पुलवामा हमलाः शहीदों के परिजनों को 12-12 लाख रुपये और सरकारी नौकरी देगी पंजाब सरकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए सूबे के चार जवानों के परिवारों को 12-12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। पंजाब के चार सैनिकों के परिवारों के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन बहादुरों के नश्वर शरीर का शनिवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पुलवामा में सुरक्षा बलों पर हुए बर्बर हमले में जान गंवाने वाले 40 जवानों में, रूपनगर जिले के कुलविंदर सिंह, तरनतारन के सुखजिंदर सिंह, मोगा के जयमल सिंह और पंजाब के गुरदासपुर के दीनानगर के मनिंदर सिंह शामिल हैं। दुख की इस घड़ी में शहीदों के परिवारों को अपनी सरकार के पूर्ण समर्थन और सहयोग का आश्वासन देते हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि पंजाब के लोग उनके साथ हैं। मुख्यमंत्री ने मानवता के खिलाफ इस जघन्य अपराध के दोषियों के खिलाफ कड़ी जवाबी कार्रवाई की अपनी मांग दोहराते हुए कहा कि बहादुर बेटों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।
पंजाब सरकार शहीदों में राजकीय सम्मान के साथ देगी अंतिम विदाई
पंजाब सरकार ने पुलवामा आंतकी हमले के शहीदों को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई देने का फैसला किया है। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इन शहीदों के पैतृक जिलों के डिप्टी कमीशनरों को इस संबंध निर्देश दिए जा चुके हैं और इन शहीदों के अंतिम संस्कार के अवसर पर ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ का प्रबंध करने के लिए कहा गया है।
इन शहीदों में धर्मकोट जिला मोगा से एचसी/डीवीआर जैमल सिंह, तहसील पट्टी तरनतारन से सीटी/जीडी सुखजिंदर सिंह, दीनानगर जिला गुरदासपुर से सीटी/डब्ल्यूसी मनिंदर सिंह अत्री और तहसील आनंदपुर साहिब जिला रोपड़ से सीटी/जीडी कुलविंदर सिंह शामिल हैं।
शहीदों के लिए वकील 500 और सीनियर वकील देंगे 5000
पुलवामा में आत्मघाती आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने दोपहर 1 बजे बैठक कर दो मिनट का मौन रखा। इस दौरान सभी सदस्यों ने इस आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की और इस घटना के शोक में दोपहर बाद वकीलों ने वर्क सस्पेंड किया। बार एसोसिएशन के बड़ी संख्या में एकत्रित हुए वकीलों ने बैठक कर इस आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों के परिवारों को आर्थिक मदद दिए जाने का भी निर्णय लिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि हाईकोर्ट बार एसोसिएशन का प्रत्येक सदस्य स्वेछा से 500-500 और सीनियर एडवोकेट 5000 -5000 रुपये जमा करवाएंगे। इसके अलावा जो भी सदस्य अतिरिक्त राशि देना चाहता है तो वह भी दे सकता है। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के 9000 से अधिक सदस्य हैं और 100 से अधिक सीनियर एडवोकेट हैं। जमा राशि शहीदों के परिवारों को दी जाएगी। इसके अलावा हाईकोर्ट बार ने सभी राजनीतिक दलों से गुजारिश करते कहा कि सभी को पार्टी लाइन से ऊपर उठकर निंदा करनी चाहिए और केंद्र सरकार को हर तरह से संभव सहयोग देना चाहिए।