हरियाणा विस चुनावः कांग्रेस के बाद इनेलो ने जारी किया घोषणा पत्र, पढ़ें घोषणाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस व स्वराज इंडिया पार्टी के बाद शनिवार को इंडियन नेशनल लोकदल का घोषणा पत्र-2019 भी पेश कर दिया गया है। इस घोषणा पत्र में इनेलो ने 8 पेजों में 13 एजेंडों के अंतर्गत इनेलो ने जनता से 111 वादे किए हैं। इसमें 25 वादों को इनेलो अपने प्रमुख वादे मान रही है, जिन्हें इनेलो की सरकार आते ही पूरा करने का दावा किया जा रहा है।
इनेलो के इस घोषणा पत्र में मुख्य फोकस किसानों, खिलाड़ियों, व्यापारियों और गरीबों पर रखा गया है। इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष बीरबल दास ढालिया ने चंडीगढ़ स्थित इनेलो के प्रदेश कार्यालय में इस घोषणापत्र को सार्वजनिक किया।
यह है इनेलो के प्रमुख वादे
- ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 11 करोड़, रजत पदक जीतने वाले को 8 करोड़ व कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 5 करोड़ मिलेंगे।
- किसानों को स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार 50 प्रतिशत मुनाफे के आधार पर न्यूनतम समर्थन मूल्य मिलेगा।
- किसानों एवं छोटे व्यापारियों के 10 लाख रुपए तक के कर्जे माफ होंगे।
- किसानों के ट्यूबवेल का बिजली बिल पूरा माफ होगा और घरेलू उपभोक्ताओं का 200 यूनिट तक का बिल माफ।
- गरीब लड़कियों की शादी के उपरांत पांच लाख रुपए का कन्यादान।
- छात्राओं को उच्च शिक्षा भी पूरी तरह से निशुल्क दी जाएगी।
- बेरोजगार युवाओं को 15 हजार रुपए प्रतिमाह तक का बेरोजगारी भत्ता।
- ‘बुढ़ापा सम्मान पेंशन’ को 5000 रुपए प्रति माह।
- ट्रैक्टरों एवं कृषि यंत्रों, बीज-खाद एवं कीटनाशकों पर लगे जीएसटी को हटाया जाएगा, ट्रैक्टरों का पंजीकरण निशुल्क होगा।
- शहीद सैनिकों के परिवारों को 200 गज के प्लॉट में दो कमरों का मकान।
- राज्य में 35 से लेकर 60 वर्ष की आयु तक बेरोजगार और गरीब महिलाओं को दो हजार रुपए प्रति माह भत्ता।
- एडहॉक तथा ठेके पर कार्यरत कर्मचारियों को 58 साल की आयु तक उनके पदों से नहीं हटाया जाएगा।
- निजी कंपनियों के रोजगार में राज्य के युवाओं की भागीदारी 75 प्रतिशत सुनिश्चित करने को कनून।
- ग्रामीण सफाई कर्मचारी तथा चौकीदारों को कम से कम 18 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन।
ओपी और अभय के बिना ही जारी हुआ घोषणा पत्र
घोषणा पत्र जारी करने के दौरान न तो इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला थे और न ही इनेलो के राष्ट्रीय नेता अभय चौटाला। प्रदेशाध्यक्ष बीडी ढालिया समेमत पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव आरएस चौधरी, पार्टी की नीति एवं कार्यक्रम समिति के अध्यक्ष डॉ. एमएस मलिक, प्रमुख प्रवक्ता डॉ. सतबीर सिंह सैनी, जोगीराम, कार्यालय सचिव स. एमएस मल्हान और डॉ. सतबीर चौधरी ने ही घोषणा पत्र जारी किया।
बीडी ढालिया ने बताया कि प्रचार को दिन बहुत कम बचे हैं और अभय चौटाला के शनिवार को कई जनसभाएं थी, लिहाजा वे नहीं पहुंच पाए, वैसे भी घोषणा पत्र जारी करने की मुख्य जिम्मेदारी प्रदेश इकाई की होती है।