मेहरम मर्डर: किडनैपर के स्कैच जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस ने मेहरम के कातिलों तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी है। शनिवार को पुलिस की कई टीमें सिविल ड्रेस में फेज-9 स्थित घर के बाहर और कई अन्य स्थानों पर जांच में जुटी रहीं। वहीं, जिन बच्चों ने मेहरम को युवकों को अगवा करते देखा था, पुलिस ने उन बच्चों के बताए हुलिए के मुताबिक तीन स्कैच तैयार करवाए हैं।
इन स्कैच को पुलिस ने राज्य के सभी जिलों और पड़ोसी राज्यों में फैक्स और मेल करवा दिया है। ताकि कातिलों को आसानी से पकड़ा जा सके। वहीं, पुलिस का कहना है कि जो व्यक्ति आरोपियों के बारे में सूचना देगा, उनके नाम गुप्त रखे जाएंगे।
कातिलों के संबंध में जानकारी दें
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने बच्चों के बताए हुलिए के मुताबिक जो तीन स्कैच तैयार किए हैं, उनमें एक स्कैच क्लीन शेफ पुरुष का है। वहीं दो अन्य स्कैच में आरोपी मूच्छों वाले व्यक्ति हैं। इसके अलावा जिले की सारी पीसीआर गाड़ियों और शहर के प्रमुख स्थानों पर स्कैच लगाने का निर्णय लिया गया है। ताकि पुलिस कातिलों तक जल्द पहुंच सके।
कातिलों के संबंध में जानकारी देने के लिए पुलिस ने नंबर जारी किए हैं। इनमें एसएसपी को सूचना देने के लिए 0172-2270575-76 पर कॉल करनी होगी। वहीं डीएसपी को सूचना देने के लिए 9803131333 व एसएचओ को 98152-10001 पर बात कर सकते हैं।
सेक्टर-57 में हुआ अंतिम संस्कार
छह वर्षीय मेहरम को शनिवार को सेक्टर-57 के श्मशानघाट पर सैकड़ों नम आंखों ने अंतिम विदाई दी। एक ओर जहां लोगों की आंखें नम थी, वहीं दिलों में पुलिस के प्रति गुस्से का गुबार। बेसुध हालत में मेहरम के नाना बलविंदर सिंह ने उसकी चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान उनके सीने में अचानक दर्द उठने पर उन्हें आईबीवाई अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शनिवार को छह वर्षीय मेहरम की अंतिम विदाई में हुजूम उमड़ पड़ा। इस हृदयविदारक घटना के बाद हर किसी की आंख नम थी। इससे पहले कानूनी कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा था। अस्पताल में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
शव के फेज-9 स्थित घर पर पहुंचते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। मां और नानी मेहरम के शव से लिपट-लिपट कर रोती रही। इसे देख वहां मौजूद लोगों की आंखें छल-छला गईं और दिल रो उठा।
श्मशानघाट बन गया पुलिस छावनी
वहीं हालात को पहले से ही भांपते हुए पुलिस ने घर और श्मशानघाट पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया हुआ था। इसके बाद परिजन शव को लेकर श्मशान घाट के लिए रवाना हुए। इस दौरान बच्चे की नानी, मां और नाना का बुरा हाल था। उनकी आंखों से आंसू और जुबां पर बस मेहरम का ही नाम था। लोगों ने बड़ी मुश्किल से उन्हें संभाला।
अंतिम विदाई में शामिल लोग भी अपने आंसुओं को नहीं रोक सके। वहां मौजूद हर आंख नम थी और दिलों में पुलिस की लापरवाही के प्रति गुस्सा।
काश पुलिस ने शुरू में ही तेजी दिखाई होती
हर कोई बस यहीं कह रहा था कि ‘काश पुलिस ने शुरू में ही तेजी दिखाई होती तो आज ये दिन न देखना पड़ता’। एक महिला का गुस्सा तो विधायक के खिलाफ ही फूट पड़ा। हालांकि बाद में लोगों के शांत कराने पर मामला शांत हो गया।
वहीं अंतिम संस्कार के बाद नाना बलविंदर सिंह के सीने में दर्द शुरू हो गया। इस पर वहां मौजूद लोग उन्हें एक निजी अस्पताल में ले गए। उन्हें 24 घंटे के लिए आब्जरवेशन पर रखा गया है। अंतिम संस्कार में विधायक बलबीर सिंह सिद्धू, एसडीएम लखमीर सिंह भी मौजूद रहे।