फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Haryana Assembly Elections 2019, Congress Manifesto

हरियाणा विस चुनावः कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी, सरकार बनने पर 24 घंटे में कर्ज माफी का वादा

Sat, 12 Oct 2019 09:01 AM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: खुशबू गोयल Updated Sat, 12 Oct 2019 09:01 AM IST
विज्ञापन
Haryana Assembly Elections 2019, Congress Manifesto
घोषणा पत्र जारी करतीं कुमारी सैलजा - फोटो : एएनआई
हरियाणा की सत्ता पाने के लिए कांग्रेस ने ‘संकल्प हमारा, खुशहाल हरियाणा’ के नारे के साथ अपना संकल्प पत्र शुक्रवार को जनता की अदालत में पेश कर दिया। बीस पन्नों के संकल्प पत्र में 17 प्रमुख एजेंडे शामिल कर कांग्रेस ने दिल खोलकर वादे किए हैं। नारी, किसान, नौजवान, बुजुर्गों और कर्मचारियों पर विशेष फोकस किया गया है। 
विज्ञापन


कांग्रेस सत्ता में आने पर महिला उत्थान, दलित व पिछड़ा समाज को अधिकार, युवा और रोजगार, किसान, शिखा, सेहतमंद हरियाणा, सिंचाई, उद्योग व व्यापार, कानून व्यवस्था, कर्मचारी, मजदूर वर्ग, बिजली, रेल व मेट्रो, पर्यावरण, सामाजिक सुरक्षा, सैनिक, अर्ध सैनिक, पुलिस सम्मान सहित अनेक क्षेत्रों में काम करेगी।
विज्ञापन


संकल्प पत्र को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम नबी आजाद, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा, सीएलपी लीडर भूपेंद्र सिंह हुड्डा, घोषणा पत्र कमेटी चेयरमैन किरण चौधरी, सह चेयरमैन आफताब अहमद व सदस्य सुरेश गुप्ता ने जारी किया। 
विज्ञापन
विज्ञापन

कांग्रेस ने सरकार बनते ही महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 33 फीसदी आरक्षण और 24 घंटे में किसान कर्ज माफी का बड़ा वादा किया है। साथ ही कर्मचारियों की पुरानी पेंशन नीति दोबारा लागू की जाएगी। कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 60 वर्ष होगी। निजी संस्थानों में भी महिलाओं को आरक्षण मिलेगा।

दो एकड़ तक के किसानों और 300 यूनिट तक घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने फ्री बिजली मिलेगी। वृद्धावस्था पेंशन 5100 रुपये करने का वादा भी किया गया है। साथ ही पंचायती राज चुनाव लड़ने के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता खत्म करने की बात कही है। मॉब लिंचिंग को लेकर कड़ा कानून बनाया जाएगा।

हम काम में हीरो, प्रचार में जीरो : आजाद
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने कहा कि हरियाणा चुनाव के लिए पार्टी ने क्रांतिकारी संकल्प पत्र तैयार किया है। इसमें हर वर्ग का ख्याल रखा है। आधी आबादी को पूरा मान-सम्मान देने का प्रयास कांग्रेस का सत्ता में आने पर रहेगा। पार्टी को सरकार बनाने का पूरा विश्वास है।

संकल्प पत्र में शामिल हर वादा पूरा करेंगे। यूपीए-वन व टू ने भी बेहतरीन काम किया था, लेकिन प्रचार नहीं हो पाया। कांग्रेस काम में हीरो और प्रचार में जीरो है, जबकि दूसरी पार्टियां काम में जीरो और प्रचार में हीरो हैं। हम जमीन पर काम करते हैं, टीवी पर नहीं।

 

