पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री कोरोना पॉजिटिव, राहुल गांधी, अमरिंदर सिंह के साथ साझा किया था मंच
- मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत, कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ भी थे मौजूद
- स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंद्धू गए एकांतवास में, एक सप्ताह साथ आए लोगों से की टेस्ट कराने की अपील
विस्तार
संगरूर में राहुल गांधी के साथ ट्रैक्टर रैली में शामिल होने वाले पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिद्धू कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने मंगलवार को संक्रमण के प्राथमिक लक्षण दिखने के बाद कोरोना टेस्ट कराया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब वह अपने आप ही एकांतवास में चले गए हैं, जहां उन्हें चिकित्सकीय लाभ दिया जा रहा है।
खास बात यह है कि ट्रैक्टर रैली में राहुल गांधी के साथ ही मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत, पंजाब कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ के साथ पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता के संपर्क में स्वास्थ्य मंत्री आए थे। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिद्धू को बुखार और शरीद में दर्द महसूस हुआ।
जिसके बाद उन्होंने कोरोना टेस्ट कराया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। विभागीय प्रवक्ता के अनुसार स्वास्थ्य मंत्री घर में ही एकांतवास में चले गए हैं, जहां वह चिकित्सकीय लाभ ले रहे हैं। प्रवक्ता ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में उनके संपर्क में आए सभी लोगों की पहचान करने के बाद कोरोना टेस्ट कराया जाएगा।
कोरोना से पंजाब में 38 की मौत
पंजाब में कोरोना से मौतों में अब गिरावट आनी शुरू हो गई है। पिछले दो दिनों से संक्रमण से होने वाली मौतों का आंकड़ा 50 से नीचे आ गया है। मंगलवार को राज्य में संक्रमण से 38 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही सूबे में वायरस से मरने वालों की संख्या 3679 पहुंच गई है। 888 नए मामले भी सामने आए हैं। राज्य में अब तक 120016 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक पंजाब में संदिग्ध मामलों की संख्या 1996719 पहुंच गई है। जिनमें पॉजिटिव मरीजों की संख्या 120016 दर्ज की गई है। 104355 लोग ठीक हो चुके हैं। मंगलवार को कुल 274 संक्रमित मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। जबकि 38 लोगों की हालत गंभीर होने पर वेंटिलेटर पर रखा गया है।
संक्रमण से मौतों के मामले में लुधियाना नंबर वन बना हुआ है। यहां अब तक सबसे ज्यादा 782 लोग संक्रमण से मौत का शिकार हो चुके हैं। जालंधर में 417 और पटियाला में 346 लोग संक्रमण से दम तोड़ चुके हैं। शुक्रवार को हुई 38 लोगों की मौत में होशियारपुर में 5 और जालंधर में 5 लोग मौत का शिकार हो गए।
इसके अतिरिक्त लुधियाना में 5, अमृतसर में 3, पठानकोट में 3, रोपड़ में 3 बरनाला में 2, बठिंडा में 2, गुरदासपुर में 2, मानसा में 2, मोगा में 2, पटियाला में 2, तरनतारन में 2 और फिरोजपुर में 1 लोगों की संक्रमण से मौत हो गई। कुल 888 नए मामलों में 31 ऐसे केस हैं, जिनका स्रोत पंजाब के बाहर का बताया जा रहा है।
Punjab Health Minister Balbir Sidhu (file pic) tests positive for #COVID19: Health Minister's Office pic.twitter.com/ZY756Q4GNE— ANI (@ANI) October 6, 2020