पढ़ें- कहां- कहां हुआ बवाल: जीरा में बूथ के बाहर गोली चली, दो जगहों पर ईवीएम हुई खराब, भाजपा व आप कार्यकर्ता भिड़े
बठिंडा में रविवार शाम को दाना मंडी स्थित पंजाब मंडी बोर्ड के दफ्तर में बने पोलिंग बूथ पर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हंगामा हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिरोजपुर जिले में मतदान वाले दिन जीरा विधानसभा हलके के गांव मल्लू वालिया के बूथ नंबर-47 व 48 के बाहर किसी शरारती तत्व ने गोली चला दी। गोली चलते ही वहां पर भगदड़ मच गई और दहशत फैल गई। फिरोजपुर शहरी हलके के सीमांत गांव जल्लोके में भाजपा प्रत्याशी राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी का काफिला ग्रामीणों ने रोक दिया, इस पर भाजपा और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इसमें आप कार्यकर्ता सुरजीत सिंह गंभीर जख्मी हो गया। इसके अलावा फिरोजपुर देहात हलके के बूथ-225 व फिरोजपुर शहर हलके के बूथ-49 पर ईवीएम खराब होने पर वोटरों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता सुरजीत सिंह का कहना है कि भाजपा के लोग यहां का माहौल खराब कर रहे थे। जिस कारण ग्रामीणों ने भाजपा प्रत्याशी राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी का काफिला गांव जल्लोके में रोक लिया। इसी बात पर भाजपा और आप के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इसमें भाजपाइयों ने सुरजीत की जमकर पिटाई की।
गांव में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही वहां पर पुलिस पहुंच गई और माहौल को शांत करवाया। इसके अलावा फिरोजपुर देहात हलके के ममदोट स्थित गांव सदरदीनवाला के बूथ पर वोट डालने को लेकर आम आदमी पार्टी व अकाली दल (ब) के कार्यकर्ताओं में विवाद हो गया, पुलिस ने पहुंच माहौल शांत करवाया।
जीरा विधानसभा हलके के गांव मल्लू वालिया के बूथ नंबर-47 औ 48 के बाहर किसी शरारती तत्व ने गोली चला दी। गोली की आवाज सुनते ही वहां पर अफरा-तफरी मच गई। इस वारदात में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। इसके अलावा फिरोजपुर शहर हलके के बूथ नंबर-49 पर ईवीएम मशीन खराब होने से दो घंटे तक मतदान रुका रहा और वोटरों को परेशानी उठानी पड़ी। उसके बाद मशीन ठीक होने पर लोगों ने मतदान किया। इसी तरह फिरोजपुर देहात हलके की बस्ती बेला सिंह में बने बूथ नंबर-225 पर सुबह दस बजे ईवीएम खराब हो गई।
भाजपा पंजाब लोक कांग्रेस प्रत्याशी राज नंबरदार को घेरा कांग्रेसियों ने
बठिंडा में रविवार शाम को दाना मंडी स्थित पंजाब मंडी बोर्ड के दफ्तर में बने पोलिंग बूथ पर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हंगामा हो गया। भाजपा और पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार राज नंबरदार की तरफ से कांग्रेस पार्षद शाम लाल जैन को गाली देने और उन पर वोटरों को पैसे बांटने के आरोप लगाएं जाने के बाद भड़के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज नंबरदार का घेराव कर लिया और नारेबाजी शुरू कर दी। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर राज नंबरदार को भीड से निकाल कर वापस भेजा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा समर्थकों की गाड़ी का घेराव कर लिया। बूथ के बाहर माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों दलों के कार्यकर्ता एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। डीएसपी सिटी वन समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी को खदेड़कर भाजपा उम्मीदवार राज नंबरदार और उनके समर्थकों को वहां से बाहर निकाला। इसके बाद मामला शांत हुआ।
