पंजाबः मेडिकल छात्र का शव मिला, 30 मार्च को नहर में गिरे थे तीन दोस्त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मंडी गोबिंदगढ़ स्थित देश भगत आयुर्वेदिक कॉलेज के तीन छात्र गत 30 मार्च को सरहिंद सौंढा हेड पर टहलते समय नहर में फिसलकर गिर गए थे, जिनमें से एक को लोगों ने बाहर निकाल लिया, जबकि दो लापता थे। जिनमें गुरुवार को फरीद हसन अंसारी की लाश नरवाणा नहर गंडा खेड़ी से बरामद हो गई है। इससे पहले हनी त्यागी की लाश रविवार को आदमपुर नहर से मिली थी। तीनों छात्र देश भगत आयुर्वेदिक कॉलेज मंडी गोबिंदगढ़ बीएएमएस सेमेस्टर तीन के विद्यार्थी थे।
गुरुवार सुबह नरवाना नहर से मिले छात्र की पहचान फरीद हसन अंसारी पुत्र रुस्तम अली निवासी मुस्लिम मोहल्ला जॉली ग्रांट भाल्यवाजा देहरादून उत्तराखंड के तौर पर हुई है। दूसरे छात्र की पहचान हनी त्यागी पुत्र राजिंदर त्यागी गांव कुतेशरा जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के तौर पर हुई थी। नहर में दोनों साथियों को बचाने के लिए कूदे तीसरे छात्र प्रणव सिंह निवासी पठानकोट को लोगों ने सकुशल बाहर निकाल लिया था।
नहर में डूबे छात्रों की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम जुटी हुई थी। फरीद हसन के शव को सरहिंद पुलिस के हवाले कर दिया गया है। जहां से लाश को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब में लाया गया। सूचना मिलने पर मृतक के पारिवारिक सदस्य भी सिविल अस्पताल पहुंचे। एसएचओ सरहिंद रजनीश सूद ने बताया कि हनी त्यागी, फरीद हसन अंसारी दोनों के शव नहर से बरामद हो चुके हैं।
पुलिस के अनुसार शनिवार को कॉलेज में छुट्टी होने के चलते तीनों दोस्त सरहिंद भाखड़ा नहर के गांव सौंढा हेड पर आए थे। जिनमें सबसे पहले हनी त्यागी जैसे ही नहर की पटरी पर हाथ धोने के लिए नीचे उतरा तो उसका पैर फिसल गया और नहर में जा गिरा। यह देख दूसरे दोस्त फरीद हसन ने जैसे ही हनी को बचाने की कोशिश की तो वह भी नहर में गिर गया।
तीसरे दोस्त प्रणव सिंह ने भी दोनों दोस्तों को बचाने का प्रयास किया और नहर में जा गिरा। जिसे लोगों ने देख लिया और प्रणव को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती करवाया। मौके पर मौजूद गोताखरों ने नहर में डूबे अन्य छात्रों की तलाश शुरु की।
नहर पर आठ दोस्त आए थे घूमने
थाना सरहिंद के एसएचओ रजनीश सूद ने बताया कि कॉलेज से करीब 8 छात्र टहलने के लिए नहर किनारे आए थे। प्रणब सिंह निवासी पठानकोट की हालत गंभीर होने के कारण उसे खन्ना के आईवीवाई अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।