पंजाब पहुंची ऑब्जर्वर की फौज, जानिए चुनाव से जुड़ी पूरी जानकारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब विधानसभा चुनाव में करीब दो करोड़ वोटर 145 उम्मीदवारों का भविष्य तय करेंगे। इस बार सबसे ज्यादा 18 उम्मीदवार सन्नौर और सबसे कम पांच उम्मीदवार खेमकरण विधानसभा हलके से हैं।
पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी वीके सिंह ने प्रेस कांफ्रेस में बताया कि 18 जनवरी को फाइनल रिव्यू के बाद पंजाब में कुल 1,98,73,069 वोटर हैं। इनके अलावा 1.50 लाख सर्विस वोटर हैं।
वोटरों में से 1.05 करोड़ पुरुष, 93.75 लाख महिलाएं, 415 थर्ड जेंडर हैं। इस बार 364 एनआरआई वोटर हैं, जबकि 18-19 साल के वोटरों की संख्या 4,05,800 है। भोआ में 16 और सन्नौर में 18 उम्मीदवार होने के कारण इन दो हलकों में दो-दो ईवीएम का उपयोग किया जाएगा।
इस बार 304 आजाद उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव के लिए दूसरे राज्यों से ऑब्जर्वर आ चुके हैं। इनमें 55 जनरल ऑब्जर्वर, 50 एक्सपेंडिचर और 27 पुलिस ऑब्जर्वर शामिल हैं।
पेड न्यूज की अब तक 46 शिकायतें आई थीं, जिनमें से चार को नोटिस वापस ले लिया गया है। 16 को जिला कमेटियों ने सर्टिफाई किया है, बाकी की जांच पेंडिंग है। वीके सिंह ने बताया कि समाधान ऐप पर अब तक 3500 शिकायतें आई हैं, करीब दो हजार शिकायतें दूसरे माध्यम से मिली हैं।
नहीं हटेगी केजरीवाल की सुरक्षा
दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने चुनाव आयोग को पत्र लिख कर कहा था कि उनकी सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों को हटा लिया जाए, लेकिन चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि उनकी सुरक्षा वापस नहीं ली जाएगी।
एडीजीपी वीके भावरा ने कहा कि राज्य व केंद्र सरकारों द्वारा जिन लोगों को भी सुरक्षा की कैटेगरी में रखा गया है, पुलिस उन्हें सुरक्षा मुहैया कराने को बाध्य है।
एनआरआई के प्रचार पर असमंजस
इस बार सभी पार्टियों के लिए बड़ी संख्या में एनआरआई प्रचार को आ रहे हैं। वे यहां प्रचार कर सकते हैं या नहीं, इसे लेकर चुनाव आयोग भी असमंजस में है। मुख्य चुनाव अधिकारी वीके सिंह ने कहा कि अभी तक ऐसा कोई रूल नहीं मिला है कि एनआरआई प्रचार नहीं कर सकते हैं।
फिर भी, केंद्रीय चुनाव आयोग से इस बारे में स्पष्टीकरण मांगा गया है, एक-दो दिन में स्थिति स्पष्ट हो सकती है। गौरतलब है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आयोग से मांग की थी कि आप के पक्ष में बाहर से आए लोगों को सूबे से निकाला जाए, वरना कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है। सिंह ने कहा कि मतदान के 48 घंटे पहले सभी बाहरी लोगों को हलकों से बाहर निकालना यकीनी बनाया जाएगा।
अब तक 58 करोड़ का सामान सीज
अब तक 58 करोड़ का सामान सीज
चुनाव की घोषणा के बाद से अब तक पंजाब में 58 करोड़ का सामान सीज किया गया है, जिसमें सोना, कैश, शराब व नशीले पदार्थ शामिल हैं। एडीजीपी वीके भावरा ने बताया कि पांच किलो हेरोइन, 1800 किलो भुक्की, 127 किलो अफीम बरामद की गई है, 394 लोगों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत परचा दर्ज किया गया है।
जेएंडके पुलिस ने भी लखनपुर के पास पंजाब लाई जा रही एक हजार किलो भुक्की बरामद की है। राजस्थान पुलिस ने 475 किलो भुक्की बरामद की है। अब तक राज्य के 85 प्रतिशत, 3.19 लाख लाइसेंसी हथियार जमा कराए जा चुके हैं।
पुलिस की ओर से लगाए नाकों पर 409 गैर लाइसेंसी हथियार भी पकड़े गए हैं। भावरा ने बताया कि सोमवार को अंतर-राज्यीय कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक हुई, जिसमें पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, जेएंडके और राजस्थान के अधिकारी शामिल हुए।
इसमें चुनाव से 72 घंटे पहले पंजाब सीमा के दोनों तरफ नाके लगाने का फैसला किया गया है। साथ ही सीमा पर चेकिंग बढ़ाने का भी फैसला किया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक बारह सौ सुरक्षाकर्मी हटाए जा चुके हैं, बीस एसएचओ बदले जा चुके हैं।