जीरकपुर में कैप्टन पर बरसे सुखबीर बादल, ‘जबर रैली’ को लेकर कार्यकर्ताओं में भरा जोश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने संगठन में जोश भरने के लिए पंजाब के जीरकपुर में रैली का आयोजन किया। इस दौरान सुखबीर बादल ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर निशाना साधा। हलका डेराबस्सी में अकाली दल के वर्करों के लिए गांधी जयंती का दिन जोश भरा रहा। उनका उत्साह बढ़ाने के लिए शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पहुंचे।
ब्लाक समिति चुनाव में अकाली दल को मिली करारी हार के बाद वर्करों का मनोबल गिर रहा था। इसे देखते हुए हलका विधायक एनके शर्मा ने जीरकपुर में एक रैली आयोजित की।
इसमें पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। वहीं, रैली के दौरान सुखबीर बादल के निशाने पर कांग्रेस सरकार रही, वहीं हलका विधायक एनके शर्मा ने ब्लाक समिति चुनाव में कथित धांधली को लेकर प्रदेश महासचिव दीपेंद्र ढिल्लों को निशाने पर रखा। सुखबीर बादल 7 अक्तूबर को पटियाला में होने वाली ‘जबर रैली’ को लेकर वर्करों में उत्साह भरने के लिए यहां पहुंचे थे।
सुखबीर लाल डायरी में अफसरों के नाम दर्ज कर लें : विधायक
हाईवे पर स्थित एक फार्म हाउस में हलका विधायक एनके शर्मा के नेतृत्व में रैली का आयोजन किया गया। वहीं, रैली में जीरकपुर, डेराबस्सी और लालड़ू के अलावा आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में पार्टी वर्करों ने भाग लिया। विधायक शर्मा ने कहा कि जब से कांग्रेस सरकार ने सूबे की सत्ता संभाली है, तब से अकाली वर्कर उनके निशाने पर हैं।
पार्टी वर्करों के ऊपर बिना किसी बात को लेकर झूठे केस दर्ज करवाए जा रहे हैं, जिनका कोई आधार नहीं। लालड़ू नगर परिषद के अध्यक्ष बुल्लू राणा पर पहले धोखाधड़ी के केस दर्ज करवाया, इसके बाद एक वर्कर से दुर्व्यवहार किया गया। एनके शर्मा ने सुखबीर बादल से अपील की कि अपनी लाल डायरी के अंदर हलका डेराबस्सी के अंदर काम करने वाले अफसरों के नाम जरूर लिख लें, ताकि सरकार आने पर उनसे हिसाब चुकता किया जा सके।
एनके शर्मा मेरा छोटा भाई, जीरकपुर का बदल देंगे नक्शा
पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने कहा कि आज सूबे की जो हालत है, उसे देखकर ऐसा लगता है जैसे 80 का दशक फिर आ गया हो। सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह बाहरी ताकतों को सूबे के अंदर ला रहे हैं, जो यहां की शांति को भंग करना चाहते हैं। 10 साल तक अकाली दल ने सूबे पर राज किया, लेकिन कभी किसी के साथ धक्काशाही नहीं की।
सुखबीर ने एनके शर्मा को अपना छोटा भाई बताते हुए कहा कि पहले दिन थे जब जीरकपुर को कोई नहीं पूछता था। अब जीरकपुर का नाम देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी बोलता है। एनके शर्मा ने जब कभी विकास कार्यों को लेकर फंड की मांग की, उन्हें बिना देरी जारी कर दिया गया। अब कांग्रेस सरकार आने के बाद शहर में चल रहे विकास कार्य पूरी तरह से ठप हैं।
कैप्टन के हलके में करेंगे रैली
सुखबीर बादल ने कांग्रेस के सूबा प्रधान सुनील जाखड़ द्वारा दिए एक बयान का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जाखड़ कहते हैं कि अकालियों को लोग अब गांवों में घुसने नहीं देंगे। यह जाखड़ की गलतफहमी है। कांग्रेस के खिलाफ शुरू की गई पोलखोल रैली के सिलसिले में सीएम के हलके में एक बड़ी रैली का आयोजन किया जाएगा। सुखबीर ने कहा कि ‘सीएम दे हलके विच्च इक लख तो ज्यादा बंदा लै के कैप्टन दे किले साहमणे आवांगा, ते उस दिन इन्हां दा हंकार तोड़ांगे।’