ओमप्रकाश चौटाला ने फिर की मनोहर लाल पर आपत्तिजनक टिप्पणी, भाजपा पर लगाया आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पैरोल पर आए पूर्व सीएम व इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला ने एक बार फिर सीएम मनोहर लाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा को भाजपा ने विकास के मामले में पीछे धकेल दिया। उन्होंने सीएम का नाम लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की। साथ ही कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने वरिष्ठों का अपमान किया है।
वह बुधवार को सेक्टर-14 स्थित इनेलो कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सीएम ने विकास के लिए कोई काम नहीं किया है। बल्कि सीएम ने हरियाणा को विकास के मामले में काफी पीछे धकेल दिया। इसके बाद चौटाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी ने भी अपने बड़ों का अपमान किया है।
गुजरात में माहौल खराब होने के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने राजधर्म की नसीहत देते हुए मोदी को हटाने की तैयारी कर ली थी लेकिन उस समय लालकृष्ण आडवाणी ने मोदी को बचाया था। लेकिन आज उन्हीं आडवाणी को मोदी हाशिए पर डाल दिया है। चौटाला ने कहा कि हरियाणा में विधानसभा चुनाव नजदीक है।
सभी पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करने के लिए एकजुट हो जाएं। इस दौरान उन्होंने कहा कि जो पार्टी के गद्दार हैं, उनसे दूर रहें और संगठन को मजबूत करने के लिए प्रयास शुरू करें। जो लोग अच्छा काम कर रहे हैं, उन्हें पार्टी में जोड़ने की कोशिश करें। उन्होंने कहा कि अच्छी विचारधारा के व्यक्ति को चुनाव मैदान में उतारा जाएगा।
इसके लिए कार्यकर्ताओं से सूची मांगी जाएगी। इसके आधार पर उम्मीदवार का चयन किया जाएगा। यदि कोई उम्मीदवार गरीब होगा तो उसके लिए गांव-गांव जाकर भीख मांगकर चुनावी खर्च जुटाया जाएगा।
इस दौरान कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए चौटाला ने कहा कि पांडवों ने 12 साल का तो श्रीराम ने 14 साल का वनवास काटा था और अब इनेलो 15 साल का वनवास काट चुकी है। अब सत्ता में वापसी की तैयारी कर लें। आने वाली सरकार इनेलो की बनेगी।