सेक्टर 17 के व्यापारियों ने मेयर के सामने रखी अनोखी शर्त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सेक्टर 17 में बंद पार्किंग के मुद्दे पर व्यापारी का प्रतिरोध बढ़ता जा रहा है। अब व्यापारियों ने मेयर के सामने रखी अनोखी शर्त। सेक्टर-17 के व्यापारियों ने नगर निगम के समक्ष यह शर्त रखी है कि वह साहिब सिंह और इंपायर स्टोर की पार्किंग बंद करने के लिए तैयार हैं, लेकिन बाजार में तीन और मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाए। स्मार्ट सिटी के प्रपोजल में भी इस सेक्टर में चार मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की बात कही गई है। शुक्रवार को सेक्टर-17 के व्यापारियों ने प्रेसवार्ता की। इस दौरान व्यापारियों ने मेयर को धोखेबाज कहा।
प्रेसवार्ता में बिजनेस प्रमोशन काउंसिल के अध्यक्ष नीरज बजाज ने कहा कि नगर निगम अब व्यापारियों को सेक्टर-17 के विकास की प्रजेंटेशन दिखाने की बात कर रहा है, लेकिन वह देखने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि पहले बंद की गई पार्किंग खोली जाए। प्रेसवार्ता में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन भी मौजूद थे। मालूम हो कमिश्नर ने व्यापारियों को पार्किंग बंद करने पर सेक्टर-17 में विकास करने के दावे किए हैं, जिसकी प्रजेंटेशन दिखाने की बात कही गई है।
प्रेसवार्ता के दौरान सेक्टर-17 के व्यापारियों ने कहा कि जब साहिब सिंह और इंपायर स्टोर के पार्किंग स्थल बंद करने का प्रस्ताव वित्त एवं अनुबंध कमेटी में लाया जा रहा था तो मेयर अरुण सूद ने वादा किया था कि पार्किंग बंद नहीं होगी। इसके बावजूद मेयर ने व्यापारियों के साथ वादाखिलाफी की है। व्यापारी सुभाष कटारिया ने कहा कि पार्किंगों को बंद करने के पीछे मेयर का निजी स्वार्थ हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर प्रशासन के अधिकारी और सांसद उनका सहयोग कर रहे हैं, लेकिन मेयर कोई सहयोग नहीं कर रहे। वह सिर्फ गुमराह कर रहे हैं।
धवन बोले- क्या मेयर ही पढ़े लिखे हैं बाकी अनपढ़ हैं धवन ने जब कहा गया कि मेयर का कहना है कि स्मार्ट सिटी का प्रस्ताव जब सदन में पास होने के लिए आया था, तब सेक्टर-17 की दोनों पार्किंगों को बंद करने का मामला भी शामिल था और अब पार्षद कह रहे हैं कि उन्हें जानकारी नहीं है। इस पर पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन ने कहा कि क्या मेयर ही पढ़े-लिखे हैं, बाकी सभी क्या अनपढ़ हैं। धवन ने सवाल उठाते हुए कहा कि वित्त एवं अनुबंध कमेटी में टेबल एजेंडा क्यों लाया गया, रेगुलर एजेंडा क्यों नहीं आया ताकि सदस्य पढ़ सकें। उनका कहना है कि मेयर को अपना तानाशाही रवैया छोड़ देना चाहिए। धवन ने कहा कि हाईकोर्ट की ओर से गठित कमेटी भी यह सिफारिश कर चुकी है कि सेक्टर-17 में चार मल्टीलेवल पार्किंग बनने के बाद ही नो-व्हीकल जोन बनाया जाए, लेकिन नगर निगम ऐसा न करके कारोबार समाप्त करने पर लगा हुआ है। उनका कहना है कि पार्किंग बंद करने का फैसला सिर्फ मेयर का है, लेकिन इसका नुकसान पार्टी को भी झेलना पड़ सकता है।
मानव शृंखला बनाकर किया विरोध
सेक्टर-17 के व्यापारियों ने शुक्रवार देर शाम मानव शृंखला बनाकर विरोध जताया। जबकि वीरवार शाम सात से रात नौ बजे तक अपनी दुकानों की बिजली बंद करके कारोबारियोें ने अपना रोष प्रकट किया था। बिजनेस प्रमोशन काउंसिल के अध्यक्ष नीरज बजाज का कहना है कि जब तक पार्किंग स्थल नहीं खुल जाते, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। बजाज ने कांग्रेस पार्टी के साथ भाजपा-अकाली के उन आठ पार्षदों का भी धन्यवाद किया, जो उनका साथ दे रहे हैं।