विस चुनाव को लेकर खापों का अहम फैसला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सर्वखाप जाट पंचायत ने हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव में किसी भी राजनीतिक दल को खुला समर्थन न देने का निर्णय लिया है। इसी के साथ संगठन द्वारा 28 सितंबर को जींद में प्रस्तावित खाप पंचायतों के प्रतिनिधियों की महापंचायत स्थगित कर दी गई है।
सर्वखाप जाट पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष नफे सिंह नैन ने मंगलवार को जारी विज्ञप्ति में बताया कि खाप पंचायत सामाजिक मुद्दों पर अपना दायित्व पहले की तरह निभाती रहेंगी।
गौरतलब है कि सर्वखाप जाट पंचायत के बैनर तले 13 सितंबर को नरवाना में विभिन्न खाप पंचायतों के जाट प्रतिनिधियों की बैठक हुई थी। इसमें 50 से ज्यादा खापों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे।
28 सितंबर वाली महापंचायत स्थगित
बैठक में विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत राजनीतिक दबाव बनाने और विधानसभा चुनावों में सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाने की रणनीति बनाई गई थी। बैठक में उपस्थित खापों के प्रतिनिधियों ने विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर अपने वोट की ताकत दिखाने का फैसला लिया था।
इस संदर्भ में निर्णय लेने और आगामी रणनीति तय करने के लिए 28 सितंबर को जींद में खाप पंचायतों के प्रतिनिधियों की दोबारा महापंचायत बुलाई थी लेकिन इस बीच कई खाप पंचायतों ने सर्वखाप जाट पंचायत के इस फैसले पर विरोध दर्ज करवाते हुए राजनीतिक मामलों को अलग रखने की घोषणाएं की थी।
इसी के मद्देनजर सर्वखाप जाट पंचायत ने भी अपने फैसले पर यू टर्न लेकर राजनीति को खाप पंचायत के अधिकार क्षेत्र से बाहर रखने का निर्णय लिया है। इसी के तहत जींद में होने वाली महापंचायत को स्थगित कर दिया गया है।