Haryana CET 2022: घंटों लगा जाम, एंबुलेंस फंसी, अभ्यर्थी-राहगीर परेशान, महेंद्रगढ़ में हंगामा
सामान्य पात्रता परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को भी करनाल, पानीपत सहित अन्य जिलों में बसों की मारामारी रही। अधिकतर बसें खचाखच भरी नजर आईं। अभ्यर्थियों को वाहनों की छतों पर सफर के लिए मजबूर होना पड़ा। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के कड़े, नोज पिन, चूड़ी, धागे, रिंग और जूते जुराब उतरवाए गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा संयुक्त पात्रता परीक्षा के दूसरे दिन करनाल, हिसार और रोहतक सहित कई जिलों में अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए परेशानी झेलनी पड़ी। कई जगह घंटों ट्रैफिक प्रभावित हुआ। पुलिस प्रशासन की अव्यवस्था का खामियाजा आमजनों को भुगतना पड़ा। रविवार को भी पानीपत सहित अन्य जिलों में बसों की मारामारी रही। अधिकतर बसें खचाखच भरी नजर आईं। अभ्यर्थियों को वाहनों की छतों पर सफर के लिए मजबूर होना पड़ा।
कुरुक्षेत्र: कैथल और पिहोवा रोड पर घंटों तक जाम
कुरुक्षेत्र-कैथल और पिहोवा रोड पर घंटों तक जाम लगा रहा। इस रोड पर करीब चार किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिसमें कैथल की ओर जा रही एंबुलेंस भी फंसी रही। वही, रेलवे रोड, गुरुद्वारा चौक, सेक्टर 17 मार्केट, बिरला मंदिर चौक पर पुलिसकर्मी ही नहीं दिखाई दिया। कई जगह जाम खुलवाने में पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए। सलारपुर रोड, मोहन नगर चौक, सेक्टर-17, गुरुद्वारा छठी पातशाही चौक व केयू थर्ड सेकेंड एवं थर्ड गेट पर जाम के हालात सुबह से शाम तक बने रहे, जिससे राहगीरों और अभ्यर्थियों को काफी परेशानी हुई।
करनाल: बसों में रही मारामारी, केंद्रों पर जूते-जुराब भी उतरवाए
सामान्य पात्रता परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को भी करनाल, पानीपत सहित अन्य जिलों में बसों की मारामारी रही। अधिकतर बसें खचाखच भरी नजर आईं। अभ्यर्थियों को वाहनों की छतों पर सफर के लिए मजबूर होना पड़ा। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के कड़े, नोज पिन, चूड़ी, धागे, रिंग और जूते जुराब उतरवाए गए। केंद्रों के पास जैमर लगे होने के कारण अधिकतर मोबाइल नेटवर्क जाम रहे। इससे अभ्यर्थियों के साथ ही आमजन को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, परीक्षा के बाद अधिकतर शहरों में जाम की स्थिति बनी रही।
हिसार: एडमिट कार्ड में गड़बड़ी, कई अभ्यर्थी परीक्षा से रहे वंचित
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) की गलती के कारण दूसरे दिन भी कई अभ्यर्थी सीईटी नहीं दे सके। हांसी के स्कूल को हिसार में दर्शाने से हुई समस्या। एडमिट कार्ड पर परीक्षा केंद्र में हांसी के स्कूल का नाम दिया गया है लेकिन स्कूल को हिसार में दर्शाया गया है। जिस कारण परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर पहुंचने में परेशानी झेलनी पड़ी। समय पर पहुंच न पाने से कई अभ्यर्थी परीक्षा भी नहीं दे सके। गुस्साए अभ्यर्थियों ने केंद्र के बाहर नारेबाजी की। रोडवेज विभाग ने अभ्यर्थियों के आवागमन के लिए 330 रोडवेज व प्राइवेट बसों को बुक किया था। बावजूद बसों में भीड़ ज्यादा रही। अभ्यर्थियों ने बसों की छतों पर बैठकर सफर करना पड़ा।
कार्बन कॉपी साथ ले जाने पर महिला अभ्यर्थी पर केस दर्ज
जानकारी के अनुसार हांसी के परीक्षा केंद्र में उत्तर पुस्तिका की कार्बन कॉपी साथ लेकर जाने वाली एक महिला अभ्यर्थी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
चरखी दादरी में अभ्यर्थियों के लिए सफर के बेहतर प्रबंध
चरखी दादरी में अभ्यर्थियों के लिए सफर के बेहतर प्रबंध रहे। रविवार के लिए शनिवार शाम तक 3000 अभ्यर्थियों ने एडवांस बुकिंग कराई, जबकि परीक्षा के दिन 6150 अभ्यर्थियों ने विभिन्न जिलों के परीक्षा केंद्रों पर भेजी गई बसों में सफर किया। बसों की संख्या पर्याप्त होने से किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में दिक्कत नहीं आई। भिवानी जिले में 38 केंद्रों पर 18447 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 6882 परीक्षा अनुपस्थित रहे। वहीं, जिला प्रशासन की ओर से 325 बसों का इंतजाम किया गया था। 500 पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था को संभाला। सिरसा और फतेहाबाद में शांतिपूर्वक परीक्षा हुई।
रोहतक: 349 बसों ने अभ्यर्थियों को पहुंचाया मंजिल तक
