रेल बजट: 'प्रभु' की बेरुखी से खाली रहा पंजाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
'प्रभु' की बेरुखी से इस बार पंजाब खाली रहा। रेलमंत्री सुरेश प्रभाकर प्रभु ने रेल बजट में पंजाब को कोई बड़ा प्रोजेक्ट नहीं दिया।
2013 में रेल मंत्री पवन बंसल ने बजट में पंजाब को फिरोजपुर-पट्टी-अमृतसर के बीच नया ट्रैक बिछाने की घोषणा की थी, जिस पर अभी तक कोई कार्य शुरू नहीं हुआ है।
इस साल बजट में भी इसका कोई जिक्र नहीं किया गया। रेल डिवीजन फिरोजपुर में पंजाब, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश राज्य आते हैं। इस बजट में रेल मंत्री ने यूनिवर्सिटी की स्थापना के अलावा चार विश्वविद्यालयों में रेलवे रिसर्च सेंटर खोलने की घोषणा की है।
हालांकि 2011 में रेल मंत्री ममता बनर्जी ने जम्मू-कश्मीर में ट्रेनिंग स्कूल और फैक्टरी खोलने की बात कही थी, जिस पर आज तक कार्य शुरू नहीं हुआ है।
रेलकर्मियों का कहना है कि रेलमंत्री प्रभु ने जो बड़ी-बड़ी घोषणाएं की हैं वे दिखावा हैं, क्योंकि पिछले बजटों में भी कई रेलमंत्रियों ने बड़ी-बड़ी घोषणाएं की थी, जो आज तक पूरी नहीं हुई हैं।
पिछली घोषणाएं ही नहीं हुईं पूरी
रेलमंत्री प्रभु ने बिना गार्ड वाले रेलवे क्रॉसिंग फाटकों पर अलार्म सिग्नल लगाने की बात कही है, जबकि पिछले बजटों में भी कई रेलमंत्रियों ने ऐसी घोषणाएं की थीं।
ट्रेनों व स्टेशनों पर साफ-सफाई के कई वादे पहले भी बजट में किए जा चुके हैं लेकिन लुधियाना, जालंधर, अमृतसर व जम्मू-तवी रेलवे स्टेशनों पर गंदगी के कारण इतनी बदबू होती है कि स्टेशन पर बैठकर कोई यात्री खा नहीं सकता।
पिछले रेल बजट में फिरोजपुर-पट्टी-अमृतसर के बीच नया रेल ट्रैक बिछाने की घोषणा की थी जिसे ठंडे बस्ते में डाल दिया। इसके अलावा फिरोजपुर से मुंबई के बीच चलने वाली ऐतिहासिक पंजाब मेल को फिरोजपुर से फाजिल्का तक बढ़ाने की घोषणा पर भी अमल नहीं हुआ।
फिरोजपुर-बठिंडा सेक्शन के ट्रैक का दोहरीकरण का कार्य भी शुरू नहीं हुआ। फिरोजपुर-अबोहर-श्रीगंगानगर ट्रैक का दोहरीकरण करने की घोषणा की गई थी। कादियां-ब्यास रेल लिंक और चंडीगढ़-ऊना वाया आनंदपुर साहिब ट्रैक के दोहरीकरण का सपना भी पूरा नहीं हुआ।