फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Politics Intensified in horse trading of AAP MLAs in Punjab

Operation Lotus: पंजाब में गरमाई राजनीति, कांग्रेस ने मांगे आरोपों के सबूत, सुखबीर बोले-धुआं वहीं होता है...

Thu, 15 Sep 2022 10:39 AM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: निवेदिता वर्मा Updated Thu, 15 Sep 2022 10:39 AM IST
सार

पंजाब आप के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस के विधायक बिककर लगातार भाजपा में शामिल हो रहे हैं। नरेंद्र मोदी को देश में सिर्फ और सिर्फ आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल से ही डर लगता है, इसीलिए भाजपा आप विधायकों को खरीद कर पंजाब की सरकार गिराने की साजिश रच रही है।

विज्ञापन
Politics Intensified in horse trading of AAP MLAs in Punjab
भाजपा पर आरोप लगाते मंत्री हरपाल चीमा। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

आम आदमी पार्टी (आप) ने अपने विधायकों की खरीद-फरोख्त कर सरकार गिराने की साजिश रचने का आरोप लगाया तो पंजाब की राजनीति में उफान आ गया। आप ने भाजपा के खिलाफ मंत्रियों और विधायकों की पूरी फौज उतार दी। 

विज्ञापन


मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि भाजपा के नापाक एजेंडे को आप के वफादार सिपाही कभी सफल नहीं होने देंगे। अरोड़ा ने कहा कि आप एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक परिवार है। हम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में राजनीतिक व्यवस्था में सुधार करके देश में बदलाव लाने के लिए समर्पित रूप से काम कर रहे हैं। हमारे विधायक भाजपा की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। हमारे विधायकों को तोड़ने के लिए भाजपा चाहे प्रत्येक विधायक को 25 या 50 करोड़ ही क्यों न ऑफर करे, पंजाब में उसका ‘ऑपरेशन लोटस’ सफल नहीं होगा।’

विज्ञापन

संविधान का अपमान कर रही भाजपा-आप

पंजाब के खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने भाजपा पर सियासी हमला बोलते हुए कहा कि खरीद-फरोख्त की राजनीति कर भाजपा देश के संविधान और बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का अपमान कर रही है। 2014 में केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद लगभग हर राज्य में भाजपा ने ईडी और सीबीआई का डर दिखाकर दूसरी पार्टियों के नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कराया है।

उन्होंने इसका उदाहरण देते हुए कहा कि असम के मौजूदा मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा, बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शरद पवार के भतीजे अजीत पवार को भाजपा ने ईडी का डर दिखाकर पार्टी में शामिल कराया। अजित पवार पर दर्जनों मामले चल रहे थे, भाजपा में जाने के बाद 3 दिन के अंदर ही उनके सारे मामले खत्म कर दिए गए। इसी तरह आंध्र प्रदेश में भी तेलुगू देशम पार्टी के दो सांसदों को ईडी-सीबीआई का डर दिखाकर भाजपा ने पार्टी में शामिल कराया। गोवा में कांग्रेस के 11 में से 8 विधायकों को तोड़कर भाजपा ने अपनी पार्टी में शामिल करा लिया है।

पंजाब आप के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस के विधायक बिककर लगातार भाजपा में शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस पार्टी खत्म हो चुकी है और राहुल गांधी एक असफल नेता हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी को देश में सिर्फ और सिर्फ आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल से ही डर लगता है, इसीलिए भाजपा आप विधायकों को खरीद कर पंजाब की सरकार गिराने की साजिश रच रही है लेकिन आप विधायक कांग्रेस की तरह बिकने वाले नहीं हैं। भाजपा लाख कोशिश कर ले लेकिन पंजाब में उसका नापाक मंसूबा कभी सफल नहीं होगा।

अंगुराल बोले-मुझे दिया लालच, अब दे रहे जान से मारने की धमकी 

आप विधायक शीतल अंगुराल ने दावा किया है कि भाजपा के पंजाब और हरियाणा के नेता उन्हें पिछले दस दिन से लालच देकर भाजपा में आने का दबाव बना रहे थे, लेकिन जब उन्होंने उनकी पेशकश ठुकरा दी तो वे उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।

