कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा, गलत बयानबाजी कर रहे जुमलेबाज मोदी, देश विनाश और तबाही में फंस गया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गलत बयानबाजी और धोखा करने में माहिर बताते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को उन्हें चुनौती दी कि वे अपने पांच साल के कार्यकाल के दौरान अपनी सरकार द्वारा पूरा किए गए एक भी वादे की जानकारी दें।
कैप्टन ने कहा कि मोदी सरकार की लोक विरोधी और विभाजनकारी नीतियों के कारण देश विनाश और तबाही में फंस गया है। कैप्टन ने कहा कि हर कोई हैरान है कि प्रधानमंत्री मोदी कुछ हफ्तों बाद फिर चुनाव के लिए भारत के लोगों के सामने किस मुंह से जाएंगे।
गुरुवार को गुरदासपुर में प्रधानमंत्री के भाषण के जवाब में तीखा हमला बोलते हुए कैप्टन ने कहा कि जुमलेबाज़ प्रधानमंत्री ने छल, कपट और पाखंड से देश को पतन की ओर धकेल दिया है। इस कारण लोगों ने उन्हें अपने अच्छे भविष्य के लिए सत्ता से एक तरफ करने का मन बना लिया है।
गुरदासपुर में मोदी द्वारा दिए गए प्रत्येक बयान का खंडन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में अपनी निश्चित हार को देखते हुए प्रधानमंत्री बुरी तरह निराश हो चुके हैं और वह लोगों को गुमराह करने की निराशाजनक कोशिशें कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी ने एक बार फिर 1984 के दंगों और करतारपुर रास्ते से लेकर किसानों के कर्ज माफ करने के हर मुद्दे पर झूठ बोला है और वह अपनी पांच साल की नाकामियों को छिपाने के लिए इस तरह का बयान दे रहे हैं।
1984 के दंगों के संबंध में मोदी को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री ने तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर में बीजेपी/आरएसएस के वर्करों के नामों पर चुप्पी साधने के लिए प्रधानमंत्री पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि चाहे गांधी परिवार के विरुद्ध किसी ने भी कोई दोष नहीं लगाया लेकिन इसके बावजूद मोदी इस मामले में गांधी परिवार का नाम घसीटने की कोशिश कर रहे हैं।
करतारपुर कॉरिडोर का सेहरा अपने सिर बांधने की कोशिश के लिए प्रधानमंत्री की आलोचना करते हुए कैप्टन ने कहा कि प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के समय से ही कांग्रेस सक्रियता से कोशिशें करती रही है। बाद में डा. मनमोहन सिंह ने भी यह कोशिशें की। वह खुद कई सालों से पाकिस्तान के साथ यह मुद्दा उठाते रहे हैं। उन्होंने मोदी से पूछा कि वह यह बताएं कि उन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए अब तक क्या किया।
कैप्टन ने मोदी के हर आरोप को नकारा
कैप्टन ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस सरकार ने अपने 21 महीने के कार्यकाल में मोदी सरकार के पांच सालों के समय से कहीं ज़्यादा वादे पूरे किए हैं। कैप्टन ने कहा कि भाजपा और इसके सहयोगी द्वारा छोड़ी भयानक वित्तीय हालत के बावजूद कांग्रेस सरकार ने सिर्फ एक साल में 4,14,275 किसानों के 3417 करोड़ रुपये के फसली कर्ज माफ करने में सफल हुई हैं।
जल्दी ही तीन लाख और किसानों के तकरीबन 4000 करोड़ रुपये के फसली कर्ज माफ किए जा रहे हैं। उन्होंने पूछा कि क्या आप किसानों की मदद के लिए हमारी एक भी पैसों की मदद की है? और स्वामीनाथन रिपोर्ट कहां है जिसे आपने लागू करने का वादा किया था।