CBSE Result 2022: हिमाचल और हरियाणा में लड़कियों ने मारी बाजी, नवोदय विद्यालयों ने सभी को पछाड़ा
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की (सीबीएसई) 12वीं कक्षा की परीक्षा में सरकारी स्कूलों की छात्राओं ने बाजी मारी है। पंचकूला जोन में 96.24 प्रतिशत लड़कियां और 92.42 प्रतिशत लड़के उत्तीर्ण हुए हैं। परीक्षा में 70240 लड़कों में से 64913 पास हुए हैं। 54093 लड़कियों में से 52057 ने सफलता हासिल की है। जानें हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन...
विस्तार
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं की परीक्षा परिणाम में पंचकूला जोन का सफलता का प्रतिशत 96.24 रहा है। इसमें 124988 बच्चों ने पंजीकरण करवाया जबकि 124333 ने परीक्षा दी। इसमें 116970 बच्चों ने 12वीं की परीक्षा पास की है। जोन में 96.24 प्रतिशत लड़कियां और 92.42 प्रतिशत लड़के पास हुए हैं। परीक्षा में 70240 लड़कों में से 64913 पास हुए जबकि 54093 लड़कियों में से 52057 पास हुईं हैं। पंचकूला जोन ने देश में आठवां स्थान हासिल किया है। पंचकूला जोन में हरियाणा और हिमाचल प्रदेश आते हैं।
पंचकूला जोन के अंतर्गत आने वाले हरियाणा के सरकारी स्कूलों में लड़कों का पास प्रतिशत 95.65 रहा है। प्रदेश की लड़कियां शत-प्रतिशत पास हुई हैं। प्राइवेट स्टूडेंट्स में 92.51 प्रतिशत लड़के, 96.32 प्रतिशत लड़कियां, जवाहर नवोदय विद्यालय के 98.47 प्रतिशत लड़के, 99.21 लड़कियां, केंद्रीय विद्यालयों के 97.27 प्रतिशत लड़के, 97.48 लड़कियां पास हुई हैं।
हिमाचल के सरकारी स्कूलों में 93.33 प्रतिशत लड़के और 94.03 प्रतिशत लड़कियां पास हुईं हैं। प्राइवेट स्टूडेंट्स में 88.28 प्रतिशत लड़के और 94.22 प्रतिशत लड़कियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। जवाहर नवोदय विद्यालय के 99.74 प्रतिशत लड़कों ने जबकि शत प्रतिशत लड़कियां उत्तीर्ण रहीं। इसी तरह केंद्रीय विद्यालयों के 94.96 प्रतिशत लड़के जबकि 96.28 प्रतिशत लड़कियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है।
हरियाणा में 93.79 फीसदी विद्यार्थी हुए पास
सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में हरियाणा से 114214 बच्चों ने रजिस्ट्रेशन करवाया। प्रदेश के 113598 बच्चों ने परीक्षा दी। इसमें से 107126 बच्चों ने परीक्षा पास की है। पंचकूला जोन के सीबीएसई के क्षेत्रीय अधिकारी विजय यादव ने बताया कि पंचकूला जोन के अंतर्गत लड़कियों का रिजल्ट बेहतर रहा है। हरियाणा के स्कूलों में पढ़ने वाली लड़कियां शत प्रतिशत पास हुई हैं।
हिमाचल का रिजल्ट 91.82 फीसदी रहा
सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में हिमाचल के 10702 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया था। परीक्षा में हिमाचल के 10675 बच्चों ने परीक्षा दी। इसमें 9827 लोगों ने परीक्षा पास की है। हिमाचल प्रदेश का पास प्रतिशत 91.82 फीसदी रहा है। हिमाचल प्रदेश की लड़कियों ने 12वीं में बेहतर प्रदर्शन किया है।
सीबीएसई 10वीं का परिणाम: पंचकूला जोन में 96.33 फीसदी विद्यार्थी पास, लड़कियों ने बाजी मारी
10वीं की परीक्षा में पंचकूला जोन में 96.33 फीसदी विद्यार्थी पास हुए हैं। जोन में 161178 बच्चों ने पंजीकरण करवाया था, जबकि 160560 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इनमें से 154662 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की है। इस बार भी जोन में लड़कियों ने लड़कों को पछाड़ा है। 10वीं के जारी परिणामों में 95303 लड़कों में से 90800 पास हुए, जबकि 65257 लड़कियों में से 63862 पास हुईं हैं। लड़कों का पास प्रतिशत 95.28 रहा, जबकि लड़कियों का पास प्रतिशत 97.86 रहा।
सीबीएसई पंचकूला जोन के क्षेत्रीय अधिकारी विजय यादव ने बताया कि पंचकूला जोन में गवर्नमेंट स्कूल के 95.92 फीसदी, प्राइवेट स्कूलों का रिजल्ट 96.3, जवाहर नवोदय विद्यालय के 99.71, केंद्रीय विद्यालय के 95.67, सेंट्रल तिब्बतन स्कूल के 86.52 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए हैं। हरियाणा से 145332 बच्चों ने पंजीकरण करवाया था। इसमें से 144750 ने परीक्षा दी। इसमें से 139335 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की।
हरियाणा का सफलता का प्रतिशत कुल 96.26 फीसदी रहा। इन परीक्षाओं में 86174 लड़कों में से 82031 पास हुए, जबकि 58576 लड़कियों में से 57304 पास हुईं हैं। लड़कों का पास प्रतिशत 95.19 जबकि लड़कियों का पास प्रतिशत 97.83 रहा। हिमाचल से कुल 15327 स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी। हिमाचल का पास प्रतिशत 96.94 प्रतिशत रहा है। हिमाचल के 9129 लड़कों में से 8769 ने परीक्षा पास की। 6681 लड़कियों में से 6558 पास हुईं हैं। हिमाचल की लड़कियों का पास प्रतिशत 98.16 और लड़कों का पास प्रतिशत 96.06 रहा।