इनेलो को मजबूत कर रहे मोदी: चौटाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व मुख्यमंत्री चौटाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर खुलकर जुबानी हमला किया। कहा, करनाल में हम कुछ कमजोर थे। मोदी की रैली के बाद माहौल बदल गया। यदि वे मेहरबानी कर 90 हलकों का दौरा कर जाएं तो हमें कहीं जाने की जरूरत नहीं होगी।
उनका सम्मान करते हैं, लेकिन उनकी भाषा से लगता है कि वह महात्मा गांधी की जन्म स्थली गुजरात में पैदा नहीं हुए। वे इनेलो रैलियों में अपनी फोटो दिखाने की बात करते हैं लेकिन वे यह समझ लें कि अभी हमारे चेहरों में चमक है। हम महान विभूति ताऊ देवीलाल की फोटो दिखाते हैं।
कोई शर्त लगा ले इस बार हुड्डा की हार तय
पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के हलके गढ़ी-सांपल-किलोई में उन पर जमकर बरसे। कहा, भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाले खुद भ्रष्टाचार में डूबे हैं। साइकिल पर चलने वाले आज 50 लाख की गाड़ी में घूम रहे हैं।
उन्होंने तो यहां तक कह डाला कि इस बार कोई शर्त लगा ले हुड्डा की हार तय है। वह यहां इनेलो प्रत्याशी सतीश नांदल के समर्थन में बृहस्पतिवार को गढ़ी-सांपला-किलोई हलके के गांव भालोट के स्टेडियम में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इनेलो सुप्रीमो चौटाला ने कहा, आज जो माहौल बदला है, उसका श्रेय भी हुड्डा को ही जाता है।
हम न चंडीगढ़ बैठेंगे न तिहाड़ में जनता के बीच बैठेंगे
हुड्डा पर निशाना लगाते हुए चौटाला कहते हैं कि साढ़े नौ वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने प्रदेश के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा, मुझे जेल से डर नहीं लगता। पिता जेल गए, मैंने जेल काटी। अब तो चौथी पीढ़ी भी तैयार है।
उन्होंने कहा, विधायक जीतकर आएंगे तो मुख्यमंत्री मैं ही बनूंगा। पहली ही कलम से प्रदेश वासियों की सात पीढ़ी का जुगाड़ भी कर दूंगा। उधर, कोसली में उन्होंने कहा कि हरियाणा में इनेलो सरकार के गठन के साथ सीएम बनना भी तय है। इसके बाद न तो मैं तिहाड़ जेल में रहूंगा और न ही चंडीगढ़ बैठूंगा। जनता मुझे चुनेगी तो जनता के बीच बैठकर ही समस्याओं का समाधान करूंगा।