जजपा का घोषणापत्र जारी, लड़कियों को पीएचडी तक मुफ्त शिक्षा, गांवों मे शराब ठेके बंद करने का वादा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा विधानसभा चुनाव के अंतिम दौर में जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने भी अपना जन सेवा पत्र जनता के समक्ष पेश कर दिया है। पार्टी ने किसानों, युवाओं, कर्मचारियों, महिलाओं और एससी-पिछड़ा वर्ग पर फोकस किया है। इनेलो और भाजपा पहले ही अपने संकल्प और घोषणा पत्र जारी कर चुकी हैं।
जजपा ने जनता से 160 वादे किए हैं। सत्ता में आने पर पार्टी लड़कियों को पहली से पीएचडी तक मुफ्त शिक्षा देगी। गांवों में शराब के ठेकों को बंद किया जाएगा। बुजुर्गों, विधवाओं, विकलांग को 51 सौ रुपये पेंशन दी जाएगी, महिलाओं को 55 और पुरुषों को 58 साल से मिलेगी। नौकरी मिलने तक शिक्षित बेरोजगारों को 11 हजार रुपये भत्ता दिया जाएगा।
किसानों को स्वरोजगार के लिए जमीन का सीएलयू निशुल्क मिलेगा। घोषणा पत्र को जजपा के वरिष्ठ नेता व राष्ट्रीय महासचिव केसी बांगड़ ने जारी किया। बांगड़ ने कहा कि हरियाणा प्राकृतिक संसाधनों और साधनों से परिपूर्ण है। इस लिहाज से यह बहुत ही उन्नत प्रदेश होना चाहिए था। राजनीतिक परिस्थितियां उसमें रोड़ा बनी।
मौजूदा समय में आपसी सौहार्द छिन्न-भिन्न हो चुका है। तीन बार प्रदेश जला, 80 से अधिक युवाओं की जान गई। बांगड़ ने कहा कि सत्ता में आने पर प्रदेश को ताऊ देवीलाल के सपनों का हरियाणा बनाएंगे। जजपा को पूर्ण बहुमत मिलने की आस है। अगर सीटें कम रहीं तो परिस्थितियों के हिसाब से राजनीतिक निर्णय लेंगे।
जन सेवा पत्र के मुख्य बिंदु
. हरियाणा की सभी नौकरियों में से 75 प्रतिशत हरियाणवियों के लिए आरक्षित।
. फसल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 10 प्रतिशत या 100 रुपये बोनस दिया जाएगा।
. ग्रामीण बच्चों को नौकरी की परीक्षाओं में 10 अंक अतिरिक्त दिए जाएंगे।
. कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन नीति बहाल की जाएगी।
. हर गांव में आरओ का शुद्ध पानी उपलब्ध करवाया जाएगा।
. कुरुक्षेत्र में संत रविदास का देश का सबसे बड़ा भव्य मंदिर बनाएंगे।
. मोटर व्हीकल एक्ट में बदलाव कर चालान की दरों को कम किया जाएगा।
. नौकरी के लिए परीक्षाएं गृह जिले में ही होंगी और सालाना फीस सिर्फ 100 रुपये रहेगी।
. काला पीलिया, कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों का मुफ्त इलाज होगा।
. निगम, बोर्ड के चेयरमैन, सदस्य, ओएसडी, वीसी, रजिस्ट्रार आदि हरियाणा निवासी ही बनाए जाएंगे।
. गांवों और शहरों में कोचिंग सेंटर और महानगरों में छात्रों के लिए हरियाणा हॉस्टल बनाएंगे।
. नवोदय विद्यालय की तर्ज पर किसान मॉडल स्कूल खोलेंगे।
. जींद में शहीद भगत सिंह की देश की सबसे बड़ी प्रतिमा लगाई जाएगी।
. एससी कमीशन, पिछड़ा वर्ग कल्याण बोर्ड का गठन किया जाएगा।
. निजी स्कूलों की फीस बढ़ोतरी पर नियंत्रण किया जाएगा।
. सेक्टरों में प्लॉट पर एनहांसमेंट का बोझ मकान मालिक पर नहीं डाला जाएगा।
. दिव्यांगों, गरीबों, एससी वर्ग व अन्य जरूरतमंद लोगों को 3 लाख रुपये का ब्याज मुक्त बिना गारंटी लोन।
. गृहिणी माताओं को बच्चों के पोषण और लालन-पालन के लिए 3000 रुपये तक मासिक मानदेय देंगे।
. सरपंचों को 8000, पंचों को 3000, पंचायत समिति सदस्यों को 4000 और जिला पार्षद को 10000, नंबरदार को 5000 रुपये मासिक भत्ता देंगे।
. किसानों, छोटे दुकानदारों का सहकारी बैंकों का कर्ज माफ होगा और जमीन की नीलामी बंद होगी।
. न्यूनतम वेतन 16 हजार रुपये और दिहाड़ी 600 रुपये की जाएगी।
. सरकारी कर्मचारियों को एचआरए 1 जनवरी 2017 से दिया जाएगा।