हरियाणा-राजस्थान की सीमा पर बैठे किसान आज करेंगे दिल्ली कूच, जयपुर हाईवे पर सुरक्षा बढ़ी, जगह-जगह नाकाबंदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कृषि कानूनों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित खेड़ा बॉर्डर पर धरना दे रहे किसान 25 दिसंबर को दिल्ली कूच करेंगे। वहीं रेवाड़ी पुलिस की ओर से दिल्ली-जयपुर हाईवे की सुरक्षा को बढ़ा दिया है। जगह-जगह नाकाबंदी कर जांच के बाद वाहनों को दिल्ली की ओर जाने दिया जा रहा है। दूसरी ओर धरनास्थल पर किसानों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
गुरुवार को धरनास्थल पर भीम आर्मी के चंद्रशेखर और किसान नेता युद्धवीर सहित अनेक किसान नेता पहुंचे। बता दें कि हाईवे स्थित खेड़ा बार्डर पर आंदोलनकारी किसानों के करीब तीन किलोमीटर लंबे धरने का 12वां दिन है। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से दोपहर तीन बजे आयोजित पत्रकार वार्ता में एलान किया कि 25 दिसंबर को सभी किसान दिल्ली कूच करेंगे।
यह भी पढ़ें- दिल्ली कूच की तैयारियों में जुटे किसान नेता, पंजाब में 700 गांवों के बाद अब शहरों का किया रुख
पत्रकारों से बातचीत करते हुए किसान नेता अमराराम, तारा सिंह, जीजू कृष्णन, रंजीत राजू कोटा और पवन दुग्गल ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि खेडा बॉर्डर धरना दे रहे किसान अब शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली कूच करेंगे। इस दौरान पुलिस उनके रास्ते में बाधा बनती है तो उसका भी जवाब दिया जाएगा। किसान नेताओं ने कहा कि किसी भी सूरत में पुलिस से टकराव नहीं चाहते लेकिन प्रदेश सरकार जानबूझ कर किसानों के रास्ते में रोड़ा बन रही है।
बढ़ रही है किसानों की संख्या
किसान नेताओं के आह्वान पर दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित हरियाणा-राजस्थान सीमा के खेड़ा बॉर्डर धरनास्थल पर किसानों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। किसानों के पड़ाव में अलवर, हनुमानगढ़, सीकर, कोटा, जयपुर, जोधपुर, बूंदी और रेवाड़ी जिले के किसान शामिल हो रहे हैं। करीब तीन किलोमीटर की दूरी में फैले पड़ाव में किसानों की संख्या करीब पांच हजार पहुंच गई हैं। शुक्रवार को इतनी ही संख्या में और किसानों के पहुंचने की संभावना है।
कल हनुमान बेनीवाल भी करेंगे दिल्ली कूच
बता दें कि सांसद हनुमान बेनीवाल ने सैकड़ों किसानों के साथ 26 दिसंबर को दिल्ली कूच करने का एलान किया है। ऐसे में दो दिन पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ सकती है। कुछ दिनों पहले भी सांसद अपने समर्थकों के साथ बॉर्डर पर पहुंचे थे लेकिन हरियाणा पुलिस ने प्रदेश की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया था।
यह भी पढ़ें- हरियाणा में आज बंद रहेंगी मंडियां, तीन दिन तक टोल मुक्त करेंगे किसान, यमुनानगर में धारा- 144 लागू
पुलिस ने जगह-जगह की नाकाबंदी
किसानों के दिल्ली कूच के आह्वान के बाद रेवाड़ी पुलिस की ओर से हाईवे पर जगह-जगह नाकाबंदी कर दी गई है। खेड़ा बॉर्डर भी पुलिस की संख्या को बढ़ा दिया है। पुलिस किसी भी सूरत में किसानों को हाईवे के रास्ते दिल्ली जाने से रोकने का प्रयास करेगी। पुलिस की ओर से हाईवे स्थित संगवाड़ी के समीप कंटेनर लगाकर भारी पुलिस बल को तैनात कर दिया है।
बनीपुर चौक पर भी जारी है धरना
दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित बनीपुर चौक पर बावल चौरासी की ओर से दिया जा रहा धरना भी 11वें दिन जारी रहा। गुरुवार को कृषि कानूनों के विरोध में 11 किसानों ने क्रमिक अनशन किया। इस अवसर पर रामकिशन महलावत, सुमेर जेलदार, सरजीत महलावत, युद्धवीर व ईश्वर महलावत सहित अन्य मौजूद रहे।