी, सुरजपुर, टिपरा, सेक्टर-7, 9, 14, 25, 30 में एक-एक मामला पॉजिटिव आया है। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र फेस-2, खड़क मंगोली, रामगढ, सरकपुर, टागरा कलीराम, सेक्टर-4 और 24 में दो-दो, बुढनपुर, एमडीसी सेक्टर-5, सेक्टर-17, 26, 28 में 3-3, चंडी मंदिर और सेक्टर-27 में चार-चार, सेक्टर-16, 20, 21 में 5-5, नानकपुर और सेक्टर-10 में 6-6, सेक्टर-2 और 11 में 7-7, सेक्टर-8 में 8, सेक्टर 12ए में 10, सेक्टर-12 व 19 में 11-11, सेक्टर-15 में 12, कालका में 14 और पिंजौर में 20 लोग पॉजिटिव मिले हैं। इन क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कोरोना से संक्रमित लोगों के संपर्क में आए लोगों की लिस्ट तैयार करवाई जा रही है। संपर्क में आए लोगों की रैंडम सैंपलिंग की जाएगी।