खुलासाः नेपाल में चल रहा भारतीय सेना में फर्जी भर्ती का खेल, पढ़ें कैसे युवाओं को बनाते हैं शिकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश में युवाओं को सेना में भर्ती करवाने की एवज में ठगने के गिरोह पहले से ही सक्रिय हैं। लेकिन एक ऐसा गिरोह भी है, जो पड़ोसी देश नेपाल में वहां के युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती करवाने का झांसा दे पैसे ऐंठ रहा है। फर्जीवाडे़ के इस खेल में गिरोह द्वारा सैन्य अफसरों के फर्जी नामों और सैन्य यूनिटों की फर्जी स्टांप का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस गिरोह ने हरेक युवक से भर्ती कराने का झांसा दे डेढ़ से दो लाख रुपये लिए हैं।
भारतीय सेना की एक विशेष विंग ने यह सनसनीखेज खुलासा करते हुए रिपोर्ट आला अफसरों को भेजी है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार सेना ने इस तरह के कई फर्जी दस्तावेज भी पकड़े हैं, जो इस गिरोह द्वारा नेपाली युवकों को दिए गए थे। युवकों को दिए गए इन दस्तावेजों में हिमाचल में सोलन के नजदीक स्थित कैंट एरिया सुबाथू में आर्मी के एक ट्रेनिंग सेंटर के कॉल लेटर भी शामिल है। इन कॉल लेटर में लिखा गया है कि नेपाली युवकों का फिजिकल और मेडिकल टेस्ट पास हो चुका है।
लेटर में इन युवकों को दिसंबर 2018 और जनवरी 2019 की अलग-अलग तारीखों को सुबाथू कैंट एरिया में संबंधित ट्रेनिंग सेंटर में सुबह 8 बजे रिपोर्ट करने को भी कहा गया। साथ ही उन्हें अपने साथ ओरिजनल सर्टिफिकेट व अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज भी लाने को कहा गया। युवकों को पत्र में उनकी ट्रेनिंग शुरू होने की तारीख भी बताई गई।
इस कॉल लेटर में कर्नल रैंक के दो आर्मी अफसरों के साइन और मुहर भी है। साथ ही इस पत्र पर सुबाथू स्थित आर्मी के संबंधित ट्रेनिंग सेंटर की स्टांप लगी हुई है। सेना ने संबंधित कॉल लेटर, कर्नल रैंक के अफसरों (जिनका नाम कॉल लेटर में इस्तेमाल किया गया है) व मुहरों की तफ्तीश करवाई, तो यह सब कुछ ही फर्जी पाया गया।
युवकों को बांटी फौज की वर्दियां, किट
रिपोर्ट में यह भी सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि भर्ती का झांसा देकर गिरोह ने जिन नेपाली युवकों को फांसा गया है, उन्हे सेना की वर्दियां और बेसिक किट तक उपलब्ध करवा दी गई हैं। ये वर्दियां और किट कहां से आई, इसे लेकर भी सैन्य प्रशासन पूरी तरह से गंभीर और चौकस है।
अंबाला रिक्रूटमेंट हेडक्वार्टर का भी फर्जी रेफरेंस लेटर
गिरोह के सदस्यों ने नेपाली युवकों को अंबाला आर्मी बेस कैंप स्थित रिक्रूटमेंट ऑफिस का रेफरेंस लेटर भी उपलब्ध करवाया है। इस पर भी कर्नल के हस्ताक्षर व ट्रेनिंग सेंटर की मुहर लगी है। इस रेफरेंस लेटर में लिखा है कि युवाओं के सेकेंड ग्रुप की सुबाथू ट्रेनिंग सेंटर में जनरल ड्यूटी के लिए चयन हो गया है। ज्वाइनिंग के दो माह बाद उन्हे वेतन दिया जाएगा। लेकिन सैन्य जांच में ये रेफरेंस लेटर भी फर्जी पाया गया।