सोनीपत में मुठभेड़, सरगना समेत रेंचो गैंग के तीन बदमाश गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली
- एसटीएफ गुरुग्राम व सोनीपत की टीम ने बहालगढ़ से नाका तोड़कर भागे बदमाशों को किया गिरफ्तार
- सोहित की गिरफ्तारी पर था 25000 रुपये का इनाम, हत्या समेत आधा दर्जन से अधिक वारदात में वांछित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एसटीएफ ने सोनीपत के सेक्टर-6 में जिमखाना क्लब के पास से मंगलवार तड़के मुठभेड़ के बाद रेंचो गैंग के सरगना और 25000 रुपये के इनामी सोहित उर्फ रेंचो समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। तीनों बदमाश रोहतक के गांव मोखरा के रहने वाले हैं और हत्या और लूट के आधा दर्जन से अधिक मामलों में वांछित थे। वे पेट्रोल पंप लूटने की फिराक में आए थे।
मुठभेड़ में सोहित व उसके साथी राहुल उर्फ काला के पैर में गोली लगी है। वहीं बदमाशों की एक गोली एसटीएफ जवान के सीने पर लगी लेकिन गनीमत रही कि बुलेट प्रूफ जैकेट पहने होने के कारण वह बच गए। डीएसपी एसटीएफ विपिन कादयान ने बताया कि एसटीएफ गुरुग्राम व सोनीपत की टीम मंगलवार तड़के पौने पांच बजे एसटीएफ यूनिट सोनीपत में मौजूद थी।
इसी बीच गुरुग्राम एसटीएफ में नियुक्त एएसआई अशोक कुमार को सूचना मिली कि रोहतक के गांव मोखरा का इनामी बदमाश सोहित उर्फ रेंचो अपने दो साथियों बिजेंद्र उर्फ राहुल और राहुल उर्फ काला के साथ बाइक पर बहालगढ़ के पास पेट्रोल पंप लूट को अंजाम देने की फिराक में हैं।
एसटीएफ ने अधिकारियों को अवगत कराया और एएसआई अशोक के नेतृत्व में एएसआई तेजवीर, एचसी नरेश व सिपाही अनिल, नीरज, सतबीर व चालक एचसी प्रवीन और एसआई रामनिवास के नेतृत्व में एसआई लाजपत, सिपाही बलजीत व सुनील की टीम बनाई गई। रामनिवास की टीम को बहालगढ़ भेजा गया।
वहीं अशोक की टीम सेक्टर-7 बाईपास पर मौजूद रही। इसी बीच सूचना मिली कि बिना नंबर की बाइक पर बदमाश बहालगढ़ के पास नाका तोड़कर सेक्टर-7 जिमखाना की तरफ भागे हैं। जिस पर पुलिस टीम ने जिमखाना क्लब के पास जाल बिछा दिया। इसी बीच बाइक को आता देखकर पुलिस ने पकड़ने का प्रयास किया तो वह भागने लगे। जिस पर उनकी बाइक वहीं पर गिर गई। इसी बीच बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसमें एक गोली अशोक के सीने में आ लगी।
इसके बाद पुलिस ने दो फरार बदमाशों पर फायर किए। इस पर सोहित और राहुल के पैरों में गोली लग गई। उन्हें पकड़ लिया गया। उसके बाद बिजेंद्र को भी काबू कर लिया गया। पुलिस ने घायल सोहित व राहुल को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले में एएसआई अशोक के बयान पर हत्या के प्रयास, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्जकर लिया है। पुलिस आरोपी बिजेंद्र उर्फ राहुल से पूछताछ कर रही है।
चार पिस्तौल व बाइक बरामद
गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने चार पिस्तौल, 13 कारतूस और बाइक बरामद की है। साथ ही एक बैग भी बरामद किया है। आरोपी सोहित उर्फ रेंचो पर तीन दिसंबर को ही 25000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
इन मामलों में हैं नामजद
- मई, 2017 में सदर रोहतक में सरकारी काम में बाधा पहुंचाने व मारपीट के मामला।
- अगस्त, 2017 में सदर भिवानी में अवैध शस्त्र व कार लूट का मुकदमा दर्ज हुआ।
- वर्ष 2019 में कलानौर रोहतक में लूट के मामले में नामजद हुए।
- 10 जनवरी को रोहतक के बहु अकबरपुर थाने में अपहरण व हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ।
- 1 जुलाई को महम रोहतक थाने में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ।
- 13 जुलाई को चोपड़ा कालोनी गोहाना में बोहर के राकेश की हत्या में नामजद हुए। सिटी थाना गोहाना में मुकदमा दर्ज है।
- 6 अक्तूबर को बहु अकबरपुर थाने में हत्या के प्रयास के मामले में नामजद थे।
मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। जिनमें दो को पैर में गोली लगी है। उन्हें पीजीआई रोहतक में उपचार दिलवाया जा रहा है। उनके तीसरे साथी से पूछताछ जारी है। - सतीश देशवाल, प्रभारी, एसटीएफ सोनीपत।