{"_id":"6b0855f4a1b20df0010c11f2","slug":"dig-bhullar-case-ed-questions-fazilka-ssp-for-four-and-a-half-hours-2026-11-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"डीआईजी भुल्लर केस: ईडी ने फाजिल्का के एसएसपी से साढ़े चार घंटे की पूछताछ, जान-पहचान और संपर्कों पर किए सवाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
डीआईजी भुल्लर केस: ईडी ने फाजिल्का के एसएसपी से साढ़े चार घंटे की पूछताछ, जान-पहचान और संपर्कों पर किए सवाल
Thu, 26 Nov 2026 09:23 PM IST
Akash Dubey
माई सिटी रिपोर्टर, चंडीगढ़
माई सिटी रिपोर्टर, चंडीगढ़
Published by: Akash Dubey
Updated Thu, 26 Nov 2026 09:23 PM IST
सार
बिचौलिए कृष्णु शारदा से पूछताछ के बाद गगन अजीत सिंह को तलब किया था।दस्तावेज लेकर पहुंचे एसएसपी बोले- दोबारा पेश होने या अतिरिक्त कागजात लाने को नहीं कहा है।
विज्ञापन
डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
पंजाब के निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अब पंजाब पुलिस के अधिकारियों से पूछताछ तेज कर दी है। इसी कड़ी में वीरवार को फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह ईडी के चंडीगढ़ स्थित कार्यालय पहुंचे। एजेंसी ने उनसे करीब साढ़े चार घंटे तक पूछताछ की। शाम करीब 6:30 बजे कार्यालय से बाहर निकलने के बाद एसएसपी ने बताया कि उनसे मुख्य रूप से जान-पहचान और संपर्कों से जुड़े बुनियादी सवाल पूछे गए। उन्होंने जांच एजेंसी की ओर से मांगे गए दस्तावेज भी उपलब्ध करवा दिए हैं।
विज्ञापन
एसएसपी गगन अजीत सिंह ने बताया कि उन्हें दोपहर करीब दो बजे पेश होने का समय दिया गया था। वह निर्धारित समय पर ईडी कार्यालय पहुंच गए थे, हालांकि पूछताछ शुरू होने में कुछ देरी हुई। इसके बाद अधिकारियों ने उनसे मामले से संबंधित सवाल किए। एसएसपी के मुताबिक, ईडी ने उनसे जिन दस्तावेजों की मांग की थी, वे सभी साथ लेकर पहुंचे थे और जांच एजेंसी को सौंप दिए।
विज्ञापन
फिलहाल दोबारा पेशी के लिए नहीं मिला निर्देश
पूछताछ के बाद ईडी दफ्तर से बाहर निकले एसएसपी गगन अजीत सिंह बातचीत के दौरान कहा कि उनसे मुख्य तौर पर जान-पहचान से जुड़े सामान्य सवाल पूछे गए। जब उनसे पूछा गया कि क्या ईडी ने उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया है या कोई अतिरिक्त दस्तावेज लाने को कहा है, तो उन्होंने बताया कि फिलहाल ऐसा कोई निर्देश नहीं दिया गया है। करीब साढ़े चार घंटे तक चली पूछताछ के बाद वह शाम को ईडी कार्यालय से बाहर निकले।
विज्ञापन
बिचौलिए कृष्णु शारदा से पूछताछ के बाद अधिकारियों पर नजर
ईडी की जांच निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर और उनके कथित सहयोगी कृष्णु शारदा से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में चल रही है। एजेंसी इस मामले में कृष्णु शारदा की भूमिका के साथ-साथ पंजाब के मौजूदा और पूर्व अधिकारियों से उसके कथित संपर्कों और लेनदेन की कड़ियों की भी जांच कर रही है। इसी सिलसिले में फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह को पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
सात अधिकारियों को भेजे गए थे समन
इस मामले में ईडी ने पंजाब के सात अधिकारियों को अलग-अलग तारीखों पर पूछताछ के लिए समन जारी किए हैं। इनमें आईएएस, आईपीएस, पीसीएस और सेवानिवृत्त अधिकारी शामिल हैं। एजेंसी इन अधिकारियों से उनके कथित संपर्कों, संबंधों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े पहलुओं पर जानकारी जुटा रही है। ईडी की पूछताछ का उद्देश्य मामले से जुड़े सभी पहलुओं और संभावित कड़ियों की जांच करना है।
