बरवाला। कस्बे की अनाज मंडी एसोसिएशन ने सरसों की सरकारी खरीद आढ़तियों के माध्यम से नहीं करने के विरोध में मंगलवार को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस मौके पर आढ़ती एसोसिएशन पंचकूला के प्रधान धूप सिंह और बरवाला अनाज मंडी एसोसिएशन के प्रधान हरपाल सिंह ने कहा कि सरसों की सरकारी खरीद अनाज मंडी के आढ़तियों के माध्यम से न करने के विरोध में पूरे प्रदेश की मंडियों में मंगलवार को धरना प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों से आढ़ती, किसान और मजदूर लगातार बर्बाद होते जा रहे हैं। सरकार ने पहले ही गेहूं और धान पर आढ़तियों का कमीशन काटकर कम कर दिया है और अब सरकार अनाज मंडियों को बर्बाद करने के लिए सरसों की खरीद आढ़तियों के माध्यम से नहीं कर रही। एसोसिएशन ने कहा कि सरकार को किसान की हर फसल पहले की तरह मंडी के आढ़तियों के माध्यम से खरीदनी चाहिए और सरकार को आढ़तियों को पहले की तरह गेहूं व हर फसल खरीद पर 2.5 दामी देनी चाहिए जबकि आढ़ती सरकार को मार्केट फीस, वेट कर, इनकम टैक्स, जीएसटी, एक्साइज ड्यूटी, लाइसेंस फीस आदि हर प्रकार के टैक्स अदा कर रहे हैं। ऐसे में अगर आढ़तियों को फसल खरीद पर आढ़त नहीं मिलेगी तो आढ़ती मंडी में दुकान पर क्या करेगा। यह चिंता का बहुत बड़ा विषय है। जबकि मंडी में हजारों व्यापारी, लाखों मजदूर, ट्रांसपोर्टर मुनीम आदि सीधे तौर पर जुड़े हुए हैं। अगर मंडियां बंद हो गई तो लाखों लोग बेरोजगार व बर्बाद हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन 5 अप्रैल तक जारी रहेगा। इस अवसर पर बरवाला अनाज मंडी के आढ़ती राजवीर सिंह, हरिओम, रणदीप, कुलविंदर कुमार, सुखजिंदर सिंह, सुभाष मेहता, अजय कुमार, दीपचंद, जसवीर, राकेश छाबड़ा, अजय सिंगला, संदीप अग्रवाल, सुभाष व अन्य आढ़ती मौजूद रहे।