हरियाणाः एनएचएम कर्मियों ने दो दिन और बढ़ाई हड़ताल, विभाग ने जारी किए टर्मिनेट आदेश
हरियाणा में पिछले कई दिनों से चल रही एनएचएम कर्मियों की हड़ताल दो दिन और बढ़ा दी गई है। अब 15 फरवरी तक स्वास्थ्य महकमे के एनएचएम कर्मी कामकाज ठप कर हड़ताल पर रहेंगे। दूसरी ओर, विभाग ने इन हड़ताली कर्मचारियों को टर्मिनेट करने का आदेश भी जारी कर दिया है। यह आदेश जिला स्तर पर सीएमओ द्वारा जारी किए जा रहे हैं। देर शाम तक करीब 550 कर्मचारियों को ये लैटर थमाए गए हैं।
आदेश में कहा गया है कि कर्मचारियों को हड़ताल खत्म कर तुरंत काम पर लौटने की अपील की गई थी, लेकिन काम पर वापस न लौटने पर आपके कांट्रैक्ट को टर्मिनेट किया जाता है। इस टर्मिनेशन लैटर को कई जिलों ने एनएचएम कर्मियों ने फ्रेम करवाकर हार चढ़ाया और प्रदर्शन किया। उधर, कर्मचारियों की इस हड़ताल की वजह से जहां जिलों के सरकारी अस्तपालों और स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रहीं हैं, वहीं मरीजों और तीमारदारों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हड़ताल के दौरान बुधवार को जहां हड़ताली कर्मचारियों ने विभिन्न जिलों में विरोध स्वरूप हवनयज्ञ किया, वहीं सरकार के नाम खून से पाती भी लिखी। हरियाणा एनएचएम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रेहान रजा का कहना है कि इस हवन यज्ञ के दौरान ये प्रार्थना की गई कि सरकार उनका दुखड़ा सुने। इसके अलावा दो जिलों सिरसा और मेवात से स्वास्थ्य कर्मियों ने अपने खून से सरकार के नाम पाती भी लिखी। जिसमें उन्होंने यही मांग की है कि कम से कम उनकी जॉब सिक्योरिटी तो सरकार सुनिश्चित करे।
अध्यक्ष ने कहा कि सरकार इस बात का आश्वासन दे रही है कि उनकी मांगों पर विचार चल रहा है, तो इस बात को ठोस ढंग से कहने में सरकार को क्या ऐतराज है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी नहीं चाहते कि वे कामकाज ठप कर सड़कों पर बैठे, लेकिन जब तक सरकार का रवैया उनकी मांगों के प्रति उदार नहीं होगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। इसीलिए संघ ने दो दिन और कामकाज ठप हड़ताल को बढ़ाने का निर्णय लिया है।