हरियाणा में बढ़ा संक्रमण : कोरोना से तीन की मौत, 420 पॉजिटिव मिले, एक दिन में 1.58 लाख लोगों को लगा टीका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा में कोरोना की रफ्तार लगातार तेज होती जा रही है। सोमवार को प्रदेश में संक्रमण के 420 नए मामले सामने आए हैं, जबकि गुरुग्राम, फरीदाबाद और कुरुक्षेत्र में एक-एक मरीज की मौत हुई है। सबसे अधिक गुरुग्राम में 81, कुरुक्षेत्र में 79 और यमुनानगर में 59 केस मिले हैं। वहीं, एक ही दिन में 300 मरीज ठीक होकर घर लौटे। इस समय प्रदेश में रिकवरी दर 97.72 और संक्रमण की दर 4.66 प्रतिशत चल रही है। चरखी दादरी, नूंह, पलवल और रेवाड़ी में कोरोना का एक भी केस नहीं मिला है। शेष जिलों में 30 से नीचे केस मिले हैं।
सीएम के मुख्य प्रधान सचिव मेदांता में भर्ती
सीएम मनोहर लाल के मुख्य प्रधान सचिव डीएस ढेसी को कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में दाखिल कराया गया है। बता दें कि ढेसी ने रविवार को लक्षण मिलने पर सैंपल दिया था और वे कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसके बाद उन्हें मेदांता अस्पताल में दाखिल कराया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय में उनके संपर्क में आने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के सैंपल लिए जाएंगे और क्वांरटीन किया जा रहा है।
टीकाकरण ने पकड़ी रफ्तार
प्रदेश में कोरोना टीकाकरण अभियान ने गति पकड़ ली है। सोमवार को एक दिन में 1.58 लाख लोगों ने कोरोना वैक्सीन लगवाई है। एक दिन में इतनी संख्या में टीकाकरण अपने आप में एक रिकॉर्ड है, क्योंकि पहले चरण में विभाग डेढ़ लाख स्वास्थ्य कर्मचारियों को करीब 15 दिन में कवर कर पाया था।
रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने प्रत्येक सोमवार को मेगा टीकाकरण अभियान के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। इसके तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर टीका लगवाने के लिए जागरूक करने के लिए कहा गया था। इसका असर ये रहा कि एक ही दिन में आंकड़ा डेढ़ लाख तक पहुंच गया।
स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा ने बताया कि टीकाकरण अभियान के प्रति असाधारण प्रतिक्रिया, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में 90 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों की भारी उत्साह को देखते हुए विभाग ने सप्ताह के प्रत्येक सोमवार को मेगा टीकाकरण दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। जिन लोगों को टीका लगाया गया, उनमें से अधिकांश 60 वर्ष से अधिक आयु के और 45 से 60 वर्ष के बीच की आयु के वे लोग थे, जो किसी बीमारी से ग्रस्त हैं। एसीएस ने बताया कि विभाग ने टीकाकरण केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों के आवासों के करीब सुनिश्चित किये हैं, ताकि लोगों को ज्यादा दूर न जाना पड़े।
अंबाला में सबसे अधिक, नूंह में सबसे कम
सोमवार को प्रदेश के अंबाला जिले में सबसे अधिक 20 हजार और नूंह में सबसे कम 1842 लोगों को टीका लगाया गया। गुरुग्राम में 12656, फरीदाबाद में 12728, सोनीपत में 10628, करनाल में 10504, भिवानी में 9449, हिसार में 5755, पानीपत में 4128, रोहतक में 6820, रेवाड़ी में 5029, पंचकूला में 5839, कुरुक्षेत्र में 4177, यमुनानगर में 6541, सिरसा में 7407 ने टीका लगवाया। इसी प्रकार महेंद्रगढ़ में 5345, झज्जर में 7505, पलवल में 6248, फतेहाबाद में 6221, कैथल में 2909, जींद में 2570 और चरखी दादरी में 4600 का टीकाकरण किया गया। अब तक प्रदेश में 681264 लोगों को इंजेक्शन लगवाया जा चुका है।