मोदी ने सीने का नाप दिया, क्या उस सीने में दिल है तो दिल का नाप दें: प्रियंका गांधी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सीने का नाप दिया कि वह 56 इंच का है, क्या उस सीने में दिल है? है तो उस दिल का नाप दें मोदी। यह बात कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कही।
वे मंगलवार को हिसार से कांग्रेस प्रत्याशी भव्य बिश्नोई के समर्थन में पुराना राजकीय कॉलेज मैदान में आयोजित रैली में आए लोगों को संबोधित कर रही थीं। अपने 24 मिनट के भाषण के दौरान प्रियंका के निशाने पर नरेंद्र मोदी रहे।
प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले पांच साल के दौरान अपने संसदीय क्षेत्र के किसी भी गांव में नहीं गए हैं। केवल झूठ और झूठे वादों के बल पर देश की जनता को बरगलाने का काम किया है।
आज भाजपा के चुनाव प्रचार में किसान की कोई बात नहीं होती और वोट हासिल करने के लिए चुनाव से दो माह पहले किसान के लिए सालाना छह हजार रुपये देने की किसान सम्मान योजना निकाली जाती है।
यह कैसी योजना है, क्या मात्र छह हजार रुपये में किसान अपने परिवार का पेट पाल सकता है। किसानों के साथ ज्यादती होती है तो दुख होता है। प्रियंका ने कहा कि भाजपा ने नोटबंदी लागू की, लेकिन उस नोटबंदी के दौर में मैंने एक भी भाजपाई को लाइन में लगे नहीं देखा। देखा तो केवल अपने भाई (राहुल) को।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि चुनाव का समय आ गया है और यही समय है आपके जागरूक बनने का, यही आपकी देशभक्ति होगी। भाषण के अंत में प्रियंका ने कांग्रेस के घोषणापत्र के बारे में बोला और भव्य के लिए अपील की।
हरियाणा से भावुक रिश्ता है, यहां की बास्केटबाल टीम की ओर से खेलती है मेरी बेटी
प्रियंका ने कहा कि उनका हरियाणा से भावुक रिश्ता है। मेरी बेटी हरियाणा की बास्केटबाल टीम की से खेलती है। कई साल पहले वह बेटी के टूर्नामेंट के कारण उसके साथ हरियाणा के गांव मालसरी खेड़ा आई थी।
वह बेटी के साथ मैच तक नहीं गई, ताकि कोई पहचान कर भीड़ न लगे। पास के ही एक खेत में कुछ महिलाएं थीं, उनके पास चली गई। उन्होंने पहचाना नहीं, फिर भी वे अपने साथ घर ले गईं और खूब सेवा की।