चंडीगढ़ में पुलिस पर पथराव: सेक्टर-3 व 17 के थाना प्रभारी घायल, डंडों से लैस 12 लोगों ने किया हमला, दो गिरफ्तार
दोनों थाना प्रभारियों को पुलिस सेक्टर-16 अस्पताल लेकर गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया। वहीं पुलिस ने सर्वन और दविंदर को मौके पर ही दबोच लिया। अन्य लोग मौके से फरार हो गए।
विस्तार
कैंबवाला में मंगलवार रात संपत्ति का विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इस हमले में सेक्टर-3 थाना प्रभारी शेर सिंह और सेक्टर-17 थाना प्रभारी ओम प्रकाश लहूलुहान हो गए। पुलिस ने दोनों को जीएमएसएच-16 पहुंचाया। जहां इलाज के बाद दोनों को घर भेज दिया गया।
दूसरी ओर, पुलिस ने सेक्टर-3 निवासी कर्मजीत सिंह ढिल्लो की शिकायत पर दविंदर, संदीप, सर्वन और कमलेश समेत अन्य लोगों के खिलाफ बिना अनुमति के निजी प्रॉपर्टी में घुसने, मारपीट करने, धमकी देने और पुलिस ड्यूटी में बाधा पहुंचाने समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी सर्वन और दविंदर को गिरफ्तार कर लिया है।
दोनों आरोपियों को बुधवार को जिला अदालत में पेश करेगी। अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए जिनकी गिरफ्तारी के लिए एसएसपी कुलदीप चहल ने दोनों थानों से कुछ टीमों का गठन कर दिया है। यह टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रहीं हैं।
सेक्टर-3 निवासी शिकायतकर्ता कर्मजीत सिंह ढिल्लो ने बताया कि कैंबवाला स्थित सुखना एनक्लेव के सामने उनकी जमीन है। जमीन उनके भाई हरजीत सिंह ढिल्लो के नाम है। उन्होंने जमीन में अमरूद के पेड़ लगाए हैं। मंगलवार शाम को जब वह लोहे के एंगल और तार के साथ इस जमीन की बैरिकेडिंग कर रहे थे तो सर्वन समेत 12 लोग डंडे लेकर आए और कहा कि जमीन का आगे का हिस्सा उनका है। इस दौरान उन्होंने कर्मजीत व उनके साथ मौजूद अन्य लोगों के साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलने के बाद सेक्टर-3 के थाना प्रभारी शेर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। आरोपियों ने पुलिस के साथ भी हाथापाई शुरू कर दी। झगड़ा बढ़ते देख शेर सिंह ने डीएसपी को मामले की सूचना दी और फोर्स भेजने को कहा।
डीएसपी के निर्देश पर सेक्टर-17 थाना प्रभारी ओम प्रकाश भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपी तब भी नहीं रुके और उन्होंने दूसरी टीम से भी हाथापाई के बाद पथराव शुरू कर दिया। घटना में सेक्टर-3 थाना प्रभारी शेर सिंह की अंगुली में चोट लगी और सेक्टर-17 थाना प्रभारी ओम प्रकाश के हाथ में चोट लगी।
दोनों लहूलुहान हो गए। अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भी हाथापाई की गई। इसमें कुछ कर्मचारियों की वर्दी भी फट गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया।
दोनों थाना प्रभारियों को पुलिस सेक्टर-16 अस्पताल लेकर गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया। वहीं पुलिस ने सर्वन और दविंदर को मौके पर ही दबोच लिया। अन्य लोग मौके से फरार हो गए।
मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गईं हैं। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - कुलदीप चहल, एसएसपी, यूटी पुलिस