पीएम मोदी बोले- राफेल मिलने से देशवासी खुश हुए और कांग्रेसी दुखी हो गए, नकारात्मक प्रवृति के हैं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को हरियाणा की धरती पर दो चुनावी रैलियों को संबोधित किया। चरखी दादरी और कुरुक्षेत्र की रैलियों में उनके निशाने पर मुख्य तौर पर कांग्रेस रही। राफेल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब देश खुशियां मनाता है तो पता नहीं क्यों कांग्रेस को दर्द होता है।
वहीं, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 को हटाने पर कहा कि कांग्रेस इस फैसले का विरोध करती है, लेकिन उसमें यदि दम है तो वह यह वादा करे कि सत्ता में आने पर वह फिर से अनुच्छेद-370 को लागू करेगी। उन्होंने कहा कि इस बार दो दीपावली एकसाथ मनाई जाएंगी। एक कमल की तो दूसरी दीपों की होगी। उन्होंने कहा कि दीपावली बेटियों के नाम होनी चाहिए।
चरखी दादरी में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि 70 साल तक देश के किसानों के हक का पानी पाकिस्तान जाता रहा। अब इस पानी को हरियाणा और राजस्थान के किसानों के खेतों में पहुंचाऊंगा। इस दिशा में प्रयास शुरू कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पांच साल के कार्यकाल में लोगों को बांटने वाली राजनीति को परास्त किया और विकास की बुनियादी नींव रखी।
उधर, महाभारत की धरती कुरुक्षेत्र में प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर सवाल दागते हुए कहा कि देश कब तक आतंकवाद का दंश झेलता रहेगा। कब तक भारत माता के सपूतों के शव तिरंगे में लिपटकर आते रहेंगे। कब तक माताओं की कोख सूनी होती रहेगी। कश्मीर की वे माताएं जो आतंकवाद के रास्ते पर चल पड़े अपने बेटों को वापस लाने के लिए पांच-पांच वक्त नमाज अदा करती हैं, चीख-चीख कर उनसे वापस आने की अपील करती हैं।
कांग्रेस के मानवतावादी लोग बताएं कि उन माताओं को बेटे वापस मिलने चाहिए कि नहीं। आतंकवाद के रास्ते पर जाने से उन्हें रोकना चाहिए कि नहीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अब अलगाववाद खत्म होना ही चाहिए। हमारे वीर जवान शहीद हो रहे हैं। हरियाणा के हर गांव से वीर जवानों ने कश्मीर में शहादत दी है।
सात दशक पहले की भूल सुधारने का सौभाग्य हमें मिला। कश्मीर में हमने बाबा साहब भीम राव अंबेडकर के सिद्धांत को लागू किया। कांग्रेसी अनुच्छेद-370 हटने पर हाय-तौबा मचा रहे हैं। अनुच्छेद-370 हटने से जम्मू-कश्मीर व लद्दाख में एससी समाज को उनके अधिकार मिले, जिस पर भी कांग्रेस के लोगों को आपत्ति है।
कांग्रेसियों को आपत्ति है तो हो, देश व हरियाणा के हित में फैसले डंके की चोट पर किए जाएंगे...
मोदी ने कहा कि कांग्रेसियों को आपत्ति है तो हो, देश व हरियाणा के हित में फैसले डंके की चोट पर किए जाएंगे। हालत यह है कि आतंक का सरपरस्त देश कांग्रेस की बातों से ही भारत पर निशाना साध रहा है। विजयदशमी के दिन जब देश को राफेल मिला, कुछ लोगों को बेचैनी होने लगी। पीएम ने जनता से सीधा संवाद करते हुए पूछा कि आपको आनंद आया कि नहीं आया।
आपको लगा कि नहीं, देश ताकतवर हुआ है। देश की सैन्य ताकत बढ़ने से आप आनंदित हैं। 130 करोड़ देशवासियों का सीना गर्व से ऊंचा हुआ है, लेकिन कांग्रेस के लोगों को न जाने क्या हो जाता है, जब-जब जिस-जिस बात को लेकर देश खुश होता है, तब-तब कांग्रेस के नेताओं को तकलीफ होने लग जाती है। यह बात राफेल तक सीमित नहीं है, जब-जब भारत का गौरवगान होता है, कांग्रेस नेताओं का रवैया हमेशा नकारात्मक रहता है।
म्हारी छोरियां छोरों से कम हैं के...
चरखी-दादरी से भाजपा प्रत्याशी बबीता फौगाट का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि म्हारी छोरियां छोरों से कम हैं के का नारा हरियाणा में अभियान बन गया है। अब तो दुनिया कहने को मजबूर है कि हिंदुस्तान की बेटियां धाकड़ हैं। पीएम ने कहा कि हाल ही में भारत दौरे पर आए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने उन्हें बताया कि उन्होंने दंगल फिल्म देखी है।
इससे लगता है कि भारत की बेटियां धाकड़ हैं। मोदी ने कहा कि आज हिंदुस्तान की बेटियां हर क्षेत्र में अपने कौशल का लोहा मनवा रही हैं। यदि हरियाणा के गांव आगे नहीं आते तो बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ मुहिम सफल नहीं होती।
मनोहर लाल और उनकी टीम को मेरा साधुवाद
कार्यक्रम में नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और प्रदेश के मुख्यमंत्री की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जो नहरें और माइनर पिछले 25 सालों से सूखी थीं, उनमें मनोहर लाल ने पानी पहुंचाने का काम किया है। प्रदेश में पर्ची और खर्ची सिस्टम बंद करने का श्रेय भी मनोहर लाल और उनकी टीम में शामिल विधायकों को जाता है।
बेशक बैंकॉक, वियतनाम और थाइलैंड से मेरे लिए इंपोर्ट कर लो गालियां
नरेंद्र मोदी के संबोधन में रडार पर कांग्रेस ही रही। उन्होंने कहा कि देशहित में लिए फैसलों को लेकर कांग्रेसी मुझे गालियां देते हैं, लेकिन इससे मुझे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि बेशक कांग्रेसी बैंकॉक, वियतनाम और थाइलैंड से मेरे लिए गालियां इंपोर्ट कर लें।
राजनीति होती रहती है, देशहित सर्वोच्च
नरेंद्र मोदी ने कहा कि राजनीति तो होती रहती है, चुनाव आते-जाते रहते हैं। राजनीति अपनी जगह है, लेकिन देशहित सर्वोच्च है। देश अजर-अमर रहना चाहिए। उससे बढ़कर कुछ नहीं होता। लोकसभा चुनाव में हमने कहा था कि राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करेंगे। देश की एकता व अखंडता को नई ताकत दी जाएगी। 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करेंगे। धर्मनगरी से वह कह सकते हैं कि बहुत कम समय में ये वादे जमीन पर उतरना शुरू हो चुके हैं।
नई खुशियां लेकर आएगा यह प्रकाश पर्व
प्रधानमंत्री ने कहा कि धर्मनगरी में इस बार ऐसे समय में आया हूं, जब पूरा देश श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व की तैयारियों में जुटा हुआ है। व्यापक प्रबंध आयोजनों को लेकर किए जा रहे हैं। गुरुस्थान को जोड़ने वाला करतारपुर कॉरिडोर भी पूरा होने जा रहा है। जल्दी यह शुरू हो जाएगा। इस बार का प्रकाश पर्व नई खुशियां लेकर आएगा।