7 साल बाद हुआ बेटा, 8 महीने में उठ गया पिता का साया, शहीद सुखजिंदर का भाई बोला...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलवामा आतंकी हमले में शहीद होने वाले जवानों में तरनतारन के गाव गंडीविंड धत्तल के सुखजिंदर सिंह भी शामिल हैं। सुखजिंदर सिंह की शहादत की खबर रात को जब गांव पहुंची तो परिवार को पहले यकीन ही नहीं हुआ। शहीद के भाई गुरजंट सिंह जंटा ने परिवार को जब जानकारी दी तो पूरा परिवार सन्न रह गया। आतंकवादियों ने जिस तरह कायरतापूर्वक हमला किया है उससे यह परिवार बहुत गुस्से में है। सुखजिंदर के परिजनों का कहना है कि पाकिस्तान के साथ अब आर-पार की लड़ाई होनी चाहिए, तभी पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज आएगा।
पट्टी के गांव गंडीविंड धत्तल निवासी गुरमेल सिंह के बेटे सुखजिंदर सिंह सीआरपीएफ की 76वीं बटालियन में बतौर कांस्टेबल तैनात थे। सुखजिंदर सिंह 28 जनवरी को एक माह की छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौटे थे। सुखजिंदर की पत्नी सरबजीत कौर ने बताया कि शादी के सात साल बाद बड़ी मन्नत से बेटा हुआ था। जाते समय सुखजिंदर अपने आठ माह के बेटे गुरजोत सिंह को बार-बार चूम रहे थे। उनका छोटा भाई गुरजंट सिंह जंटा अपने पिता गुरमेल सिंह के साथ खेती करता है।
सुखजिंदर सिंह ने गुरुवार सुबह साढ़े दस बजे अपने भाई गुरजंट सिंह जंटा को फोन करके बताया कि जम्मू-कश्मीर में रास्ता बंद होने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। अब रास्ता खुल चुका है। सीआरपीएफ के ढाई हजार जवानों का काफिला अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहा है। गुरजंट ने बताया कि फोन पर सुखजिंदर बार-बार अपने बेटे गुरजोत के बारे में पूछ रहा था कि वह रोता तो नहीं है।
सुखजिंदर सिंह का कहना था कि थोड़े दिन में वह अपने बेटे के लिए ढेर सारे खिलौने भेजेगा। साथ ही अपनी बहन लखविंदर कौर के लिए कश्मीर से अखरोट भेजेगा। गुरुवार दोपहर बाद हुए आतंकी हमले में सुखजिंदर सिंह की शहादत की खबर ने पूरे परिवार को पत्थर कर दिया। इस खबर के बाद 1300 की आबादी वाले गाव गंडीविंड धत्तल में चूल्हा नहीं जला। परिवार वालों का कहना है कि आतंकवादियों ने जिस तरह का कायरतापूर्वक हमला किया है। उससे यह परिवार बहुत गुस्से में है। पाकिस्तान के साथ अब आर पार की लड़ाई होनी चाहिए, तभी पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज आएगा।
मेरा बेटा अमर हो गया है
शहीद के भाई गुरजंट सिंह जंटा ने बताया कि शहादत की खबर सीआरपीएफ के हेडक्वार्टर से मिलते ही उन्होंने अपनी मां हरभजन कौर को जब सूचना दी तो वह अपने बेटे की फोटो हाथ में लेकर बोलने लगी कि मेरा बेटा अमर हो गया है।
आज गांव पहुंचेगा पार्थिव शरीर
पट्टी के विधायक हरमिंदर सिंह गिल ने शहीद सुखजिंदर सिंह के परिवार से गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि सुखजिंदर सिंह का पार्थिव शरीर शनिवार को दोपहर बाद गांव गंडीविंड धत्तल पहुंचेगा, जहां पर सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।