INTERVIEW: 'दयावान' से 7 सवाल, जानिए जवाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में बठिंडा और अमृतसर के बाद गुरदासपुर लोकसभा हलका भी प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है।
भाजपा की ओर से अभिनेता विनोद खन्ना चुनावी मैदान में हैं, वहीं हलके में कांग्रेस की ओर से प्रदेश प्रधान प्रताप सिंह बाजवा के लिए अपनी सीट बचाना प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है।
इसके अलावा आम आदमी पार्टी की ओर से पूर्व विधायक सुच्चा सिंह छोटेपुर को टिकट देने से मुकाबला तिकोना हो गया है।
चुनावी मुद्दों के बारे में ये कहा
सवाल : आप किन किन मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ रहे हैं?
उत्तर: देश में सबसे बड़ा मुद्दा तो भ्रष्टाचार और महंगाई का है। देश का विकास हो, विदेशों से काला धन वापस कैसे लाया जाए, भ्रष्टाचार और महंगाई से आम जनता मुक्ति चाहती है, यह सब मुद्दे चुनाव में प्रभावशाली हैं। देश की विदेश नीति को मजबूत बनाना और सेना के साजो सामान की खरीदारी में कमीशनबाजी भ्रष्टाचार में शामिल हैं। अभी हेलीकाप्टर सौदे में कमीशनबाजी सबके सामने आई है।
ऐसे कई भ्रष्टाचार के मामले हैं, जिन्हें आज खत्म करने की जरूरत है। विदेशों से काला धन वापस लाया जाएगा। विदेशी बैंकों ने लोगों की लिस्ट दी है जिनका पैसा उनके पास जमा है। उसकी लिस्ट केंद्र सरकार को दी गई है, लेकिन जान बूझकर सरकार मामले को लटका रही है।
चुनाव मिशन को लेकर ये बोले
सवाल: विपक्ष आपको पैराशूट लीडर बताता है?
उत्तर: कांग्रेस प्रत्याशी व पंजाब प्रधान प्रताप बाजवा को पैराशूट का मतलब भी पता है। पैराशूटर वह होता है जिसे एक विशेष मिशन के लिए भेजा जाता है और वह गुरदासपुर में खास मिशन लेकर आए हैं जो जनता की भलाई और विकास का मिशन है।
इस मिशन को पूरा करके ही रहेंगे। इसमें बाजवा का भी कोई कसूर नहीं है, उन्हें दिल्ली के जश्नों वाली पार्टियों से फुर्सत मिले तो उन्हें पता चले कि वह पठानकोट में अपने घर रह रहे हैं। प्रताप सिंह बाजवा खुद पांच साल अपने लोकसभा क्षेत्र में कभी नजर नहीं आए।
पंजाब के विकास पर ऐसा कहा
सवाल: पंजाब में एंटी इंकमबेंसी फैक्टर काफी हावी है, उससे आपको कोई नुकसान होगा?
उत्तर: नेशनल चुनाव हो रहे हैं, इसमें लोकल मुद्दे हावी नहीं होते हैं। वैसे बादल साहब ने पंजाब में काफी विकास कराया है, लोगों को सस्ता अनाज मुहैया कराया है, किसानों को बिजली सप्लाई दी जा रही है।
इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए इंडस्ट्रियलिस्ट का समिट कराकर उनसे पंजाब में निवेश के लिए प्रस्ताव मांगे गए हैं। बादल साहब ने हर तरह से पंजाब की तरक्की के लिए कोशिश की है। उसका चुनाव में जरूर फायदा मिलेगा।
नरेंद्र मोदी के बारे में ये हैं विचार
सवाल: मोदी की हवा से पंजाब में माहौल कैसा है?
उत्तर: पंजाब में ही नहीं पूरे देश में मोदी की पूरी हवा चल रही है और लोग आज बदलाव चाहते हैं। लोग कांग्रेस से तंग आ चुके हैं इसीलिए मोदी को याद किया जा रहा है जो देश को तरक्की की राह पर ले जा सकते हैं। इसीलिए जनता मोदी को वोट डालकर जरूर जीत दिलाएगी, ऐसा मेरा मानना है।
गुरदासपुर का ऐसे करेंगे विकास
सवाल: सत्ता में आने पर गुरदासपुर हलके में कौन-कौन सी प्राथमिकताएं होंगी?
उत्तर: गुरदासपुर में पर्यटन और इंडस्ट्री को खूब बढ़ावा दिया जाएगा। टूरिज्म हब बनाया जाएगा और सेंटर के प्रोजेक्टों को गुरदासपुर में लाने का प्रयास किया जाएगा। गुरदासपुर हलके में विकास के लिए रोड मैप तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री बादल के बारे में बात की
सवाल: बाजवा मुख्यमंत्री बादल पर प्रोजेक्ट हथियाने के आरोप लगाते हैं, ऐसा क्यों?
उत्तर: असल में कांग्रेस ने पंजाब के साथ सौतेला व्यवहार किया है। बादल साहब ही कहते हैं कि बाजवा साथ देते तो केंद्र से उनसे भी दोगुने प्रोजेक्ट पंजाब को लाकर देते। बाजवा दिल्ली में खुद प्रोजेक्टों को रुकवाते थे।
उनका मकसद 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री बनने का है, लेकिन उन्हें पता नहीं है कि अगले 25 साल तक बादल सरकार को कोई गिरा नहीं सकता है।
आम आदमी पार्टी के बारे में ये सोचते हैं
सवाल: आम आदमी पार्टी को किस नजरिये से देखते हैं?
उत्तर: वे दिल्ली से निकलकर आए हैं और नई पार्टी बनी है। पंजाब में अभी तक उनका कोई असर नहीं है। थोड़ा बहुत असर जो होगा चुनाव में दिख जाएगा।