शिमला से ठंडी नारनौल की रात, मनाली से सर्द सिरसा का दिन, पंजाब में स्कूलों का टाइम टेबल बदला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा-पंजाब और चंडीगढ़ भीषण ठंड और शीतलहर की चपेट में आ गया है। लगातार चल रही उत्तरी बर्फीली हवाओं से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हाड़ कंपाती ठंड के कारण लोग घरों में दुबके रहने को मजबूर हैं। सोमवार को इस सीजन की सबसे तेज ठंड पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार नारनौल में न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो इस सीजन का सबसे कम है।
हरियाणा में पड़ रही कड़ाके की सर्दी ने पहाड़ों की रानी शिमला और मनाली को भी पीछे छोड़ दिया है। शिमला में बीती रात का तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मनाली में दिन का अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि सिरसा का अधिकतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
दिन और रात के तापमान में अंतर हुआ कम
हरियाणा वासियों को ठंड से एक सप्ताह तक राहत मिलने वाली नहीं है। हाल यह है कि दिन और रात के तापमान में अंतर काफी कम रह गया है। लगातार कोहरा और धूप नहीं निकलने से रोहतक में दिन और रात के तापमान में महज 3.7 का ही अंतर रह गया है। इससे दिन में ही शीत लहर नश्तर सी चुभन पैदा कर रही है। इधर, मौसम विभाग ने 48 घंटों में घना कोहरा और बादल छाने का पूर्वानुमान जारी किया है। दृश्यता 50 मीटर तक रहेगी। जबकि हाईवे और नेशनल हाईवे पर दृश्यता जीरो रहने की आशंका है। इसका असर रोडवेज, एयरवेज और रेलवे पर दिखेगा।
अब पाला पड़ने की आशंका
नारनौल के कृषि विशेषज्ञ डॉ. नरेश यादव के अनुसार इस समय मौसम गेहूं और सरसों दोनों फसलों के लिए अनुकूल है। लेकिन आसमान साफ हो जाए और न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु की ओर जाता है तो पाला पड़ने की आशंका है। इससे सरसों की फसल को नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे मौसम में किसानों को अपनी फसल की हल्की सिंचाई करनी चाहिए।
नारनौल के बाद प्रदेश में सिरसा के दिन व रात रहे सबसे ठंडे
- जिला अधिकतम न्यूनतम
- सिरसा 10.1 5.3
- कुरुक्षेत्र 11 7.5
- अंबाला 11.5 6.9
- चंडीगढ़ 12 9
- हिसार 15.6 6.8,
- करनाल 11.4 7.5
- रोहतक 12.3 7
जालंधर में 6 डिग्री पहुंचा तापमान
जालंधर में रविवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं सोमवार को 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में जालंधर का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शहर के कई स्थानों पर सुबह कोहरा होने से विजिबिलिटी काफी कम हो सकती है।
दूसरी तरफ शहर में बढ़ती सर्दी के कारण पंजाब सरकार ने 25 दिसंबर से स्कूलों में छुट्टियों का एलान किया था लेकिन स्कूल प्रबंधकों ने छुट्टियों का एलान न करते हुए स्कूलों का समय बदल दिया है। अब सभी स्कूल 24 दिसंबर 2019 से 15 जनवरी 2020 तक सुबह 10 बजे से दोपहर 03 बजे तक लगेंगे।
लुधियानाः शीतलहर के चलते स्कूलों के समय में बदलाव
पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते इन दिनों लुधियाना भी शीत लहर की चपेट में है। सोमवार को भी दिन भर कोहरे के चलते सूर्य देव के दर्शन नाममात्र ही हुए। पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञों के अनुसार 25 और 26 दिसंबर को एक बार शीतलहर में तेजी देखने को मिलेगी। ऐसे में दिन और रात का पारा नीचे लुढ़कने के पूरे आसार है।
प्रदेश में शीतलहर को देखते शिक्षा विभाग ने स्कूल के समय में बदलाव करने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसमें सभी प्राइमरी स्कूल सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक खोलने के लिए कहा है। इसके अलावा मिडल, हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूल का समय सुबह 10 बजे से 4 बजे तक कर दिया गया है। शिक्षा विभाग ने निजी स्कूलों को भी यह आदेश लागू करने के लिए कहा है। डबल शिफ्ट में चलने वाले स्कूलों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
बता दें कि दिसंबर माह में चली शीत लहर के दौरान लुधियाना का पारा दो बार 5 डिग्री से कम जा चुका है। 5 दिसंबर को जहां न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री रहा था, वहीं 22 दिसंबर को पारा 4.8 डिग्री दर्ज गया है। हालांकि सोमवार को मामूली राहत दिखी। न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री तो अधिकतम तापमान 12.6 डिग्री दर्ज किया गया है।
फरीदकोट में विजिबिलिटी रही 20 मीटर
फरीदकोट में सोमवार को घने कोहरे और कम विजिबिलिटी के चलते आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ। घनी धुंध के कारण लोगों को काम पर पहुंचने में काफी मुश्किलें झेलनी पड़ीं। सोमवार को फरीदकोट में अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया।
पटियाला में दिसंबर का सबसे ठंडा दिन रहा
पटियाला में सोमवार का दिन इस दिसंबर महीने में अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। पारा लुढ़कने के कारण हाड़ कंपा देने वाली ठंड से लोग बुरी तरह से ठिठुरते रहे। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार को अधिकतम तापमान 11.0 डिग्री रहा, जबकि रविवार को पारा 12.9 डिग्री रहा था।
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार का दिन इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। पूरा दिन लोग सूर्य देवता के दर्शनों को तरसते रहे। ठंड इतनी थी कि बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था। लोग सारा दिन अपने घरों में रजाइयों में दुबके रहे। कड़ाके की ठंड में वाहन चलाना भी मुश्किल हो रहा है।
पठानकोटः 3 दिन और नहीं होंगे सूर्य देव के दर्शन
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल से सटे अर्धपहाड़ी जिला पठानकोट बफीर्ली हवाओं की चपेट में है। सोमवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। दिनभर सूर्य देव के दर्शन न हो पाने के कारण ठिठुरन बढ़ी। सोमवार का अधिकतम तापमान 14 जबकि न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक दिसंबर के अंत तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अभी 3 से 4 डिग्री की गिरावट संभव है। सोमवार को दिन भर धूप नहीं निकलने के कारण ठंड से बचने के लिए हर 50 कदम की दूरी पर लोग अलाव सेंकते नजर आए।
सर्द हवाओं की चपेट में पठानकोट
बर्फबारी और बफीर्ली हवाओं के लिए जाने जाते जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के बीच में पड़ने वाला पठानकोट सर्द हवाओं की चपेट में है। हिमाचल के डलहौजी, बनीखेत और जम्मू-कश्मीर के कई शहर भारी बर्फबारी से अटे पड़े हैं। ऐसे में अर्धपहाड़ी पहाड़ी क्षेत्र पठानकोट में भी सर्दी का सितम जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक लोग सेहत को लेकर सतर्क रहें। गर्म कपड़ों से शरीर को ढंके। धुंध होने पर सुबह सैर करने से बचें।
पठानकोट में अगले 3-4 में दिन बारिश के आसार नहीं हैं लेकिन धुंध गहरा सकती है। दिसंबर के अंत तक तापमान में गिरावट जारी रहेगी। बीच-बीच में धूप खिलेगी लेकिन अधिकतर समय बादल छाएं रहेंगे। -सुरिंद्रपाल,डायरेक्टर, मौसम विभाग, चंडीगढ़