पंजाब: भगवंत मान के शपथ ग्रहण में दिखा केजरीवाल का अलग अंदाज, लाखों लोगों को संबोधित नहीं किया
भगवंत मान ने कहा कि मैं केजरीवाल का विशेष धन्यवाद करूंगा, जिन्होंने 20-20 दिन भूख हड़ताल की। आंदोलन किया, पार्टी बनाई, पूरे देश की राजनीति में सुधार किया, मैं चाहता हूं कि सभी लोग एक बार तालियां बजाएं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आप नेता भगवंत मान ने बुधवार को पंजाब के 17वें सीएम के पद की शपथ ली। समारोह में 13 एकड़ में तीन मंच को तैयार किया गया था। एक मंच में आप के 92 विधायक, बीच वाले मंच पर भगवंत मान और राज्यपाल और तीसरे मंच पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्रीगण मौजूद रहे।
भगवंत मान के शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया समेत तमाम आप नेता पहुंचे। केजरीवाल ने पंजाब सरकार के प्रॉटोकॉल को फॉलो किया और लाखों लोगों को संबोधित नहीं किया और न ही भगवंत मान के साथ मंच साझा किया। सूत्रों के मुताबिक केजरीवाल ने साफ मना कर दिया था कि यह पंजाब सरकार का कार्यक्रम है और इसमें वह एक अतिथि के रूप में शामिल होकर इसका हिस्सा बनेंगे लेकिन भगवंत मान ही इसका मुख्य चेहरा होंगे।
शपथ लेने के बाद भगवंत मान ने अरविंद केजरीवाल की तारीफ की। इतना ही नहीं उन्होंने लोगों से केजरीवाल के लिए ताली भी बजवाई। भगवंत मान ने कहा कि मैं केजरीवाल का विशेष धन्यवाद करूंगा, जिन्होंने 20-20 दिन भूख हड़ताल की। आंदोलन किया, पार्टी बनाई, पूरे देश की राजनीति में सुधार किया, मैं चाहता हूं कि सभी लोग एक बार तालियां बजाएं। इसके बाद लोगों ने ताली बजाई। दिल्ली से आने वाले विधायक व अधिकारियों के लिए पंडाल में ही एक अलग से गैलरी बनाई गई थी।
झलकियां
- अपने भाषण के अंत में अकाली और कांग्रेसी नेताओं पर निशाना साधते हुए भगवंत मान ने कहा हुकूमत वो करते हैं, जिनका दिलों पर राज होता है, यूं कहने को तो मुर्गे के सिर पर ताज होता है। यहां मान का इशारा उन नेताओं की तरफ था जिनके बच्चे बिना किसी मेहनत के नेता बन जाते हैं। इस बार पंजाब के लोगों ने तमाम बड़े नेताओं और उनके बच्चों को नकार दिया।
- भगवंत मान ने 12.30 बजे शपथ लेना था लेकिन 50 मिनट की देरी से स्टेज पर पहुंचे। खराब मौसम की वजह से दिल्ली से जहाज के जरिए आदमपुर एयरपोर्ट आ रहे केजरीवाल ने देरी से उड़ान भरी। भगवंत मान, राघव चड्ढा आदमपुर एयरपोर्ट पर इंतजार करते रहे।
- इस दौरान अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया भी मंच पर बसंती पगड़ी पहने नजर आए। दिल्ली सरकार के मंत्री स्टेज पर नजर आए।
- भगवंत मान की अपील के बाद उनके समर्थक बसंती रंग की पगड़ी और दुपट्टा ओढ़कर समारोह में पहुंचे।
- भगवंत मान की माता हरपाल कौर समारोह के बाद शहीद ए आजम भगत सिंह के गांव की मिट्टी को खुद अपने हाथों में उठाकर साथ लेकर गई।
- भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने खटकड़कलां में शहीद भगत की प्रतिमा पर फूल माला अर्पित कर पहले उनको नमन किया।
- भगवंत मान ने भगत सिंह का शेर इश्क करना सबका पैदाइशी हक है, क्यों न इस बार वतन की सर जमीं को महबूब बना लिया जाए भी पढ़ा। मान ने सभी लोगों से देश की मिट्टी को प्यार करने की बात कही।
शहीद सुखदेव थापर के वंशज अशोक थापर की सीएम से अपील
शहीद सुखदेव थापर मेमोरियल ट्रस्ट ने शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव में खटकड़कलां में भगवंत मान के शपथ लेने पर बधाई दी और कहा कि मुख्यमंत्री साहब शहीद ए आजम भगत सिंह के सपनों को साकार करते करते कहीं उनके साथी शहीद सुखदेव समेत पंजाब की धरती पर जन्म लेने वाले शहीद करतार सिंह सराभा और शहीद ऊधम सिंह के सपनों को साकार करना भूल न जाना। शहीद सुखदेव थापर मेमोरियल ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष और शहीद सुखदेव थापर के वंशज अशोक थापर ने कहा कि शहीद सुखदेव थापर, शहीद करतार सिंह सराभा व शहीद ऊधम सिंह को याद न करने से पंजाबियों की भावनाओं को ठेस पहुंची है।