घोषणा पत्र में कांग्रेस के बड़े वादे

. पंचायती राज संस्थाओं में भी 50 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को मिलेगा।
. रोडवेज में महिलाओं को मुफ्त यात्रा। महिलाओं के लिए अलग बसें चलाई जाएंगी, जिनमें महिला चालक परिचालक होंगी।
. महिलाओं को शहरी निकायों में भी 50 फीसदी आरक्षण।
. गर्भवती महिलाओं को बच्चे के जन्म तक 3500 रुपये हर माह व उसके बाद पांच साल तक 5 हजार दिए जाएंगे।
. बीपीएल महिलाओं को हर महीने 2 हजार रुपये चूल्हा खर्च।
. एससी छात्रों को वजीफा दिया जाएगा।
. एससी वर्ग के पहली से दसवीं कक्षा तक के मेधावी छात्रों को 12 हजार रुपये सालाना मिलेंगे।
. 11-12वीं के मेधावी एससी छात्रों को 15 हजार देंगे।
. एससी की क्रीमीलेयर सीमा 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख सालाना की जाएगी।
. पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे।
. एससी कमीशन दोबारा बनेगा।
. बेरोजगार स्नातक को 7 हजार, एमए पास को 10 हजार बेरोजगारी भत्ता देंगे।
. हरियाणा के युवाओं को निजी उद्योगों की नौकरियों में 75 प्रतिशत आरक्षण।
. कर्जमाफी में भूमिहीन किसानों को भी लाभ देंगे।
. प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होने पर 12 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देंगे।
. फसल बीमा योजना में किसानों का प्रीमियम सरकार देगी।
. किसान को फसल के एक-एक दाने का एमएसपी मिलेगा।
. शिक्षक भर्ती के लिए विशेष अभियान चलाएंगे।
. हर गांव और ढाणी तक एंबुलेंस सुविधा।
. हर ब्लॉक स्तर पर नशा छुड़ाओ केंद्र खोलेंगे, मरीजों को मुफ्त इलाज।
. पहली जनवरी 2016 से कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का लाभ।
. मजदूरों का न्यूनतम वेतन बढ़ाएंगे।
. 300 यूनिट से अधिक बिजली खर्च करने पर आधा रेट लगेगा।
. नए मोटरवाहन कानून में भारी भरकम जुर्माना वसूली को संशोधन कर खत्म करेंगे।
. जूनियर व सीनियर खिलाड़ियों के लिए खास नीति बनाएंगे।
. रोडवेज किलोमीटर स्कीम खत्म करेंगे, 2000 बसें रोडवेज बेड़े में शामिल होंगी।
. प्रदेश के विकलांगों को मानदेय देने का वादा।
. गरीबों के लिए हर तहसील पर इंदिरा रसोई खोली जाएंगी, दस रुपये थाली मिलेगी।

. बुजुर्गों को भी रोडवेज में मुफ्त यात्रा।
. गरीब को 2 रुपये किलो की दर से चावल व गेहूं मिलेगा।
. पंचायत व निकाय प्रतिनिधियों का मानदेय बढ़ेगा।
. घोटालों की जांच के लिए एसआईटी बनेगी।
. मॉब लिंचिंग पर कड़ा कानून बनाएंगे।
. अपराधी साबित हो चुके व्यक्ति नौकरियों के लिए अयोग्य घोषित होंगे।
. प्रदेश को अपराध मुक्त करने का वादा।
. इंस्पेक्टर राज खत्म किया जाएगा।
. एसवाईएल का निर्माण कराने का वादा।
. दादुपुर नलवी नहर दोबारा बनाई जाएगी।
. हर व्यक्ति को स्वास्थ्य कार्ड, गरीबों को मुफ्त उपचार।
. नशे में लिप्त अपराधियों को पकड़ने के लिए एसटीएफ।
. हर जिले में एक यूनिवर्सिटी और मेडिकल कॉलेज बनेगा।
. हर सरकारी संस्था में मुफ्त वाई फाई जोन बनेंगे।
. किसान मंडी शुल्क दो से घटाकर 1 फीसदी किया जाएगा।

आजाद ने 370 व तंवर के सवाल का दिया गोलमोल जवाब
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने भाजपा के अनुच्छेद-370 को मुद्दा बनाने और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर के आरोपों का सीधा जवाब नहीं दिया। आजाद ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 370 कोई अनछुआ मुद्दा नहीं था। अब उसमें परिवर्तन किया जा चुका है और कानून बन चुका है। उस पर राजनीति की जरूरत नहीं है। तंवर के 22 टिकटें बेचने के आरोपों को लेकर बोले कि जब शत्रुघ्न सिन्हा और पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाते थे तो पीएम को किसी ने क्यों नहीं पूछा कि आपको ऐसा कहा जा रहा है।

कांग्रेस के संकल्प-पत्र पर प्रतिक्रियाएं

फिर छलने चली कांग्रेस : जवाहर यादव
भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के संकल्प पत्र को एक हारे, नकारे और भ्रम के चक्रव्यूह में फंसे हुए राजनीतिक दल का छलावा पत्र करार दिया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता जवाहर यादव ने कहा कि हताश और संगठनात्मक विघटन का शिकार होने के बावजूद सत्ता में वापसी के लिए छटपटा रही कांग्रेस अव्यवहारिक और लोकलुभावने वादे कर मध्यप्रदेश व राजस्थान की तरह हरियाणा के मतदाताओं को छलने का इरादा रखती है। 

पिछले पांच साल के दौरान बगैर जातीय भेदभाव और क्षेत्रवाद से मुक्त राजकाज देख चुकी हरियाणा की जनता पहले कई बार परखी जा चुकी कांग्रेस के बहकावे में कतई नहीं आएगी। कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कांग्रेस नेतृत्व इस दस्तावेज को इसलिए लाया है कि वह जानता है कि ना नौ मण तेल होगा, ना राधा नाचेगी।

कांग्रेस ने हरियाणा को लूटने का संकल्प ले रखा : अभय
इनेलो नेता अभय चौटाला ने कहा कि कांग्रेस का संकल्प पत्र ढकोसला है। यह लोगों की भलाई के लिए नहीं है । अगर ये लोग भला चाहते तो 10 साल सत्ता में रहकर बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर कानून बनाते। कांग्रेस की भ्रष्ट नीतियों ने भारत को विश्वपटल पर बदनाम किया है। इन्होंने तो हरियाणा के लोगों को लूटने का संकल्प लिया हुआ है।

