विस चुनाव के दौरान ऐसे होंगे सुरक्षा इंतजाम
चुनाव आयोग के निर्देश पर हरियाणा के सभी विधानसभा क्षेत्र में तीन फ्लाइंग स्क्वॉड टीमों का गठन हो गया है। ये टीमें कैश के अलावा कीमती उपहार पर भी नजर रखेंगी। आयोग के निर्देश के तहत दस हजार से ऊपर के उपहार को जब्त कर लिया जाएगा।
अगर किसी के पास उसका कोई रिकार्ड न हुआ। दीवाली का पर्व भी 23 अक्तूबर को है और कई लोग 10 से 15 दिन पहले ही गिफ्ट बांटने शुरू कर देते हैं। इसी तरह रामलीला कमेटी पर राजनीतिक दलों के नेताओं की ओर से दिए गए चंदों पर भी नजर रहेगी।
खाने-पीने की चीजों पर रखा जाएगा ध्यान
चुनाव आयोग की ओर से यह भी कहा गया है कि अगर कोई जिला प्रशासन चाहे तो अपनी सहूलियत के हिसाब से टीम बढ़ा भी सकता है।
यह फ्लाइंग स्क्वॉड कैश और उपहार के अलावा अवैध हथियारों, शराब और एंटी सोशल गतिविधियों पर भी नजर रखेगी। चुनाव प्रचार के दौरान मुफ्त बांटे जा रहे खाने पीने की वस्तुओं पर भी ध्यान रखेगी।
इसकी पूरी रिपोर्ट इन टीमों को तैयार करके जिला चुनाव अधिकारी और संबंधित एसपी को सौंपी जाएगी। जबकि अंत में सभी जिला चुनाव अधिकारी इसकी रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेजेंगे।
इस फ्लाइंग स्क्वॉड टीमों के साथ गतिविधियों की वीडियो बनाने वाले भी अलग से तैनात रहेंगे। हरियाणा चुनाव आयोग के अनुसार इन टीमों में शामिल अधिकारियों को चुनाव के दौरान किसी और काम में भी नहीं लगाया जा सकता है।
महिला अधिकारी ही चेक करेंगी लेडीज पर्स
चुनाव आयोग की ओर से साफ निर्देश दिए गए है कि फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम चेकिंग के समय अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं करेंगे वह हर किसी के साथ प्यार से बोलेंगे और चेकिंग के दौरान किसी भी महिला का पर्स चेक नहीं किया जाएगा।
टीम में शामिल महिला अधिकारी ही पर्स चेक कर सकती है। जब्त की गई राशि जिला प्रशासन की ट्रेजरी में जमा होगी। मुख्य चुनाव अधिकारी श्रीकांत वाल्गद का कहना है कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में फ्लाइंग स्कवायड टीमों का गठन कर दिया गया है। जो कि कैश के साथ साथ कीमती उपहारों पर भी नजर रखेंगे।
निशक्त वोटरों को मिलेगी प्राथमिकता
विधानसभा चुनाव में निशक्त मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर प्राथमिकता दी जाएगी। उन्हें लाइन में लगने की जरूरत नहीं है। उनकी एंट्री मतदान केंद्र में सीधा होगी। मतदान केंद्र के कर्मचारी भी उनकी मदद करेंगे।
नेत्रहीन मतदाता चाहे तो, उसके द्वारा वोट डालने में सहायता करने के लिए एक सहयोगी को अनुमति प्रदान करने का प्रावधान भी होगा। मुख्य चुनाव अधिकारी श्रीकांत वाल्गद का कहना है कि मतदान केंद्रों पर निशक्त मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मतदान केंद्र का स्टाफ निशक्त मतदाताओं को अपना मत डालने के लिए सहायता व सुविधा उपलब्ध करवाएगा ताकि वे मतदान केन्द्रों के अंदर अपनी व्हील चेयर ले जा सकें। ऐसे मतदान केंद्रों पर जहां स्थायी रैंप की सुविधा उपलब्ध नहीं है वहां अस्थायी रैंप उपलब्ध करवाए जाएंगे।