चंडीगढ़-दिल्ली रूट पर जल्द दौड़ेगी तेजस ट्रेन, ये वजह रफ्तार पर लगा देगी लगाम, जानें शेड्यूल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तेजस का रैक बनकर तैयार हो चुका है। ट्रायल में भी तेजस का रैक सफल रहा है। अब बस उसे चंडीगढ़ से दिल्ली के बीच शताब्दी की जगह दौड़ाने के लिए नॉर्दर्न रेलवे को रेलवे बोर्ड से मिलने वाली मंजूरी का इंतजार है। फिलहाल हर गुरुवार को अमृतसर शताब्दी एक्सप्रेस (12031/12032) में तेजस के रैक को जोड़कर दिल्ली से अमृतसर के बीच चलाया जा रहा है।
तेजस के रैक में सफर करने वाले यात्रियों की मानें तो शताब्दी के पुराने कोच की तुलना में तेजस के कोच में सफर ज्यादा आरामदायक है और शताब्दी के किराए में तेजस में सफर का मजा दोगुना है। रेलयात्री अरुण सिंह और पुष्पा सिंह ने बताया कि ट्रेन रुकते ही ट्रेन का दरवाजा खुलता है और ट्रेन के चलते ही दरवाजा खुद-ब-खुद बंद हो जाता है।
बता दें कि, तेजस का कोच रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला में बना है। इसके निर्माण में करीब 40 करोड़ रुपये की लागत आई है। रेलवे के आला अधिकारियों की माने तो दिल्ली से चंडीगढ़ और आनंद विहार से लखनऊ के बीच तेजस एक्सप्रेस चलाने की घोषणा की गई है।
सप्ताह में छह दिन चलेगी तेजस
दिल्ली से चंडीगढ़ के बीच तेजस एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन चलाई जाएगी। यह रेलगाड़ी बुधवार को नहीं चलेगी। इस रेलगाड़ी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से सुबह 9.30 बजे चलाया जाएगा और दिन में करीब 12.25 बजे तक यह ट्रेन चंड़ीगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
वहीं, वापसी में यह ट्रेन चंडीगढ़ से दोपहर 2.35 बजे चलेगी और शाम 5.30 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इसमें कुल 12 डिब्बे होंगे। रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इस ट्रेन का नंबर 22425/22426 होगा।
कर्व के चलते 130 के रफ्तार से चल पाएगी तेजस
तेजस एक्सप्रेस में 160 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलने की क्षमता है, लेकिन चंडीगढ़ से दिल्ली के बीच रेल ट्रैक पर 130 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से ज्यादा ट्रेन नहीं चलाई जा सकती क्योंकि चंडीगढ़ से अंबाला तक 16 मोड़ हैं, जिनमें तीन डिग्री के तीन कर्व हैं। बता दें कि वर्तमान में चल रही शताब्दी एक्सप्रेस भी 110 से 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार पर चलती है। ऐसे में तेजस भी इसी रफ्तार पर चलेगी।
मेट्रो जैसे स्वचालित दरवाजे, टच स्क्रीन एलईडी भी
तेजस की विशेषताओं में मेट्रो जैसे ऑटोमैटिक डोर, बायो वैक्यूम टायलेट तथा फायर-स्मोक डिटेक्शन व सप्रेशन सिस्टम की सुविधाएं प्रमुख हैं। इसकी सभी सीटें खास लेदर से बनी हैं और हर एक के पीछे टच स्क्रीन कंट्रोल वाले एलईडी टीवी की व्यवस्था की गई है।
इसमें सेंसर युक्त टचलेस वाटर टेप व सोप डिस्पेंसर के अलावा हैंड ड्रायर, नई डिजाइन के डस्टबिन, सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, कॉल बेल, डिजिटल डेस्टिनेशन बोर्ड व जीपीएस आधारित पैसेंजर इन्फार्मेशन डिस्प्ले सिस्टम, इंटीग्रेटेड ब्रेल डिसप्ले, स्नैक्स टेबल, यूएसबी बेस्ड चार्जिंग के अलावा एक्जीक्यूटिव क्लास में गैस स्प्रिंग वाला लेग सपोर्ट दिया गया है।