मुंगेरी लाल के हसीन सपनों का पुलिंदा : योगेंद्र यादव
 स्वराज इंडिया के नेता योगेंद्र यादव ने कहा कि किसी संकल्प को पूरा करने की कार्य योजना की झलक भी कांग्रेस के संकल्प पत्र में नहीं है। वादों को पूरा करने में होने वाले खर्च का कोई लेखा जोखा नहीं। खर्च पूरा करने के लिए आमदनी कहां से आएगी, क्या इनमें से कोई संकल्प पूरा हो पाएगा। असल में यही है कांग्रेस कल्चर है, जनता को बहलाओ।

कांग्रेस ने संकल्प पत्र में शामिल की जजपा की घोषणाएं : दुष्यंत
जजपा नेता दुष्यंत चौटाला ने कांग्रेस के संकल्प पत्र पर चुटकी ली है। उन्होंने कहा कि 100 साल पुरानी कांग्रेस पार्टी ने 10 महीने पुरानी जननायक जनता पार्टी से सीखना शुरू कर दिया है। जजपा की सभी मुख्य घोषणाओं को कांग्रेस ने अपने संकल्प पत्र में शामिल किया है। हरियाणा में 32 साल राज करने वाली पार्टी को नई घोषणाओं से पहले अपनी विफलताओं के लिए माफी मांगनी चाहिए। हुड्डा सरकार के दस साल के कार्यकाल में उनकी 2005 और 2009 की लगभग 50 घोषणाएं सरकार जाने तक अधूरी रहीं।

कांग्रेस का संकल्प पत्र झूठ का पुलिंदा : जयहिंद
आम आदमी पार्टी प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कांग्रेस के संकल्प पत्र को झूठ का पुलिंदा बताया है। उन्होंने कहा कि जो घोषणाएं कांग्रेस ने राजस्थान, पंजाब या मध्य प्रदेश में की हैं, उनमें से किसी भी प्रदेश में लागू नहीं हुई है। कांग्रेस ने केजरीवाल के कामों की नकल की है, जिससे काम नहीं चलने वाला। जनता अब कांग्रेस के बहकावे में नहीं आने वाली। दस का कार्यकाल जनता ने देखा है। 

कांग्रेस के संकल्प पत्र से बनेगा नया हरियाणा : गर्ग
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता बजरंग गर्ग ने कहा कि पार्टी के संकल्प पत्र से नया हरियाणा बनेगा। कांग्रेस के सत्ता में आने पर हर वर्ग को राहत मिलेगी। कांग्रेस पार्टी जो कहती है, वह करती है। भारतीय जनता पार्टी तो सिर्फ झूठी घोषणाओं की सरकार है, जिन्होंने 2014 में जो भी घोषणा की, उसमें एक भी घोषणा को पूरा नहीं किया।

अंबाला में नई आईएमटी, व्यापार व उद्योग आयोग बनाएंगे

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा है कि सत्ता में आने पर अंबाला में नई आईएमटी स्थापित की जाएगी। प्रदेश में व्यापार व उद्योग आयोग का गठन करेंगे। घरेलू और लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष नीति बनाई जाएगी। प्लाईवुड इंडस्ट्री जगाधरी यमुनानगर को पुनर्जीवित करेंगे। वह यहां पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खेत में काम करते समय किसान की मृत्यु होने पर पांच लाख रुपये व खेती मजदूर की मृत्यु पर तीन लाख रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता देगी।

किसान के बच्चों के लिए नवोदय विद्यालयों की तर्ज पर हर तहसील में किसान मॉडल स्कूल बनाएंगे। किसानों को ट्यूबवेल के लिए बिजली कनेक्शन प्राथमिकता पर देंगे। किसानों की फसल पर प्रति एकड़ खरीद सीमा को हटाया जाएगा, किसान का एक-एक दाना खरीदेंगे। किसानों को प्रति क्विंटल पराली के हिसाब से मुआवजा दिया जाएगा। पराली न जलने पर वातावरण भी स्वच्छ रहेगा। शैक्षणिक रूप से पिछड़े इलाकों में लड़कियों के लिए 12वीं तक के आवासीय स्कूल बनाए जाएंगे।

हरियाणा पात्रता परीक्षा एक बार पास करने के बाद नौकरी लगने तक मान्य होगी। नौकरी से हटाए गए शिक्षा प्रेरकों की बहाली होगी। उन्हें शिक्षा समेत अन्य विभागों में समायोजित किया जाएगा। हरियाणा के खिलाडियों के उत्थान व प्रोत्साहन के लिए स्पोर्टस यूनिवर्सिटी का निर्माण भिवानी में करेंगे। यमुनानगर में हॉर्टीकल्चर एवं फॉरेस्टरी यूनिवर्सिटी स्थापित की जाएगी। जीएसटी का सरलीकरण किया जाएगा, किसानों की खेती के उपकरणों और शिक्षा की आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी खत्म करने के लिए कदम उठाए जाएंगे।

 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed