जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों के साथ मुठभेड़ में हरियाणा के हरि सिंह शहीद हो गए। शहादत की खबर गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई।
दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के पिंगलान इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच रविवार रात से मुठभेड़ जारी है। इसमें एक मेजर समेत पांच जवानों के शहीद होने की खबर है। जवानों में हरियाणा के रेवाड़ी जिला निवासी 28 वर्षीय सिपाही हरि सिंह भी शहीद हो गए।
सोमवार देर शाम तक शहीद का पार्थिव शरीर घर पहुंच सकता है। 55 राष्ट्रीय राइफल में तैनात हरि सिंह के शहीद होने की खबर के बाद से परिवार में कोहराम मचा गया है। मां और पत्नी सदमे में हैं। वहीं बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग भी गांव राजगढ़ पहुंच रहे हैं।
शहीद हरि सिंह के पिता अगड़ी सिंह भी सेना में थे, उनका देहांत हो चुका है। शहीद हरी सिंह के घर में अब उनकी मां पिस्ता देवी, पत्नी राधा बाई और बेटा लक्ष्य है। गांव के सरपंच ने बताया की शहीद की तीन बहनें भी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। पिता की मौत के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी हरि सिंह के कंधों पर ही थी।
जानकारी के मुताबिक, पुलवामा से करीब 10 किलोमीटर दूर पिंगलान इलाके में कुछ आतंकियों के मौजूद होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद सेना, पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया था। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया था। रात भर दोनों तरफ से गोलीबारी होती रही। इस एनकाउंटर में तीन आतंकियों के ढेर होने की खबर है।