चंडीगढ़: सेक्टर-38 वेस्ट से आज हटेगा कंटेनमेंट जोन, सेक्टर-52 भी कल होगा आजाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूटी प्रशासन ने शहर के 6 हिस्सों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। जहां पर लोगों पर कई तरह की पाबंदियां लगाई गई हैं, लेकिन इनमें से दो इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए अब राहत की खबर है। सेक्टर-38 वेस्ट के एक हिस्से पर लगाया गया कंटेनमेंट जोन बुधवार को हटा लिया जाएगा और सेक्टर-52 भी वीरवार को आजाद हो जाएगा। इस बात की चंडीगढ़ के स्वास्थ्य सचिव ने पुष्टि की है।
केंद्र सरकार की कंटेनमेंट जोन को हटाने को लेकर नई गाइडलाइंस के अनुसार इन दोनों इलाकों में रहने वाले लोगों को राहत दी जा रही है। दोनों इलाकों में पिछले 28 दिन तक कोई भी कोरोना का केस नहीं आया है। प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार सेक्टर-38 वेस्ट में आखिरी केस 29 अप्रैल को आया था और 30 अप्रैल के बाद से सेक्टर-52 में कोई नया मामला सामने नहीं आया है।
मनीमाजरा शास्त्री नगर में आखिरी मामला 2 मई को, धनास की कच्ची कालोनी में 5 मई को आया था। अधिकारियों के अनुसार सेक्टर-38 वेस्ट के उस हिस्से से बुधवार को कंटेनमेंट जोन हटाया जाएगा जहां इसे लगाया गया था। इसके अलावा वीरवार को सेक्टर-52 से कंटेनमेंट जोन को हटाया जाएगा।
शहर के छह हिस्सों के कंटेनमेंट जोन घोषित होने के बाद पाबंदियों के बीच जीने में लोगों को काफी परेशानी हो रही है। बापूधाम को छोड़ कर बाकी अन्य पांचों कंटेनमेंट जोन में बीते काफी समय से कोई कोरोना का नया केस सामने नहीं आया है, बावजूद इसके लोग कैद हैं। इसको लेकर अब लोगों का सब्र का बांध टूटने लगा है और कई ने इसकी शिकायत प्रशासक वीपी सिंह बदनौर से की है।
चंडीगढ़ के स्वास्थ्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से कंटेनमेंट जोन को हटाने को लेकर नई गाइडलाइंस आई हैं। इनके अनुसार जिस भी कंटेनमेंट जोन में पिछले 28 दिन से कोई नया केस नहीं आया है, उसे कंटेनमेंट जोन की सूची से बाहर किया जाएगा और उन पर लगी पाबंदियों को भी हटा दिया जाएगा।
पहले कंटेनमेंट जोन को खत्म करने को लेकर दिशा-निर्देश काफी सख्त थे। पुरानी गाइडलाइंस के अनुसार किसी भी कंटेनमेंट जोन के आखिरी कोरोना के मरीज के डिस्चार्ज होने के 28 दिन बाद ही इस इलाके में कंटेनमेंट जोन को खत्म किया जा सकता था। अब भारत सरकार ने गाइडलाइंस में बदलाव किए हैं।