हरियाणा राज्य परिवहन डिपो की 349 बसों ने अभ्यर्थियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाया। बस स्टैंड से 177 बसें अभ्यर्थियों को लेकर विभिन्न परीक्षा केंद्रों के लिए रवाना हुईं। शाम को 172 बसों ने अभ्यर्थियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाया। रोडवेज के बेहतर प्रबंधन के चलते भीड़ के बावजूद अव्यवस्था नजर नहीं आई। रेवाड़ी जिले में रविवार को 27308 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 11672 अनुपस्थित रहे। सीईटी परीक्षा के लिए 38980 अभ्यर्थियों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया था। सुबह की शिफ्ट में 19440 में से 13537 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 5903 अनुपस्थित रहे। शाम की शिफ्ट में 19540 अभ्यर्थियों में से 13771 ने परीक्षा दी, जबकि 5769 अनुपस्थित रहे।
महेंद्रगढ़: नहीं मिली बस, अभ्यर्थियों किया हंगामा
शहर में 17 परीक्षा केंद्रों पर सीईटी की परीक्षा देने पहुंचे युवाओं ने शाम के समय बसें नहीं मिलने पर हंगामा कर दिया। 17 परीक्षा केंद्र पर करीब 17 हजार युवा परीक्षा देने पहुंचे थे। सबसे अधिक हिसार जिले से पहुंचे युवाओं को बसों के अभाव में परेशानी झेलनी पड़ी। जब शाम की शिफ्ट में परीक्षा देने के उपरांत अभ्यर्थी महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पर पहुंचे तो वहां से बसें गायब मिलीं। करीब 400 युवाओं को ले जाने के लिए बसें उपलब्ध नहीं होने से सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। शहर के थाना प्रभारी देवेंद्र यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नारनौल से बसों की व्यवस्था करने के बाद युवाओं को रवाना करना शुरू किया।
सोनीपत: परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में करनी पड़ी मशक्कत
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। रविवार को दो सत्रों में हुई संयुक्त पात्रता परीक्षा के लिए करीब 31 हजार अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से करीब 68 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी है। परीक्षा केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रहीं। 135 बसें 6 जिलों में भेजी गईं, जिनमें 7496 अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए रवाना हुए। शहर में सामाजिक संगठनों ने अभ्यर्थियों को गंतव्य तक पहुंचाने में काफी मदद की। रोडवेज की तरफ निजी बसों में शहर के सेंटर के साथ ही गन्नौर, बड़वासनी व कुंडली तक अभ्यर्थियों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई थी। सोनीपत से रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, करनाल व पानीपत के लिए बस भेजी गईं। पहली बस अल सुबह साढ़े तीन बजे रेवाड़ी के लिए रवाना की गई।
339 में 121 बसें चलीं, 5605 अभ्यर्थियों ने किया सफर
झज्जर के सामान्य बस स्टैंड पर सीईटी की परीक्षा देने वाले परीक्षार्थी रविवार सुबह पौने चार बजे पहुंचने शुरू हो गए थे। इससे पहले ही बस स्टैंड के बूथों पर बसें लगा दी गई थीं। पहली बस परीक्षार्थियों को लेकर चार बजे महेंद्रगढ़-नारनौल के लिए रवाना हुई। इसके साथ ही पानीपत के लिए बस को रवाना किया गया। रविवार को झज्जर और बहादुरगढ़ से 339 में से मात्र 121 बसें ही रवाना हो पाईं। इनमें करीब 5605 अभ्यर्थियों और उनके परिजन परीक्षा केंद्रों के लिए रवाना हुए।
22934 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा, 10076 रहे अनुपस्थित
संयुक्त पात्रता परीक्षा दूसरे दिन रविवार को 33 परीक्षा केंद्रों पर कुल 33010 परीक्षार्थियों में से 22934 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 10076 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जिले में दोनों दिन 65931 विद्यार्थियों को परीक्षा देनी थी लेकिन 45114 परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा के चलते शहर में दूसरे दिन भी जाम जैसी स्थिति बनी रही।
19188 अभ्यर्थियों ने सफर किया
जींद जिले में परिवहन सेवा बेहतर रही। अभ्यर्थियों को लेकर रविवार सुबह साढ़े तीन बजे से ही बसें रवाना होना शुरू हो गई थीं। सुबह और शाम को 346 बसें अभ्यर्थियों को लेकर रूटों पर चलीं, जिनमें 19188 अभ्यर्थियों ने सफर किया। हिसार रूट पर 101, कैथल रूट पर 31, करनाल रूट पर 71 और कुरुक्षेत्र रूट पर 53 बसें भेजी गईं। नरवाना सब डिपो से 23 और सफीदों सब डिपो से 14 बसें सिरसा के लिए रवाना की गईं। इसके अलावा सुबह 4 बजकर 10 मिनट पर जींद से कुरुक्षेत्र जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में भी काफी अभ्यर्थी कुरुक्षेत्र के लिए रवाना हुए।