चंडीगढ़ में खुलेगा आईबी का दफ्तर: सेक्टर-31 में 1.5 एकड़ जमीन आवंटित, बनेगा आधुनिक-हाईटेक ऑफिस कॉम्प्लेक्स
चंडीगढ़ प्रशासन ने सेक्टर-51 में अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर और सेक्टर-52 में महिला थाना के लिए भी जमीन मार्क कर दी है। वर्ष 2023 में यूटी प्रशासन ने लद्दाख भवन, ईडी और एनआईए के दफ्तर के लिए जमीन मार्क की थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ईडी और एनआईए के बाद अब सब्सिडियरी इंटेलिजेंस ब्यूरो (एसआईबी) को भी चंडीगढ़ में अपना स्थायी ठिकाना मिलने जा रहा है। यूटी प्रशासन ने सेक्टर-31 में इसके लिए 1.5 एकड़ जमीन आवंटित की है, जहां आधुनिक और हाईटेक ऑफिस कॉम्प्लेक्स तैयार होगा।
प्रशासन ने सेक्टर-51 में अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर और सेक्टर-52 में महिला थाना के लिए भी जमीन मार्क कर दी है।
वर्ष 2023 में यूटी प्रशासन ने लद्दाख भवन, ईडी और एनआईए के दफ्तर के लिए जमीन मार्क की थी। सेक्टर-38वेस्ट में ईडी को दफ्तर के लिए 1.72 एकड़ जमीन और सेक्टर-33सी में लद्दाख भवन को जमीन आवंटित की है। ईडी को 59.13 करोड़ रुपये और लद्दाख को 61 करोड़ 88 लाख रुपये में जमीन आवंटित की गई है।
वहीं, एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) को अपने समर्पित शाखा कार्यालय के लिए 3 बीआरडी स्टेशन में 2.34 एकड़ भूमि आवंटित की गई है।
अब सुरक्षा तंत्र को और मजबूती देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रशासन ने सेक्टर-31 में सब्सिडियरी इंटेलिजेंस ब्यूरो (एसआईबी) के लिए 1.5 एकड़ जमीन आवंटित की है। इस जमीन पर ब्यूरो का आधुनिक और हाई-टेक ऑफिस कॉम्प्लेक्स तैयार किया जाएगा। एसआईबी केंद्र के इंटेलिजेंस ब्यूरो का क्षेत्रीय स्तर का विंग है, जो सुरक्षा, आतंकवाद निरोध, संगठित अपराध, साइबर अपराध और आंतरिक खतरों पर नजर रखने का काम करता है।
महिला थाना को मिलेगी पहली बार अपनी अलग बिल्डिंग
महिला पुलिस थाना को पहली बार अपनी अलग बिल्डिंग मिलेगी। प्रशासन ने थाना के लिए सेक्टर-52 में 1.11 एकड़ जमीन निर्धारित की है। वर्तमान में महिला थाना सेक्टर-17 से चल रहा है, जहां अन्य पुलिस विंगों के दफ्तर भी एक-साथ मौजूद हैं। भूमि आवंटन के बाद अब डीपीआर तैयार किया जाएगा और निर्माण से पहले आवश्यक अनुमोदन व टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। एक अधिकारी ने बताया कि परियोजना की विस्तृत समय सीमा व लागत का अनुमान डीपीआर के बाद ही पता चल पाएगा। प्रारंभिक प्रक्रियाएं आगे कुछ महीनों में पूरी होने की संभावनाएं बताई जा रही हैं।
सेक्टर-51 में अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर के लिए जमीन आवंटित
शहर के लोगों को सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने सेक्टर-51 में अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर के लिए 0.25 एकड़ जमीन आवंटित की है। यह कदम आयुष्मान भारत योजना और शहरी स्वास्थ्य मिशन के तहत शहरी आबादी के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर एक प्रकार का मिनी-हेल्थ सेंटर होगा, जहां शहरी क्षेत्र के नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। इसमें प्राथमिक जांच, सामान्य बीमारियों का इलाज, टीकाकरण, महिला व बच्चों की स्वास्थ्य जांच, लैब सुविधाएं, मामूली ऑपरेशन और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध होंगी।