कांग्रेस पार्षद शाम लाल जैन दाना मंडी स्थित पंजाब मंडी बोर्ड के दफ्तर में बने पोलिंग बूथ के बाहर अपने समर्थकों के साथ खड़े थे। भाजपा उम्मदीवार राज नंबरदार अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और पार्षद शाम लाल जैन को गाली देते हुए कहा कि वह वोटरों को पैसा देना बंद करे। पैसे बांटने के लगे आरोपों के बाद पार्षद शाम लाल जैन और उनके समर्थक भड़के उठे और राज नंबरदार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया।
हंगामा काफी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों पार्टियों के समर्थकों को खदेड़ना शुरू कर दिया। इस दौरान शाम लाल जैन ने डीएसपी सिटी वन को लिखित शिकायत देकर कहा कि अगर राज नंबरदार के पास उनके द्वारा वोटरों को पैसे बांटने का कोई सबूत है तो वह पेश करें और चुनाव आयोग को शिकायत दें। वहीं आयोग भी सबूत के आधार पर उन पर कार्रवाई करे, झूठे आरोप लगाना और गाली निकालना गलत बात है, बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शाम लाल जैन ने पुलिस को शिकायत देकर राज नंबरदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
अमृतसर: विधायक व कांग्रेस के उम्मीदवार के बेटे की शिअद समर्थकों से झड़प
पंजाब विधानसभा चुनाव के दिन रविवार को एक आजाद उम्मीदवार ने अपने कुछ साथियों के साथ आम आदमी पार्टी के समर्थक को पीटा। अरुण चंगोत्रा ने इस मामले में चुनाव अधिकारी को शिकायत दी है। अरुण चंगोत्रा ने बताया कि वह पुतलीघर इलाके के वार्ड नंबर 2 में पिछले 33 वर्षों से रहते हैं और आम आदमी पार्टी को समर्थन करते हैं। आज वह अपने बूथ पर ड्यूटी कर रहे थे तभी आजाद उम्मीदवार कमल कुमार बोरी अपने 13-14 साथियों के साथ वहां पहुंचे। इन लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे वहां से ले जाने की कोशिश भी की।
उन्होंने कांग्रेस को समर्थन देने की बात कही लेकिन उन्होंने मना कर दिया। रविवार को सुबह करीब 11 बजे वे अपने बूथ पर मौजूद थे तो वारदात को अंजाम दिया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाया। वहीं मजीठा रोड पर पूर्वी हलके से विधायक और कांग्रेस के उम्मीदवार सुनील दत्ती के बेटे और शिअद के कुछ लोगों के साथ झगड़ा हो गया।
दोनों तरफ से धक्कामुक्की हुई और उनमें से कुछ ने विधायक के बेटे को थप्पड़ भी मारा। बताया जा रहा है कि पुलिस घटनास्थल के आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज हासिल कर रही है। हालांकि इसकी पुष्टि न तो कांग्रेस विधायक की ओर से की गई और न ही शिअद की तरफ से इसे लेकर कोई टिप्पणी आई।
पटियाला में अकाली व कांग्रेसी भिड़े
पटियाला देहात विधानसभा हलके में बाबू सिंह कालोनी में रविवार को पोलिंग बूथ के नजदीक अकाली व कांग्रेस के समर्थकों में झड़प हो गई। इस दौरान दो युवक घायल हो गए। उन्हें तुरंत सरकारी राजिंदरा अस्पताल में दाखिल कराया गया। घायलों में से विशाल ठाकुर निवासी बाबू सिंह कालोनी के सिर पर तेजधार हथियार से हमला किया गया है, वहीं मोहित के सीने में किरच जैसी चीज से वार किया गया है।
दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल में विशाल ठाकुर ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले एक नौजवान के साथ उसका पुराना झगड़ा चल रहा है। इसी रंजिश में उस पर हमला किया गया है। वारदात के समय वह पोलिंग बूथ के नजदीक ही था। इसी बीच कुछ युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर उसके सिर पर वार किया। जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। बाद में आरोपी मौके से भाग खड़े हुए।
