चंडीगढ़ः कर्फ्यू में कोरोना के लिए जारी हेल्पलाइन पर कॉल कर पूछ रहे लोग- कल दूध आएगा या नहीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सर कर्फ्यू कब हटेगा, दुकानें कब खुलेंगी, कल दूध आएगा या नहीं, घर में दवाएं खत्म हो गई हैं... बाहर कैसे जाएं? कुछ इस तरह के सवाल चंडीगढ़ प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर 112 पर शहरवासियों की तरफ से पूछे जा रहे हैं। यह हेल्पलाइन कोरोना वायरस से संबंधित किसी भी तरह के सवाल पूछने के लिए 24 घंटे काम कर रही है।
इसकी निगरानी शहर के आईएएस, पीसीएस अधिकारी कर रहे हैं। कंट्रोल रूम पर 24 घंटे किसी न किसी अधिकारी का मौजूद होना अनिवार्य किया गया है। कुछ अधिकारी नाइट ड्यूटी भी कर रहे हैं। कर्फ्यू लगने के बाद से लोगों के ज्यादा फोन आ रहे हैं।
सोमवार शाम 5 बजे तक हेल्पलाइन पर करीब 100 कॉल्स आ चुकी थीं। यह संख्या मंगलवार को 250 से ज्यादा हो गई। शहरवासियों की तरफ से सवाल पूछने के साथ कई तरह की जानकारियां भी लोग दे रहे हैं। कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों से बात करने पर यह पता चला कि शहरवासी खुद भी कोरोना वायरस को लेकर काफी सतर्क हैं।
लोग अगर किसी को बाहर घूमते हुए देख रहे हैं तो उसकी भी शिकायत हेल्पलाइन पर दे रहे हैं। इस तरह के भी कई फोन कंट्रोल रूम पर आ रहे हैं। इस तरह की कॉल आने पर कंट्रोल रूम के कर्मचारी तुरंत कार्रवाई के लिए कॉल को चंडीगढ़ पुलिस को फॉरवर्ड कर देते हैं। इसके बाद बाहर घूम रहे लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है।
गौरतलब है कि प्रशासन ने चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के सीईओ यशपाल गर्ग को कंट्रोल सेंटर का इंचार्ज बनाया है। इसके अलावा पीसीएस नवजोत कौर, पीसीएस राधिका सिंह, एचसीएस रुची सिंह, एचसीएस जगजीत सिंह, पीसीएस संदीप कुमार को भी कंट्रोल सेंटर की जिम्मेदारी सौंपी है।
क्वारंटीन किए गए लोगों के पास 112 का सहारा
क्वारंटीन किए गए लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 काफी मददगार साबित हो रहा है। अपनी किसी भी जरूरत के लिए या क्वारंटीन में कोई समस्या आ रही है तो लोग 112 नंबर पर कॉल कर रहे हैं। इसके अलावा पड़ोस में जो कोई भी व्यक्ति विदेश से आ रहा है, उसके बारे में आसपास रहने वाले लोग फोन कर जानकारी दे रहे हैं।
कंट्रोल सेंटर में मौजूद अधिकारी भी लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। वहीं, कई बार 112 नंबर पर कॉल करने पर पंजाब के हेल्पलाइन सेंटर से कनेक्ट हो जाता है। जानकारी के अनुसार 112 नंबर मोहाली और चंडीगढ़ दोनों के लिए चल रहा है। इसके अलावा लोगों की शिकायत है कि कई बार 112 नंबर नहीं मिलता है।