चंडीगढ़। गवर्नमेंट मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल (जीएमएसएच) सेक्टर-16 में आंख और नाक, कान व गला विभाग की ओपीडी शुरू कर दी गई है। अस्पताल प्रशासन ने दोनों विभागों के मरीजों के साथ डॉक्टरों को संक्रमण से बचाने के लिए अतिरिक्त एहतियात बरतने को कहा है।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीके नागपाल ने बताया कि संक्रमण के डर से ओपीडी का संचालन नहीं किया जा रहा था, लेकिन मरीजों की परेशानी को देखते हुए शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अगर स्थिति नियंत्रण में रही तो जल्द ही नेत्र रोग विभाग में ऑपरेशन भी शुरू कर दिया जाएगा। डॉक्टरों को अतिरिक्त सावधानी बरतने का निर्देश दिया गया है। उन्हें मास्क के साथ ही फेस शील्ड का प्रयोग करने को कहा गया है। वहीं, ओपीडी में आने वाले मरीजों की कोरोना जांच करने के साथ ही दो बार स्क्रीनिंग कराई जा रही है ताकि किसी भी स्तर पर कोई चूक न होने पाए। डॉ. नागपाल ने बताया कि आंख और नाक, कान, गला संबंधी बीमारियों के मरीज का इलाज करने वाला डॉक्टर सोशल डिस्टेंसिंग के मानक फॉलो नहीं कर सकता, इसलिए वहां संक्रमण से बचाव के अतिरिक्त उपाय करना जरूरी है। गौरतलब है कि अस्पताल की ओपीडी शुरू होने के बाद भी आंख और नाक, कान, गला विभाग की ओपीडी का संचालन नहीं हो रहा था, जिससे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।