गुलदाउदी शो जीतना है तो कर लो तैयारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुलदाउदी के खूबसूरत फूलों के सम्मोहन से भला कौन बच सकता है। हर कोई चाहता है कि उसके बगीचे में शानदार फूल खिलें और वह टैरेस गार्डन में होने वाले शो में बाजी मार ले।
सेक्टर-33 में हर साल की तरह इस बार भी दिसंबर के दूसरे सप्ताह में गुलदाउदी शो होगा। नगर निगम के हॉर्टिकल्चर विभाग ने इस बार 12 हजार पौधे इस शो के लिए उगाए हैं जिन्हें इन दिनों तैयार किया जा रहा है। इस शो की प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक भी अपनी तैयारियों में जुट गए हैं।
वैसे तो गुलदाउदी के लिए मदर प्लांट लगाने का काम फरवरी में ही शुरू हो जाता है। मदर प्लांट आप गमलों और क्यारियों में लगा सकते हैं। मदर प्लांट में पौधों का झुंड जून तक तैयार हो जाता है।
जून के आखिरी सप्ताह में जब मानसून नजदीक होता है, यह वह समय होता है, जब आप मदर प्लांट के झुंड से जड़ से पौधों को काट कर मिट्टी में रोप दें।
करीब एक महीने बाद मिट्टी में दबे इन पौधों से जड़ें निकल आती हैं। जड़ें बनने के बाद अब यह समय है कि आप इन्हें मिट्टी से निकाल कर अलग-अलग गमलों में लगा दें।
अच्छे फूलों के लिए टिप्स
बीस दिन बाद डालें खाद : गमले में गुलदाउदी के पौधे बढ़ने के लिए तैयार हैं। अगस्त का महीना उन्हें बेहतर खाद-पानी देने के लिए है। इसके लिए यूरिया, डीएपी, बॉनविल और नीमखड़ी खाद का मिश्रण बनाकर 20 से 25 दिनों के अंतराल में गमले में डालना चाहिए। पानी जरूरत के मुताबिक ही दें। ज्यादा पानी से पौधा मुरझा सकता है।
कीटों से बचाएं : गुलदाउदी के पौधों पर कीट बहुत जल्दी लग जाते हैं। इन्हें कीड़ों से बचाने के लिए मैलाथीन, रोवर, बविस्टन और इक्यूलक्स दवाओं का स्प्रे करना चाहिए। कीटनाशक स्प्रे केवल धूप में ही करें।
ऐसे मिलेंगे ज्यादा फूल : पौधे जब विकसित होने लगे तो उनकी कटिंग करनी चाहिए। कटिंग करने से एक पौधे से काफी शाखाएं बन जाती हैं। जितनी ज्यादा शाखाएं बनेंगी उतने ज्यादा फूल खिलेंगे। अक्तूबर महीने में पौधों से कलियां निकलने लगती हैं। इसलिए जरूरी है कि कटिंग का काम आप सितंबर के शुरुआती सप्ताह तक खत्म कर लें। नवंबर के दूसरे सप्ताह तक फूल खिलने लग जाते हैं।
ये बरतें सावधानियां
- पौधे की रोज देखभाल करें
- हफ्ते बाद गमले की जगह बदलते रहें
- गमले को ज्यादा से ज्यादा धूप में रखें
- गमले में पानी न खड़ा होने दें, पानी से पौधा मुरझा जाएगा
गुलदाउदी के खूबसूरत फूल सिर्फ दो महीने ही दिखते हैं मगर उसके पौधे की देखभाल आपको सालभर बच्चे की तरह करनी होती है। अगर आप भी चाहते हैं कि आपके बगीचे में गुलदाउदी के पौधे दिसंबर में खूबसूरत फूलों से लदे दिखें तो उन पर थोड़ा ध्यान दें। यह वक्त उसकी तैयारी का है।
-हंसराज सिंह, सुपरवाइजर, टैरेस गार्डन, सेक्टर-33, चंडीगढ़