विधायक से टकराव के बाद अंबाला के एसपी का तबादला, जानें और कहां के पुलिस अधिकारी हुए इधर-उधर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अंबाला सिटी में विधायक असीम गोयल से टकराव के बाद अंबाला के पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा को बदल दिया गया है। अभिषेक जोरवाल एक बार फिर से अंबाला के नए एसपी होंगे। इसके अलावा सरकार ने नौ पुलिस अफसरों समेत आठ जिलों के एसपी भी बदल दिए हैं। आगामी चुनाव से पहले पुलिस महकमे में यह बड़ा फेरबदल है।
विगत 24 जून को अंबाला में कष्ट निवारण समिति की बैठक में परिवहन एवं जेल मंत्री कृष्ण लाल पंवार के सामने अंबाला सिटी विधायक असीम गोयल ने अंबाला पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। इसी दौरान मंत्री के सामने एक युवक ने अपने जख्म दिखाते हुए पुलिस कर्मियों पर मारपीट का आरोप भी लगाया था।
इसी बात को भी लेकर विधायक असीम गोयल पूरी तरह भड़क गए और उन्होंने मंच पर ही मंत्री के समक्ष अंबाला पुलिस के खिलाफ तीखी नारेबाजी शुरू की। हालांकि इस मामले में युवक को पीटने के आरोप में थाना प्रभारी को निलंबित कर, दो पुलिस कर्मियों को लाइनहाजिर और दो होमागार्ड जवानों को बर्खास्त किया जा चुका है। लेकिन विधायक और एसपी का टकराव कम नहीं हुआ। जिसके चलते सरकार ने अब अंबाला एसपी अंबाला मोहित हांडा का तबादला चरखी दादरी पुलिस अधीक्षक के रूप में कर दिया गया है।
पंचकूला सीएफएमएस (सीआईडी) के पुलिस अधीक्षक अभिषेक जोरवाल को फिर से अंबाला का पुलिस अधीक्षक लगाया गया है। इसी तरह सरकार ने गुरुग्राम एसटीएफ की पुलिस अधीक्षक नाजनीन भसीन को रेवाड़ी का पुलिस अधीक्षक का चार्ज दिया है। वहीं रेवाड़ी के पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा अब रोहतक के एसपी होंगे।
रोहतक के पुलिस अधीक्षक जशनदीप सिंह रंधावा को अब गुरुग्राम एसटीएफ के पुलिस अधीक्षक का पदभार संभालेंगे। जबकि कैथल के पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम को तीसरी आईआरबी सुनारिया का कमांडेंट लगाया गया है।
हांसी के पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र कुमार को कैथल का पुलिस अधीक्षक लगाया गया है और दादरी के पुलिस अधीक्षक समिति चौधरी को पंचकूला सीएफएमएस (सीआईडी) का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। जबकि अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र सिंह सांगवान को हांसी का पुलिस अधीक्षक लगाया गया है।
धरने की धमकी देने वाले आईएएस संजीव को खुड्डेलाइन पोस्टिंग
सरकार ने आईपीएस के साथ-साथ चार आईएएस अफसरों का भी तबादला कर दिया है। इसमें आईएएस संजीव वर्मा को खुड्डेलाइन पोस्टिंग दी गई है। संजीव वर्मा अभी अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के निदेशक और विशेष सचिव थे। अपने इसी कार्यकाल के दौरान आईएएस संजीव वर्मा ने छात्रवृति में बड़े घपलेबाजी का खुलासा किया था।
इसमें उन्होंने विभाग के कुछ कर्मियों को निलंबित करते हुए उन पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। मगर एफआईआर होने में पुलिस द्वारा की जा रही देरी पर आईएएस संजीव ने धरना तक देने की धमकी दे दी थी। जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज किया। अब आईएएस संजीव वर्मा को उनके मौजूदा पद से अभिलेख विभाग का निदेशक और विशेष सचिव लगा दिया गया है।
इसी तरह लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) विभाग की विशेष सचिव गीता भारती को अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का निदेशक और विशेष सचिव नियुक्त किया है। जबकि मुद्रण एवं लेखन सामग्री विभाग की नियंत्रक और अतिरिक्त सचिव रितु को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग का निदेशक और अतिरिक्त सचिव लगाया गया है।
पुन्हाना और तोशाम के उपमंडल अधिकारी (नागरिक) और पलवल सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक जितेंद्र कुमार-3 को पुन्हाना का उपमंडल अधिकारी (नागरिक) और पलवल सहकारी चीनी मिल का प्रबंध निदेशक लगाया गया है।