अंगुराल ने दावा किया कि मंगलवार को आप नेता हरपाल सिंह चीमा द्वारा बुलाई गई प्रेस कांफ्रेंस, जिसमें वे भी मौजूद थे, के बाद उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं। उनसे कहा जा रहा है कि अगर उन्होंने कोई बात जगजाहिर की या फिर सबूत दिए तो उन्हें और उनके परिवार को नुकसान पहुंच सकता है। अंगुराल ने कहा कि वे अरविंद केजरीवाल के एक छोटे से सिपाही हैं और न तो किसी लालच में आए और न ही किसी गीदड़भभकी से डरे हैं। उनके पास इस सारे मामले के मोबाइल नंबरों समेत ऑडियो, वीडियो सबूत हैं, जिन्हें वे पुलिस और जनता से सामने रखेंगे। 

भाजपा बचाव में उतरी, कहा-आरोपों की हो सीबीआई जांच

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने पंजाब में आप नेताओं के उन आरोपों की सीबीआई जांच कराने की मांग की है, जिनमें आप नेताओं ने कहा है कि उन्हें अपनी वफादारी बदलने के लिए रिश्वत की पेशकश की जा रही है।

चुघ ने कहा कि यह सबसे हास्यास्पद है कि आप पंजाबियों के साथ खेल रही है क्योंकि पंजाब की शराब नीति में आप सरकार द्वारा किए गए घोर भ्रष्टाचार से लोगों का ध्यान हटाना चाहती है। उन्होंने कहा कि फर्जी कॉल के आधार पर शिकायत लेकर डीजीपी के पास जाने वाली आप सरकार घटिया और भ्रामक राजनीति कर रही है, जो आने वाले समय में पंजाब के लिए आपदा साबित होगी। उन्होंने कहा कि इसी तरह का अभियान दिल्ली में आप द्वारा चलाया गया था कि भाजपा दिल्ली में आप सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है। लेकिन अंतत: यह झूठा साबित हुआ। चुघ ने कहा कि आप पंजाब के लिए गंभीर खतरा पैदा करने वाले मुख्य मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए मिमिक्री की राजनीति कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि अवैध खनन की समस्या को दूर करने की बजाय आप सरकार अपनी विफलता से लोगों का ध्यान हटाने के लिए मुर्गा और सांड की कहानियां बना रही है।

विज्ञापन

धुआं वहीं होता है, जहां आग हो: सुखबीर

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने पंजाब आप द्वारा भाजपा पर लगाए गए ‘ऑपरेशन लोटस’ के तहत विधायक खरीदने के आरोपों के बारे में कहा- ‘धुंआ वहीं होता है जहां आग लगी होती है।’ सुखबीर बादल ने कहा कि यह स्पष्ट है कि आप के विधायक हाथ आजमा रहे हैं, इसीलिए उनकी कीमत लगाई जा रही है। उन्होंने आप विधायकों को सलाह भी दी कि उन्हें इस तरह पाला बदलने में भागीदार नहीं बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि तब कोई भी उनसे समर्थन या उन्हें खरीदने की पेशकश नहीं करेगा।

हाईकोर्ट की निगरानी में हो विधायकों को रिश्वत प्रस्ताव मामले की जांच : वडि़ंग 

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि आप सरकार विधायकों को रिश्वत की कथित पेशकश के मुद्दे की जांच उच्च न्यायालय की देखरेख में किसी स्वतंत्र जांच एजेंसी से करवाए। वड़िंग ने कहा कि अगर इस मामले में सच्चाई है तो कांग्रेस आम आदमी पार्टी का समर्थन करती है। हालांकि पीसीसी अध्यक्ष ने आप सरकार द्वारा इसकी जांच कराए जाने पर संदेह जताया और कहा कि सरकार अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए एक पूर्व नियोजित योजना के तहत इस तरह के आरोप लगाती आई है। उन्होंने कहा कि हाल ही में पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर चल रहे अवैध बालू खनन के मुद्दे पर आप सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे।

इसके अलावा उच्च न्यायालय ने मुफ्त राशन की होम डिलीवरी की नीति पर रोक लगा दी थी और फिर फौजा सिंह सराय के लीक हुए ऑडियो का मुद्दा भी सुर्खियों में रहा, जिसमें ठेकेदारों से पैसे वसूलने की योजना बनाई जा रही थी। पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि इसको छिपाने के लिए आप ने अपने विधायकों को रिश्वत देने के प्रयास का आरोप लगाया था। अगर यह सच है तो आप एफआईआर क्यों दर्ज नहीं करवा रही। पंजाब में आप में फूट पड़ने की पूरी संभावना है, चूंकि विधायक घुटन महसूस कर रहे हैं। उन्होंने अग्निपथ योजना के मसले पर कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान अब इस योजना के समर्थन की बात कह रहे हैं, जबकि सीएम ने पंजाब विधानसभा में इसका विरोध किया था। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed