Chandigargh News: पानी के बिल के साथ भेजा नौ महीने का गारबेज शुल्क, लोगों ने मेयर का घर घेरा
मेयर सरबजीत कौर ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि सभी मनीमाजरा निवासियों को गार्बेज चार्जेस नहीं भरने हैं, सिर्फ पानी के बिल भरने हैं। मेयर के आश्वासन के बाद सभी लोग घर लौट गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पानी का भारी भरकम बिल आने पर भड़के पिपली वाला व माड़ी वाला टाउन के लोगों ने रविवार सुबह मेयर सरबजीत कौर के घर का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान मेयर, भाजपा और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। करीब एक घंटे बाद मनीमाजरा और आईटी पार्क थाने की पुलिस मौके पर पहुंची तब मेयर घर से बाहर आईं और लोगों को समझाने का प्रयास किया। बाद में मेयर के आश्वासन पर लोग शांत हुए और प्रदर्शन खत्म किया। उधर, इस मामले में एमओएच विंग के हेल्थ सुपरवाइज को शोकॉज नोटिस और चीफ इंस्पेक्टर दर्शन को चार्जशीट किया गया है।
रविवार सुबह आठ बजे लोग पिपली वाला टाउन के सिंह सभा गुरुद्वारा के सामने सड़क पर इकट्ठा हुए और वहां से वार्ड पांच की पार्षद दर्शना देवी और पूर्व महापौर गुरचरण दास काला के नेतृत्व में मेयर के घर की तरफ कूच किया। मेयर के घर पर पहुंचकर लोगों ने प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी। बाद में घर के बाहर आईं मेयर सरबजीत कौर ने लोगों को बताया कि पानी के बिल में लगे गारबेज चार्ज एक महीने का नहीं बल्कि नौ महीने का है।
नगर निगम ने गारबेज के लिए प्रति महीने 105 रुपये का शुल्क तय किया है। उन्होंने कहा कि लोगों को इस बारे में जानकारी देने की जिम्मेदारी एमओएच के हेल्थ सुपरवाइजर गुरमीत सिंह राणा व चीफ इंस्पेक्टर दर्शन की थी। दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों को बताया कि गारबेज चार्ज को खत्म करना उनके हाथ में नहीं है।
मेयर ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि उन्हें अभी कूड़ा संग्रहण शुल्क का भुगतान करने की आवश्यकता नहीं है। पानी के बिल का मुद्दा भी सदन की बैठक के दौरान 29 नवंबर को सुलझाया लिया जाएगा। इसके बाद लोग शांत हुए। स्थानीय निवासी करुणा, संतोष, प्रीतपाल, भजन सिंह ने बताया कि इस बार पानी के बिल के साथ गारबेज शुल्क के नाम पर मोटी रकम वसूली जा रही है।
पहले ही आम आदमी महंगाई की मार झेल रहा है। ऐसे में लोगों पर अतिरिक्त मार पड़ रही है। हालांकि लोगों का यह भी कहना था कि अगर उनके बिलों का मामला नहीं सुलझा तो दोबारा मेयर के घर का घेराव करेंगे। प्रदर्शन में कांग्रेस नेता सुरिंदर सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह ढिल्लों, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव गाबा और मतलूब खान, संजय भजनी, रईस अहमद, फतेह सिंह सोनी, शमीम अहमद, शमसुद्दीन, राजेश अग्रवाल, शोभा शर्मा, गायत्री देवी, किशोरी लाल, शिव राणा, भारत भूषण गोयल, मोहसिन सलमानी, गंगा बिशन गुप्ता आदि शामिल रहे।
बंसल बोले- कांग्रेस मनीमाजरा के लोगों के साथ
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल ने बयान जारी कर कहा कि भाजपा के इशारे पर चंडीगढ़ नगर निगम द्वारा मनमानी की जा रही है। मनीमाजरा निवासियों की इस लड़ाई में वह उनके साथ हैं। बंसल ने निगम के अधिकारियों से पानी के बिल का भुगतान तब तक स्थगित करने का आग्रह किया है जब तक 29 नवंबर की सदन की बैठक में यह मामला सुलझा नहीं लिया जाता। उधर, चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष एचएस लक्की ने भी मनीमाजरा के लोगों को कांग्रेस पार्टी के समर्थन का वादा करते हुए कहा है कि अगर नगर निगम ने जल्दी ही मनीमाजरा निवासियों की मांगे नहीं मानीं तो चंडीगढ़ कांग्रेस निगम एवं उसके अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन को और तेज करने पर मजबूर हो जाएगी।
यह गलती एमओएच विंग के अधिकारियों की है जिन्होंने एक साथ नौ महीने का गारबेज शुल्क लोगों को भेज दिया। एमओएच के हेल्थ सुपरवाइजर गुरमीत सिंह राणा को शोकॉज नोटिस जारी कर दिया गया है। वहीं चीफ इंस्पेक्टर दर्शन को चार्जशीट किया गया है। इन्हीं के कारण लोगों को परेशानी हुई है क्योंकि उन्होंने हमें भी यह नहीं बताया कि इन इलाकों में कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां जनवरी से भेजी जा रही है। वहीं इसके साथ इस मामले का हल अगली सदन की मीटिंग निकाला जाएगा। सबरजीत कौर, मेयर।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.