Haryana Bypoll Result: दूसरी बार बरोदा से योगेश्वर दत्त चुनाव हारे, कांग्रेस प्रत्याशी ने दी 'सियासी पटखनी'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बरोदा उपचुनाव में कांग्रेस अपना गढ़ बचाने में कामयाब रही। बरोदा सीट पर कांग्रेस के इंदुराज नरवाल ने भाजपा के पहलवान योगेश्वर दत्त को 10566 वोटों से हरा दिया। इस तरह एक साल में योगेश्वर दत्त दोबारा बरोदा से चुनाव हारे हैं और इस बार हार का अंतर भी दोगुने से ज्यादा हो गया। योगेश्वर दत्त को जहां 50070 वोट मिले, वहीं इंदुराज नरवाल 60636 वोट लेने में कामयाब रहे।
वहीं बरोदा उपचुनाव में संजीवनी मिलने की उम्मीद जता रही इनेलो को बड़ा झटका लगा है। उसके प्रत्याशी जोगेंद्र मलिक को केवल 5003 वोट मिले और वह अपनी जमानत गंवा बैठे। इनेलो से ज्यादा लोसुपा के राजकुमार सैनी 5611 वोट पाने में कामयाब रहे।
बरोदा हलके के चुनावी दंगल में भाजपा ने पहलवान योगेश्वर दत्त पर दांव खेला था, वहीं कांग्रेस ने नए चेहरे इंदुराज नरवाल को मैदान में उतारा था। इनेलो ने भी अपने पुराने प्रत्याशी जोगेंद्र मलिक को प्रत्याशी बनाया था। उपचुनाव होने के कारण पूरे प्रदेश की राजनीति का बरोदा पर फोकस था।
कांग्रेस यहां से लगातार चौथी बार जीत दर्ज करना चाहती थी, ताकि उसका गढ़ बरोदा बचा रहे। इसके लिए ही पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा व उनके बेटे राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने पूरा जोर लगा दिया था। वहीं बरोदा से भाजपा पहली बार जीत दर्ज कर इतिहास रचना चाहती थी। इसके लिए सरकार के सभी मंत्रियों के साथ ही सीएम मनोहर लाल व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला तक प्रचार में जुटे थे।
योगेश्वर को हराकर जीते थे श्रीकृष्ण हुड्डा, उनके निधन के बाद हुआ उपचुनाव
बरोदा जहां पहले इनेलो का गढ़ होता था, वहीं वर्ष 2009 से लगातार कांग्रेस ने कब्जा जमाया हुआ है। बरोदा को पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा के कारण कांग्रेस का गढ़ माना जाता है और बरोदा से कांग्रेस के श्रीकृष्ण हुड्डा विधायक थे।
श्रीकृष्ण हुड्डा ने योगेश्वर दत्त को वर्ष 2019 में 4840 वोटों से हराया था। श्रीकृष्ण हुड्डा का बीमारी के कारण निधन हुआ तो बरोदा में उपचुनाव कराया गया। इस बार भी योगेश्वर नहीं जीत सके और उनको कांग्रेस प्रत्याशी से लगातार दूसरी बार हार मिली।
- प्रत्याशी पार्टी वोट प्रतिशत
- इंदुराज नरवाल कांग्रेस 60636 49.28
- जोगेंद्र मलिक इनेलो 5003 4.07
- योगेश्वर दत्त भाजपा 50070 40.7
- राजकुमार सैनी लोसुपा 5611 4.56
- इंद्र सिंह राष्ट्रीय मजदूर एकता पार्टी 288 0.23
- सुमित चौधरी पीपीआई (डेमोक्रेटिड) 92 .07
- सोनू चोपड़ा भारतीय जनराज पार्टी 32 .03
- कमलजीत निर्दलीय 46 .04
- गुलशन निर्दलीय 27 .02
- प्रवीण कुमार निर्दलीय 48 .04
- रामफल शर्मा निर्दलीय 73 .06
- शक्ति हुड्डा निर्दलीय 158 .13
- संत धर्मवीर चोटीवाला निर्दलीय 328 .27
- सरोजबाला निर्दलीय 153 .12
- नोटा 469 .38
- कुल 123034
बरोदा में विकास कराना प्राथमिकता
अब हलके में विकास कार्य कराना प्राथमिकता है। बरोदा में उम्मीद से ज्यादा विकास कार्य कराने का प्रयास करेंगे, हालांकि सरकार पर चुनाव से पहले की घोषणाओं पर काम शुरू कराने का विश्वास नहीं है। - इंदुराज नरवाल, नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक
हम जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे
हमारे अंदर ही शायद कुछ कमी होगी, जो हम जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। जनता ने जिस तरह का फैसला दिया है, वह उनको मंजूर है। आखिर किस जगह कमी रही है, यह देखा जाएगा। - योगेश्वर दत्त, भाजपा प्रत्याशी
कांग्रेस ने विकास पर जीता चुनाव
बरोदा की जनता किसी के प्रलोभन में नहीं आई। कांग्रेस के उम्मीदवार ने विकास पर चुनाव जीता है। जनता ने कांग्रेस कार्यकाल के 10 साल के कामों पर मुहर लगाई है। - भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष