शिक्षा मंत्री का घर घेरने जा रहे अध्यापकों पर लाठीचार्ज, एक का पैर टूटा, कई हुए जख्मी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब भर के ईटीटी अध्यापकों ने अमृतसर में शिक्षा मंत्री ओम प्रकाश सोनी के घर के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान अध्यापकों पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया। लाठीचार्ज में चार अध्यापक जख्मी हो गए। इनमें दो महिला अध्यापक भी शामिल हैं। एक अध्यापक का पैर बैरिकेड में फंस गया और बैरिकेड अध्यापक के ऊपर गिर गया।
इससे अध्यापक के पैर की हड्डी टूट गई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बैरिकेड के पास पुलिस और अध्यापकों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद गुस्साए अध्यापकों ने शिक्षा मंत्री के घर के बाहर बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करनी शुरू कर दी। शुक्रवार दोपहर तीन बजे एलिमेंट्री टीचर एसोसिएशन के सदस्यों ने हॉल गेट पर विरोध प्रदर्शन किया और फिर सोनी के रानी का बाग स्थित आवास की तरफ बढ़ने लगे।
पुलिस ने सोनी के घर के सभी रास्तों पर बैरिकेड लगा दिए। अध्यापकों ने बैरिकेड को तोड़ने का प्रयास किया। इस कारण पुलिस और अध्यापकों के बीच बैरिकेड के नजदीक धक्का-मुक्की हुई। गुस्साए अध्यापकों ने एक बैरिकेड को तोड़ दिया। स्थिति काबू में न देख पुलिस ने लाठियां भांजकर अध्यापकों को वहां से खदेड़ दिया। इसके बाद अध्यापकों ने सोनी के घर से कुछ ही दूरी पर धरना लगा दिया।
अध्यापकों ने कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर संवेदनशील मंत्री नहीं होगा, अध्यापकों की मांगें स्वीकार नहीं होंगी। संगरूर के नेता बलविंदर सिंह ने कहा कि पुलिस ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों का ज्ञापन देने के लिए सोनी के घर जा रहे अध्यापकों पर लाठी चार्ज किया। महिला अध्यापकों को डंडे मारे गए।
उन्होंने कहा कि सोनी जब तक पक्की नौकरी के लिए नोटिफिकेशन जारी नहीं करते, वे उनके घर के बाहर से धरना नहीं उठाएंगे। अध्यापकों ने आरोप लगाया कि सोनी ने लाठीचार्ज करने के प्रबंध पहले से किए हुए थे। देर शाम समाचार लिखे जाने तक अध्यापक धरना लगा कर बैठे हुए थे। बड़ी संख्या में शिक्षा मंत्री के घर के बाहर पुलिस बल तैनात रहा।