हरियाणा रोडवेज हड़तालः अफसरों से रार बरकरार, अब मंत्रियों, विधायकों का घर घरेंगे कर्मचारी
हरियाणा में 16 अक्टूबर से जारी रोडवेज कर्मियों की हड़ताल के खत्म होने के आसार अभी दिखाई नहीं दे रहे हैं। अफसरों से रोडवेज कर्मियों की रार पूरी तरह से बरकरार है। इसलिए अब नेताओं पर दबाव डाला जाएगा। इसके लिए भी कर्मचारियों ने रणनीति तैयार कर ली है। अन्य विभागों के कर्मचारियों ने भी रोडवेज कर्मियों को समर्थन दे दिया है।
अपनी इसी रणनीति के चलते कर्मचारी अब रविवार को अपने-अपने इलाकों में विधायकों और मंत्रियों के घरों का घेराव कर वहां धरना प्रदर्शन करेंगे। इसमें मजदूर संगठन सीटू व सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने रविवार को उक्त आंदोलन का एलान किया है। कर्मचार एवं मजदूर बस अड्डों पर एकत्रित होंगे और वहां प्रदर्शन करने के बाद मंत्रियों एवं विधायकों के आवास के लिए मार्च करेंगे। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रधान धर्मबीर फोगाट व महासचिव सुभाष लांबा और सीटू हरियाणा के प्रधान सतबीर सिंह व महासचिव जय भगवान ने बताया कि सरकार के निर्देश पर विभाग के एसीएस भड़काऊ और कर्मचारियों के खिलाफ घोर निंदनीय बयानबाजी करके माहौल बिगाड़ने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 2019 में होने वाले चुनाव में एसीएस वोट मांगने के लिए जनता के बीच नहीं जाएंगे, वोट मांगने जनता के बीच मुख्यमंत्री, मंत्रियों व विधायकों को जाना पड़ेगा और इन्हें कर्मचारियों एवं उसके परिजनों के तीखे आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने तमाम विभागों के कर्मचारियों से निर्णायक आंदोलन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
बिजली कर्मी भी समर्थन में प्रदर्शन करेंगे
प्रदेश के बिजली कर्मचारियों के प्रमुख संगठन ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर यूनियन ने सोमवार को सुबह 9 से 11 बजे तक पूरे प्रदेश में सब डिवीजन स्तर पर विरोध गेट मीटिंग प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। यूनियन के अध्यक्ष सुरेश राठी व महासचिव नरेश कुमार ने बताया कि रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन और सरकार की हठधर्मिता के खिलाफ सोमवार को आयोजित गेट मीटिंग के बावजूद सरकार ने रोडवेज के निजीकरण करने का निर्णय वापस नही लिया तो प्रदेश के बिजली कर्मचारी निगमों में काम करने वाले सभी संगठनों से बातचीत करके किसी बड़े आंदोलन का निर्णय लेने पर मजबूर हो सकते हैं।
जनस्वास्थ्य, सिंचाई, बीएंडआर कर्मी भी समर्थन में उतरे
हरियाणा गर्व. पीडब्ल्यूडी मेकैनिकल वर्कर यूनियन के बैनर तले तीनों विभागों के कर्मचारी मंगलवार को रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। यूनियन के प्रधान बीरेंद्र सिंह डंगवाल व महासचिव सीलक राम मलिक ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सरकार की हठधर्मिता व निजीकरण की मुहिम के खिलाफ तीनों विभागों के कर्मचारियों में भारी आक्रोश है।