उधर, मोहित को अस्पताल लेकर जाने वाले अकाली वर्कर राकेश ने कहा कि उनके साथी मोहित पर कांग्रेसियों के कहने पर विशाल व उसके साथियों ने हमला किया है। जिस वजह से पोलिंग बूथ पर माहौल खराब हुआ। राकेश ने बताया कि मामले में पुलिस को शिकायत कर दी है। राकेश ने आरोप लगाया कि यह कोई पुरानी रंजिश का मामला नहीं है। बल्कि कांग्रेसियों ने योजना बनाकर हमला किया है। उधर, थाना बख्शीवाला से मामले के जांच अधिकारी एएसआई सरबजीत सिंह ने बताया कि दोनों गुटों के घायलों के बयान लेने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गाटू गैंग ने कांग्रेस पंच, उसके पिता समेत तीन को किया घायल
पटियाला के थाना अर्बन एस्टेट के अधीन साहिब नगर थेड़ी पोलिंग बूथ के बाहर रविवार शाम को वोटिंग अपील के दौरान अकाली व कांग्रेसी समर्थकों के बीच बहस के बाद उस समय मामला बढ़ गया, जब कांग्रेस पंच, उसके पिता व भाई पर घटना के कुछ देर बाद ही तलवारों से लैस कुछ युवकों ने हमला कर दिया। हमले में तीनों लोग बुरी तरह से घायल हो गए। घायलों में कांग्रेस पंच राम सिंह, उसका भाई विक्की कुमार व पिता हाकम सिंह शामिल है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायलों के परिजनों में से यादविंदर सिंह ने बताया कि राम सिंह कांग्रेस पार्टी का मौजूदा पंच है। रविवार शाम को पोलिंग बूथ के बाहर अकालियों से बहस हो गई। जिसके बाद अकालियों ने धमकियां दी थीं। शाम को पंच राम सिंह वोट डालकर लौट रहे थे तो इसी बीच तलवारों से लैस गाटू गैंग के साथ अकाली वर्करों ने गांव साहिब नगर थेड़ी को जाने वाली सड़क पर पंच को घेर कर हमला कर दिया। शोर सुनकर पंच के पिता व भाई मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला बोल दिया।
वारदात बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। उधर घायलों ने आरोप लगाया है कि हमला करने वाला गैंग उनके गांव व आसपास के इलाके में नशे की सप्लाई करता है। डीएसपी सिटी टू मोहित अग्रवाल के मुताबिक पोलिंग बूथ पर माहौल शांत था। यह लड़ाई-झगड़ा गांव की तरफ जाने वाली सड़क पर हुआ है। हमले में तीन लोग घायल हैं। जिनके बयान पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बठिंडा: चुनाव आयोग ने जब्त की मशीन, पुलिस को कार्रवाई करने के आदेश
मतदान केंद्र के बाहर किसी उम्मीदवार की ओर से अपनी पार्टी या अपना प्रचार करने पर पूर्ण रूप से पांबदी है। इसके बावजूद शहरी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार और मौजूदा वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल के समर्थकों की तरफ से इस नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। पोलिंग बूथ के दो सौ मीटर दूर उम्मीदवारों की ओर से अपने पार्टी के लगाए गए पोलिंग टेंट पर वोटरों को दी जाने वाली वोटर स्लिप पर मनप्रीत सिंह बादल का प्रचार किया जा रहा था।
शहर के एमएसडी स्कूल के बाहर कांग्रेस पार्टी की तरफ से लगाए गए। अपने पोलिंग टेंट पर कांग्रेसी वर्करों की तरफ से वोटर स्लिप वाली मशीन लगाकर वोटरों को बांटी जा रही थी। जिस पर मनप्रीत सिंह बादल की फोटो समेत उसका प्रचार किया जा रहा था। जिसकी शिकायत किसी वोटर चुनाव आयोग की सी विजिल एप पर कर दी है। शिकायत पर एक्शन लेते हुए फ्लाइंग स्क्वॉयड टीम के इंचार्ज अमनदीप सिंह सेखो मौके पर पहुंचे और कांग्रेस पार्टी की वोटर स्लिप वाली मशीन को अपने कब्जे में लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पुलिस को लिखित शिकायत दी गई।
