चुनाव से पहले मोदी ने कैथल से फूंका बिगुल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कैथल की धरती से सड़कों का जाल बिछाने की बात कहकर हरियाणा में चुनावी बिगुल फूंक दिया। घोषणाओं की झड़ी लगाकर मोदी ने हरियाणा की जनता को विकास का सपना दिखाया है।
अपने भाषण में उन्होंने हरियाणा से भावनात्मक लगाव की याद दिलाकर लोगों से कहा कि वे कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे। केंद्र सरकार हो या राज्य सरकार दोनों का मकसद ढांचागत विकास होगा। प्रधानमंत्री यहां कैथल से राजस्थान सीमा तक 160 किमी लंबे हाईवे को फोरलेन बनाने की योजना के शिलान्यास के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे।
समारोह में राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी, मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के अलावा केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, कृष्णपाल गुर्जर, राव इंद्रजीत सिंह, प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री रणदीप सुरजेवाला भी मौजूद थे। करीब आधे घंटे के भाषण में मोदी ने हरियाणा के विकास से जुड़ा एक भी मुद्दा अछूता नहीं छोड़ा। ढांचागत विकास के साथ ही उन्होंने खेत खलिहान के विकास की बात की।
'जनता के विश्वास को ब्याज सहित लौटाएंगे'
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी मोदी जमकर बरसे। हालांकि भ्रष्टाचार संबंधी अपने भाषण में उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। मोदी ने कहा- मैं हरियाणा को उतना ही जानता हूं जितना गुजरात को जानता हूं। मैं यहां के गली मोहल्लों में घूमा हूं।
कई वर्ष मैं हरियाणा में रहा। यहां के जीवन को करीब से जाना। मुझे हरियाणा की धरती पर बहुत कुछ सीखने को मिला है। मैं दयानंद सरस्वती की धरती से आया हूं। हरियाणा के प्रत्येक कोने में दयानंद सरस्वती की शिक्षा का महत्व है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा की जनता ने जो उत्साह और विश्वास दिखाया है उसे वे ब्याज सहित लौटाएंगे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में हाईवे के दोनों तरफ विकास हुआ है, लेकिन अंदर जाने पर विकास की कमी महसूस होती है। कैथल राजस्थान को जाने वाला नेशनल हाईवे सिर्फ हरियाणा का नहीं बल्कि राजस्थान का विकास भी करेगा। इस हाईवे के माध्यम से सिर्फ गाडि़यों का आवागमन नहीं होगा, बल्कि व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। सिर्फ डामर डालकर सड़कें बना देने से विकास नहीं होगा। ऐसी सड़कें एक भी बरसात नहीं झेल पाती हैं।
कुरुक्षेत्र की धरती को किया नमन
उन्होंने कहा कि वे हरियाणा में सीमेंट और कंकरीट की सड़कों का जाल बिछाएंगे जो आसानी से नहीं टूटेंगी। जनता अब अंतरराष्ट्रीय स्तर के राजमार्ग चाहती है। हरियाणा के लोगों का उन पर विशेष अधिकार है। किसान मजदूर से लेकर रिक्शा चालक तक की बात की। मोदी ने कहा कि देश में किसान, मजदूर और रिक् शा चालक तक सभी तरक्की करना चाहते हैं।
उनसे पूछो तो वे कहते हैं कि वे अब पिछड़ना नहीं चाहते हैं। दुनिया के विकास के साथ उन्हें भी अपना विकास करना है। लिहाजा हम विकास के साथ रोजगार भी देंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि श्रीकृष्ण की याद करते ही कुरुक्षेत्र का जिक्र आना स्वाभाविक है। कुरुक्षेत्र की धरती से ही नैतिकता की विजय का बिगुल बजा था। इसी धरती से युद्ध के मैदान में शांति का संदेश दिया गया था। गीता एकमात्र ऐसा ग्रंथ है जिसकी रचना युद्धभूमि पर हुई। ऐसे हरियाणा में आना सौभाग्य की बात है।
हरियाणा की धरती पर ये घोषणाएं की
-किसानों तक प्रधानमंत्री ग्राम सिंचाई योजना पहुंचाएंगे
-हरियाणा में खेतों तक पानी पहुंचाने का काम किया जाएगा
-जो परियोजनाएं लंबित पड़ी हैं उन्हें शुरू करवाया जाएगा
-रास्ता, रेल और एयरपोर्ट विकसित करना सरकार का लक्ष्य होगा
-हरियाणा में रास्तों का जाल बिछाया जाएगा
-अब जमाना तारों का जाल बिछाने का नहीं आप्टिकल फाइबजर केबल बिछाने का है
-बिजली की उपलब्धता हर घर तक पहुंचेगी
-ब्राड बैंड कनेक्टिविटी लोगों तक पहुचाएंगे