Punjab News: आतंकियों-गैंगस्टरों के करीबियों के 32 ठिकानों पर NIA ने मारे छापे, कई जगह हथियार मिले
गैंगस्टर हैरी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव लहरा मोहब्बत में डबल मर्डर किया था। करीब एक माह पहले गैंगस्टर को दिल्ली पुलिस ने पकड़ लिया था। इसके बाद एनआईए की टीम गांव माडी में पहुंची। जहां पर टीम ने गैंगस्टर गोबिंद सिंह के घर पर जांच की। हालांकि अब वह फरीदकोट में रहता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों के 32 ठिकानों पर छापे मारे। एनआईए ने गुरुवार सुबह पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली एवं चंडीगढ़ में एक साथ रेड की। तीन अलग-अलग मामलों में हुई इस कार्रवाई के दौरान आतंकियों एवं गैंगस्टरों के करीबियों के कुछ ठिकानों से हथियार भी बरामद हुए हैं।
जांच एजेंसी के प्रवक्ता ने बताया कि तीन मामलों में मारे गए छापे में दो पिस्तौल, दो मैगजीन, गोला-बारूद के साथ 4.6 लाख रुपये की नकदी, दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं। बीकेआई और लॉरेंस जैसे गैंगस्टर सीमापार से हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक, आईईडी आदि की तस्करी करवा रहे हैं। एनआईए ने पिछले साल 10 जुलाई को स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया था।
बीकेआई के 16 स्थानों पर दबिश
गुरुवार को की गई पहली कार्रवाई में बीकेआई के प्रमुखों और सदस्यों की गतिविधियों से संबंधित मामले में 16 स्थानों पर छापे मारे गए। हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा और लखबीर सिंह संधू उर्फ लंडा की पहचान पंजाब में आतंकी साजिश रचने के साथ-साथ हथियारों और गोला-बारूद की तस्करी में शामिल प्रमुख साजिशकर्ताओं में से एक के रूप में हुई है। आतंकियों से संबंध रखने के शक में बठिंडा, फिरोजपुर, खन्ना, पटियाला में छापे मारे गए हैं।
बिश्नोई-बराड़ के सात ठिकानों पर छापा
यूएपीए के प्रावधानों के तहत गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ सहित उसके सहयोगियों के निर्देश पर चलाए जा रहे संगठित अपराध सिंडिकेट के खिलाफ एनआईए की ओर से दर्ज दूसरे मामले में सात स्थानों पर छापे मारे गए।
नौ छापे आतंकी साजिश वालों पर मारे
तीसरे मामले में नौ छापे मारे गए हैं। ये भारत और विदेशों में स्थित कई प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों और आपराधिक गिरोहों से संबंधित है, जो देश के विभिन्न हिस्सों में आतंक और आपराधिक साजिश रचने में शामिल रहे हैं।
गैंगस्टर हैरी मौड़ का घर सील
गुरुवार सुबह एनआईए की टीम ने बठिंडा के गांव मौड़ और माडी में रेड की। टीम ने गांव मौड़ में गैंगस्टर हैरी मौड़ के घर को सील कर दिया है। वहीं गांव माडी में गैंगस्टर गोबिंद सिंह के घर पर जांच करने के बाद टीम लौट गई। गैंगस्टर हैरी मौड़ के घर पर गुरुवार सुबह एनआईए की टीम पहुंची। मगर इस घर में कोई नहीं रहता। एनआईए ने घर को सील कर दिया है।
इसके बाद एनआईए की टीम गांव माडी पहुंची। जहां पर टीम ने गैंगस्टर गोबिंद सिंह के घर की जांच की। टीम को जांच के दौरान पता चला कि गैंगस्टर गोबिंद के घर को उसके रिश्तेदारों ने खरीद कर लिया है। इसके बाद गोबिंद फरीदकोट में रहने लगा है। सूत्रों के अनुसार एनआईए टीम गैंगस्टर गोबिंद के घर पर सिर्फ जांच करने के बाद लौट गई। 2021 में गांव लहरा मोहब्बत में गैंगस्टर हैरी मौड़ और हैरी राजपुरा व विजय समेत अन्य साथियों के साथ मिलकर दो युवकों की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। हाल ही में दिल्ली पुलिस ने गैंगस्टर हैरी मौड़ को गिरफ्तार किया है।