पुलिस ने बनती कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी तरह स्थानीय दाना मंडी में कांगेस पार्टी के समर्थकों द्वारा मनप्रीत सिंह बादल की फोटो लगी वाली वोटर स्लिप देने पर शिअद के उम्मीदवार सरूपचंद सिंगला ने अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी वोटरों को मनप्रीत सिंह बादल का नाम के अलावा पार्टी का चुनाव चिह्न लगा था, उस पर लिखा था कि मनप्रीत बादल को विजेता बनाओं और कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाओ। वोटर स्लिप देकर मतदातों को कांग्रेस पार्टी को वोट देने का दबाव बना रहे हैं, जो चुनाव आयोग के नियमों की उल्लंघना है। हंगामा होने पर पुलिस टीम ने दाना मंडी पहुंचकर मशीन बंद करवाई। कांग्रेस पार्टी की तरफ से सभी बूथों पर इसी प्रकार की वोटर स्लिप बांटी जा रही थी।
कपूरथला: मतदाता को गाड़ी में लेकर जाने को लेकर हुआ विवाद
गांव हमीरा में पोलिंग बूथ से कुछ दूरी पर एक मतदाता को गाड़ी में बिठाकर ले जाने को लेकर अकाली दल व आप वर्करों के बीच झड़प हो गई। इसमें अकाली दल का एक वर्कर जख्मी हो गया, जिसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती कराया गया है। वहीं थाना सुभानपुर में तीन आप वर्करों पर केस दर्ज कर लिया गया है।
थाना सुभानपुर के एसएचओ एसआई अमनदीप कुमार नाहर ने बताया कि रविवार की सुबह वोटिंग प्रक्रिया शुरू होने के बाद करीब साढ़े नौ बजे से दस बजे के बीच अकाली वर्कर जसविंदर सिंह एक मतदाता को गाड़ी में बिठाकर पोलिंग बूथ पर वोट डलवाने के लिए लेकर जा रहा था तो रास्ते में आप वर्कर गोपी, हैप्पी व उनके एक अन्य साथी ने उसे रास्ते में ही रोककर गाड़ी घेर ली और अंदर बैठे वोटर को जबरन गाड़ी से उतारकर अपनी गाड़ी में बिठाने लगे तो जसविंदर सिंह ने ऐसा करने से रोका तो उक्त तीनों लोगों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। जिससे वह जख्मी हो गया। जसविंदर सिंह को जख्मी हालत में सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती कराया गया है। एसएचओ ने बतया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। सुल्तानपुर लोधी के गांव बाजे में आप वर्कर से भी झड़प हुई है।
कपूरथला: पैसे लेकर वोट डालने की पेशकश ठुकराने पर धक्केशाही
थाना कबीरपुर पुलिस ने एक व्यक्ति की शिकायत पर आजाद उम्मीदवार के पक्ष में वोट के बदले पैसे का लालच देने व मना करने पर धक्केशाही करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को मोटरसाइकिल पर आते हुए काबू कर लिया है। जिससे पुलिस को 27 हजार 500 रुपये बरामद हुए हैं, जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है।
एसआई कंवलजीत सिंह गांव आहलीकलां के समीप मौजूद थे। तभी उनके पास रणजीत सिंह निवासी गांव आहली खुर्द ने आकर बताया कि साहिब सिंह निवासी गांव खुजाला गुरदासपुर व देवा सिंह निवासी गांव आहली खुर्द उसके घर आकर उसे आजाद उम्मीदवार राणा इंद्रप्रताप सिंह के पक्ष में मतदान करने के लिए पैसे देने का लालच दिया, जब उसने विरोध किया तो वह धक्केशाही पर उतर आए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग वहां पर एकत्र हो गए। जिसके बाद दोनों मौके से भाग निकले।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। एसआई कंवलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश कर ही रही थी कि इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी साहिब सिंह को मोटरसाइकिल पर आते हुए काबू कर लिया। जिसके कब्जे से पुलिस टीम को 27 हजार 500 रुपये बरामद हुए है। वहीं दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।